होम / टीवी / DNPA कॉन्क्लेव 2026: टेक्नोलॉजी और रेगुलेशन के दौर में डिजिटल मीडिया का नया रोडमैप
DNPA कॉन्क्लेव 2026: टेक्नोलॉजी और रेगुलेशन के दौर में डिजिटल मीडिया का नया रोडमैप
डिजिटल न्यूज पब्लिशर्स एसोसिएशन (DNPA) की चेयरपर्सन और मनोरमा ऑनलाइन की सीईओ मरियम मैमन मैथ्यू ने गुरुवार को DNPA कॉन्क्लेव की शुरुआत की।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 hour ago
डिजिटल न्यूज पब्लिशर्स एसोसिएशन (DNPA) की चेयरपर्सन और मनोरमा ऑनलाइन की सीईओ मरियम मैमन मैथ्यू ने गुरुवार को DNPA कॉन्क्लेव की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल दुनिया में तेजी से हो रहे बदलाव न्यूज इंडस्ट्री को पूरी तरह बदल रहे हैं। अब खबरें कैसे बनाई जाएंगी, कैसे लोगों तक पहुंचेंगी, लोग उन्हें कैसे ढूंढेंगे और उनसे कमाई कैसे होगी, इन सब तरीकों में बड़ा बदलाव आ रहा है।
तीसरे वार्षिक स्टोरीबोर्ड18 DNPA कॉन्क्लेव 2025 में बोलते हुए, जिसकी थीम थी “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में मीडिया का बदलाव”, मैथ्यू ने कहा कि डिजिटल पत्रकारिता इस समय एक अहम मोड़ पर खड़ी है। AI, डेटा गवर्नेंस के नए नियम, प्लेटफॉर्म की बदलती अर्थव्यवस्था और दर्शकों की बदलती आदतें- ये सभी मिलकर मीडिया की दिशा तय कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत अब AI को लेकर एक आगे की सोच वाला रेगुलेटरी फ्रेमवर्क लागू करने की तैयारी कर रहा है, ऐसे में सरकार और इंडस्ट्री के बीच बातचीत बहुत जरूरी और सही समय पर हो रही है।
मरियम मैमन ने बताया कि DNPA ने यह सुनिश्चित करने की कोशिश की है कि भरोसेमंद डिजिटल पब्लिशर्स की आवाज इस बदलाव के केंद्र में रहे। एसोसिएशन ने सरकार के साथ कई अहम नीतिगत चर्चाओं में हिस्सा लिया है, जिनमें डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन फ्रेमवर्क, जेनरेटिव AI, कॉपीराइट और डिजिटल न्यूज से जुड़े अन्य नियम शामिल हैं। उन्होंने साफ कहा, “मजबूत AI के लिए मजबूत और भरोसेमंद पत्रकारिता जरूरी है।” उनका कहना था कि टेक्नोलॉजी आगे बढ़े, लेकिन उसकी नींव भरोसे और संपादकीय ईमानदारी पर ही टिकनी चाहिए।
उन्होंने यह भी बताया कि DNPA ने अपने सदस्यों के बीच आपसी सहयोग को और मजबूत किया है। संगठन ट्रैफिक बढ़ाने, कमाई के टिकाऊ मॉडल बनाने, न्यूजरूम में AI टूल्स अपनाने और नए इनोवेशन के मौके तलाशने पर काम कर रहा है। वर्किंग ग्रुप, पॉलिसी डायलॉग और नॉलेज शेयरिंग के जरिए कोशिश की जा रही है कि इस बदलाव के दौर में कोई भी पब्लिशर अकेला न रहे।
मरियम मैमन ने जोर देकर कहा कि इस बड़े बदलाव के बीच सबसे अहम चीज ‘भरोसा’ है। DNPA ने नीति निर्माताओं, टेक्नोलॉजी लीडर्स, इंडस्ट्री पार्टनर्स और पब्लिशर्स को एक मंच पर लाकर सिर्फ समस्याओं पर चर्चा नहीं की, बल्कि मिलकर समाधान निकालने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि AI के दौर में टिकाऊ कमाई का मॉडल बनाना, बौद्धिक संपदा (इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी) की सुरक्षा करना और प्लेटफॉर्म पर निर्भरता कम करके अपने ट्रैफिक को मजबूत बनाना सबसे बड़ी चुनौतियां हैं।
डिजिटल न्यूज पब्लिशर्स एसोसिएशन भारत के 21 प्रमुख डिजिटल न्यूज पब्लिशर्स का प्रतिनिधित्व करता है। यह संस्था इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया जैसे संस्थानों के साथ अपने सदस्यों की ओर से बातचीत करती है और इंडस्ट्री में बेहतर कामकाज और आपसी सहयोग को बढ़ावा देती है।
टैग्स