होम / डिजिटल / DNPA कॉन्क्लेव में बोले अश्विनी वैष्णव- कंटेंट की जवाबदेही से नहीं बच सकते प्लेटफॉर्म्स
DNPA कॉन्क्लेव में बोले अश्विनी वैष्णव- कंटेंट की जवाबदेही से नहीं बच सकते प्लेटफॉर्म्स
दिल्ली में आयोजित डीएनपीए (डिजिटल न्यूज पब्लिशर्स एसोसिएशन) कॉन्क्लेव में डिजिटल मीडिया की बदलती दुनिया पर खुलकर चर्चा हुई।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 hour ago
दिल्ली में आयोजित डीएनपीए (डिजिटल न्यूज पब्लिशर्स एसोसिएशन) कॉन्क्लेव में डिजिटल मीडिया की बदलती दुनिया पर खुलकर चर्चा हुई। यहां मीडिया, टेक प्लेटफॉर्म और सरकार से जुड़े बड़े लोग एक मंच पर आए और बात की कि आगे डिजिटल न्यूज किस दिशा में जाएगी और सबकी जिम्मेदारी क्या होगी। इस मौके पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिक्स व आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने साफ कहा कि मीडिया, टेक कंपनियां और सरकार- तीनों को मिलकर काम करना होगा।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि जो भी प्लेटफॉर्म कंटेंट होस्ट करते हैं, उन्हें उस पर जिम्मेदारी लेनी ही पड़ेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि आज डिजिटल दुनिया में डीपफेक, फेक न्यूज और गलत सूचनाएं तेजी से फैल रही हैं, जो समाज और लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा बनती जा रही हैं। ऐसे में मीडिया और टेक कंपनियों का सबसे बड़ा काम है लोगों का भरोसा बनाए रखना।
उन्होंने AI से जुड़े कंटेंट पर भी अहम बात कही। उनका कहना था कि अगर किसी व्यक्ति को दिखाकर AI से कोई कंटेंट तैयार किया जाता है, तो उसकी साफ सहमति लेना जरूरी होना चाहिए। यह कदम डिजिटल सुरक्षा और लोगों के निजी अधिकारों की रक्षा के लिए बहुत जरूरी है।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पूरा समाज भरोसे पर चलता है। परिवार हो, समाज हो, न्यायपालिका, संसद या मीडिया- सभी भरोसे के स्तंभ हैं। मीडिया के लिए निष्पक्ष और जिम्मेदार रहना सबसे जरूरी है, लेकिन ऑनलाइन खतरों ने इसकी साख को चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ऑनलाइन सेफ्टी, बच्चों की सुरक्षा, सिंथेटिक कंटेंट पर रोक और खबरों की सच्चाई सुनिश्चित करना नीति बनाने के बड़े आधार होंगे।
इस साल कॉन्क्लेव की थीम थी- “The New World Order of News: Rewriting the Playbook for a Resilient Digital Future।” यानी डिजिटल भविष्य को मजबूत बनाने के लिए न्यूज की नई व्यवस्था तैयार करना। इसमें मीडिया और टेक्नोलॉजी में तेजी से हो रहे बदलाव, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के नए नियम, बदलते विज्ञापन और कमाई के मॉडल, नई साझेदारियां और न्यूज़रूम में AI की बढ़ती भूमिका जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
यह कॉन्क्लेव मीडिया हाउस, टेक कंपनियों, नीति-निर्माताओं और इंडस्ट्री के वरिष्ठ नेताओं को एक साथ लाने की कोशिश थी, ताकि मिलकर आगे की राह तय की जा सके।
डीएनपीए देश की बड़ी डिजिटल न्यूज संस्थाओं का प्रतिनिधित्व करने वाली प्रमुख इंडस्ट्री संस्था है। इसका मकसद भरोसेमंद पत्रकारिता को मजबूत करना, नैतिक मानकों को बनाए रखना और डिजिटल न्यूज क्षेत्र में संतुलित और टिकाऊ विकास को बढ़ावा देना है।
टैग्स