होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / NDTV World की कमान अब सीनियर मीडिया प्रोफेशनल नवीन कपूर के हाथों में
NDTV World की कमान अब सीनियर मीडिया प्रोफेशनल नवीन कपूर के हाथों में
अपनी इस भूमिका में वह ‘एनडीटीवी वर्ल्ड’ की संपादकीय दिशा का नेतृत्व करेंगे। नवीन कपूर को मीडिया के क्षेत्र में 25 साल से ज्यादा का अनुभव है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 hour ago
‘एनडीटीवी’ (NDTV ने नवीन कपूर को ‘एनडीटीवी वर्ल्ड’ (NDTV World) का एडिटर नियुक्त किया है। अपनी इस भूमिका में वह ‘एनडीटीवी वर्ल्ड’ की संपादकीय दिशा का नेतृत्व करेंगे। उनका फोकस चैनल के वैश्विक दृष्टिकोण को मजबूत करने, संपादकीय गुणवत्ता को और बेहतर बनाने तथा विश्वसनीय और स्वतंत्र पत्रकारिता की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने पर रहेगा।
कंपनी की ओर से जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, नवीन कपूर को मीडिया के क्षेत्र में 25 साल से ज्यादा का अनुभव है। वह देश के कई प्रभावशाली मीडिया संस्थानों की कोर लीडरशिप टीम का हिस्सा रहे हैं, जिनमें टाइम्स नाउ (Times Now), विऑन (WION) और प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (Press Trust of India) शामिल हैं। अपने करियर के दौरान उन्होंने ऐसे न्यूज प्लेटफॉर्म को तैयार करने, विस्तार देने और नेतृत्व करने में अहम भूमिका निभाई है, जो आज अपने-अपने क्षेत्र में अग्रणी हैं।
इस नियुक्ति पर एनडीटीवी के सीईओ और एडिटर-इन-चीफ राहुल कंवल ने कहा, ‘नवीन का ग्लोबल न्यूजरूम बनाने और जटिल संपादकीय संचालन का अनुभव ‘एनडीटीवी वर्ल्ड’ के लिए बेहद अहम साबित होगा। अंतरराष्ट्रीय फोकस को मजबूत करने की दिशा में नवीन की नेतृत्व क्षमता और संपादकीय समझ संस्था के ‘जर्नलिज्म फर्स्ट’ दृष्टिकोण से पूरी तरह मेल खाती है।’
एनडीटीवी से पहले नवीन कपूर पीटीआई में कार्यरत थे। वह पीटीआई की वीडियो सर्विसेज के फाउंडिंग एडिटर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने संपादकीय ढांचा तैयार किया, देश-विदेश में ब्यूरो स्थापित किए, न्यूज़रूम सिस्टम विकसित किए और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कंटेंट डिलीवरी व्यवस्था बनाई।
इससे पहले वह ग्लोबल न्यूज चैनल विऑन में न्यूजरूम हेड के पद पर रहे। यहां उन्होंने चैनल को एक भरोसेमंद अंतरराष्ट्रीय न्यूज ब्रैंड के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई और वैश्विक स्तर पर इसकी पहुंच बढ़ाई।
नवीन कपूर टाइम्स नाउ में सीनियर वाइस प्रेजिडेंट और चीफ ऑफ न्यूज ऑपरेशंस भी रह चुके हैं। वह उस कोर टीम का हिस्सा थे, जिसने चैनल की संपादकीय और संचालन संरचना तैयार की और उसे देश के अग्रणी न्यूज नेटवर्क के रूप में स्थापित करने में योगदान दिया।
नवीन कपूर ने दिल्ली विश्वविद्यालय से अंग्रेजी में बी.ए. (ऑनर्स) किया है। इसके अलावा उन्होंने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। उन्होंने रॉयटर्स फाउंडेशन का टीवी जर्नलिज्म कोर्स भी किया है और अमेरिका में इंटरनेशनल विजिटर लीडरशिप प्रोग्राम (IVLP) के तहत टीवी ब्रॉडकास्ट जर्नलिज्म का प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
टैग्स