होम / टीवी / अंजना ओम कश्यप के हाथों में होगी अब ‘आजतक HD’ की भी कमान
अंजना ओम कश्यप के हाथों में होगी अब ‘आजतक HD’ की भी कमान
जानी-मानी न्यूज एंकर और तेजतर्रार पत्रकार अंजना ओम कश्यप को ‘आजतक’ में एक और बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
pankaj sharma 6 months ago
जानी-मानी न्यूज एंकर और तेजतर्रार पत्रकार अंजना ओम कश्यप को ‘आजतक’ में एक और बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। AT2 की सीनियर मैनेजिंग एडिटर के रूप में अहम भूमिका निभा रहीं अंजना को अब आजतक एचडी का भी प्रभारी बना दिया गया है। यह प्रमोशन न केवल उनके नेतृत्व कौशल की स्वीकारोक्ति है, बल्कि चैनल की संपादकीय दिशा में उनके बढ़ते प्रभाव को भी दर्शाता है।
अंजना इस समय ‘आजतक’ के सबसे चर्चित प्राइम टाइम शो ‘ब्लैक एंड व्हाइट’ की एंकर हैं, जो विश्लेषण, ग्राउंड रिपोर्टिंग और दर्शकों से सीधे संवाद का अनोखा मेल है। इस शो में उनका AI अवतार ‘अंजना-2’ भी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय है, जो तकनीक और पत्रकारिता के सम्मिलन का नया उदाहरण बना है।
करीब दो दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय अंजना ओम कश्यप ने रिपोर्टिंग से लेकर डिबेट तक, हर मोर्चे पर खुद को साबित किया है। निर्भीक सवालों, जन-सरोकार से जुड़े मुद्दों और स्पष्ट दृष्टिकोण के लिए जानी जाने वाली अंजना, आज ‘आजतक’ की सबसे भरोसेमंद आवाज बन चुकी हैं।
उनकी नई भूमिका दर्शाती है कि संस्थान न केवल उनके काम पर भरोसा करता है, बल्कि उन्हें आगे की रणनीतिक दिशा का हिस्सा भी बनाना चाहता है। आजतक एचडी की कमान मिलने के बाद उनके कंधों पर अब और बड़ी जिम्मेदारियां होंगी। इस नई जिम्मेदारी के लिए मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें बधाईयां मिल रही हैं और माना जा रहा है कि अंजना अपने अनुभव और ऊर्जा से आजतक एचडी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगी।
टैग्स