होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ‘NDTV’ से जल्द अलग हो सकते हैं गौरव देवानी
‘NDTV’ से जल्द अलग हो सकते हैं गौरव देवानी
गौरव देवानी ने दिसंबर 2023 में कंटेंट बिजनेस हेड के पद पर एनडीटीवी जॉइन किया था।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 4 hours ago
‘एनडीटीवी’ (NDTV) के ब्रेंडेड कंटेंट बिजनेस में रेवेन्यू हेड के पद पर कार्यरत गौरव देवानी यहां अपनी पारी को जल्द विराम दे सकते हैं। मामले से जुड़े सूत्रों ने हमारी सहयोगी वेबसाइट ‘एक्सचेंज4मीडिया’ (e4m) को बताया कि इस संबंध में बातचीत चल रही है।
हालांकि अभी उनके अंतिम फैसले पर चर्चा जारी है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक वह 31 मार्च को संस्थान से अलग हो सकते हैं। एक्सचेंज4मीडिया ने इस संबंध में एनडीटीवी और गौरव देवानी से संपर्क किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली थी।
अगर यह इस्तीफा होता है तो एनडीटीवी में गौरव देवानी का अपेक्षाकृत छोटा लेकिन अहम कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। इस दौरान उन्होंने नेटवर्क में ब्रैंडेड कंटेंट और रेवेन्यू आधारित कंटेंट सॉल्यूशंस का नेतृत्व किया और विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर इन पहलों को आगे बढ़ाया।
गौरव देवानी ने दिसंबर 2023 में कंटेंट बिजनेस हेड के पद पर एनडीटीवी जॉइन किया था। इस भूमिका में वे नेटवर्क के जनरल न्यूज और बिजनेस न्यूज पोर्टफोलियो के तहत टेलीविजन, डिजिटल और ऑन-ग्राउंड प्रॉपर्टीज के मोनेटाइजेशन की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उन्होंने ब्रैंड्स के साथ मिलकर इंटीग्रेटेड कंटेंट सॉल्यूशंस और विज्ञापनदाता-समर्थित प्रोग्रामिंग विकसित की और कई प्रमुख प्रोजेक्ट्स में योगदान दिया।
दो दशक से अधिक अनुभव रखने वाले गौरव देवानी बिजनेस डेवलपमेंट, मार्केटिंग, स्ट्रैटेजी और ऑपरेशंस के क्षेत्र में काम कर चुके हैं। एनडीटीवी से पहले वे टाइम्स नेटवर्क में सीनियर वाइस प्रेजिडेंट और नेशनल हेड (ब्रैंडेड कंटेंट) के पद पर थे, जहां उन्होंने टीवी और डिजिटल प्रॉपर्टीज के मोनेटाइजेशन की रणनीतियों का नेतृत्व किया।
इससे पहले वे ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज में भी वरिष्ठ पदों पर रह चुके हैं। उन्होंने सीए-मीडिया (पीटर चेर्निन ग्रुप के तहत) में भी काम किया, जहां उन्होंने लाइव एंटरटेनमेंट और फेस्टिवल प्रॉपर्टीज से जुड़े रेवेन्यू मॉडल्स पर काम किया।
उनका पेशेवर सफर द वॉल्ट डिज़्नी कंपनी, टाइम्स नेटवर्क, नेटवर्क18 और हिंदुस्तान टाइम्स जैसे बड़े मीडिया संस्थानों से भी जुड़ा रहा है, जहां उन्होंने विज्ञापन बिक्री, ब्रांडेड कंटेंट और इंटीग्रेटेड मीडिया मोनेटाइजेशन में काम किया।
गौरव देवानी ने जिम्स, रोहिणी से मैनेजमेंट की पढ़ाई की है और आईआईएम कोलकाता से एग्जिक्यूटिव एमबीए की डिग्री ली है।
टैग्स