होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / जक्का जैकब ने News18 को कहा अलविदा, जल्द इस चैनल पर आएंगे नजर
जक्का जैकब ने News18 को कहा अलविदा, जल्द इस चैनल पर आएंगे नजर
जक्का जैकब को मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का दो दशक से ज्यादा का अनुभव है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 3 hours ago
जाने-माने न्यूज एंकर और ‘सीएनएन न्यूज18’ में ग्रुप फॉरेन अफेयर्स एडिटर जक्का जैकब यहां अपनी पारी को विराम देकर नए सफर की तैयारी में हैं। उच्च पदस्थ सूत्रों के हवाले से हमारी सहयोगी वेबसाइट ‘एक्सचेंज4मीडिया’ को मिली खबर के मुताबिक उन्होंने इस नेटवर्क से इस्तीफा दे दिया है और वह अब ‘टाइम्स नेटवर्क’ जॉइन करने जा रहे हैं।
सूत्रों का कहना है कि जक्का जैकब एक अप्रैल को टाइम्स नेटवर्क के अंग्रेजी न्यूज चैनल टाइम्स नाउ में बतौर मैनेजिंग एडिटर अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे। वरिष्ठ टीवी पत्रकार व टाइम्स नाउ और टाइम्स नाउ नवभारत की ग्रुप एडिटर-इन-चीफ नाविका कुमार रात नौ बजे के शो की एंकरिंग करती रहेंगी।
जक्का जैकब इससे पहले ‘सीएनएन न्यूज18’ में मैनेजिंग एडिटर के पद पर रह चुके हैं। उस दौरान भूमिका में बदलाव के समय नेटवर्क ने एक इंटरनल कम्युनिकेशन में बताया था कि जक्का प्रबंधकीय जिम्मेदारियों से पीछे हटकर अपनी पत्रकारिता पर अधिक ध्यान देना चाहते हैं। वह मैनेजिंग एडिटर ग्रेड में सीनियर एंकर और ग्रुप फॉरेन अफेयर्स एडिटर की भूमिका में जाएंगे। इस पद पर रहते हुए वह CNN-News18 के अलावा अन्य प्लेटफॉर्म्स पर भी शो होस्ट करेंगे।
गौरतलब है कि जक्का जैकब को मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का दो दशक से ज्यादा का अनुभव है। ‘सीएनएन न्यूज18’ को जॉइन करने से पहले उन्होंने वर्ष 2011 से 2014 के बीच ‘चाइना सेंट्रल टेलिविजन’ (China Central Television) के साथ काम किया था। जैकब ने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 2001 में रीजनल चैनल ‘सन न्यूज’ (Sun News) के साथ की थी। इसके बाद उन्होंने दिल्ली में ‘हेडलाइंस टुडे’ (Headlines Today) के साथ नया सफर शुरू किया था।
टैग्स