होम / टीवी / वरिष्ठ पत्रकार परमेंद्र मोहन की IBC24 चैनल के साथ दूसरी पारी, मिली बड़ी जिम्मेदारी
वरिष्ठ पत्रकार परमेंद्र मोहन की IBC24 चैनल के साथ दूसरी पारी, मिली बड़ी जिम्मेदारी
परमेंद्र मोहन की इस चैनल के साथ यह दूसरी पारी है। इससे पहले वर्ष 2016 से 2018 तक वह यहां डिजिटल कंटेंट हेड की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। तब उनके नेतृत्व में ही यहां डिजिटल विंग की शुरुआत हुई थी।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
वरिष्ठ पत्रकार परमेंद्र मोहन ने मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित न्यूज चैनल ‘आईबीसी24’ (IBC24) के साथ अपने नए सफर की शुरुआत की है। यहां डिजिटल विंग की पूरी जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी। इसके साथ ही वह चैनल की आउटपुट और प्लानिंग का काम भी देखेंगे। बता दें कि परमेंद्र मोहन की इस चैनल के साथ यह दूसरी पारी है। इससे पहले वर्ष 2016 से 2018 तक वह यहां डिजिटल कंटेंट हेड की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। तब उनके नेतृत्व में ही यहां डिजिटल विंग की शुरुआत हुई थी।
समाचार4मीडिया के साथ बातचीत में परमेंद्र मोहन ने बताया कि वह इससे पहले Banyan Infomedia में कंटेंट हेड (हिंदी) के तौर पर अपनी भूमिका निभा रहे थे। वह करीब पौने तीन साल से इस समूह के ‘किसान ऑफ इंडिया’ नाम से यूट्यूब चैनल और वेबसाइट की कमान संभाल रहे थे।
बता दें कि इससे पहले परमेंद्र मोहन ‘इंडिया टीवी’ में बतौर डिप्टी एग्जिक्यूटिव एडिटर और ‘इंडिया टीवी’ से पहले ‘जी हिन्दुस्तान’ चैनल में डिप्टी एग्जिक्यूटिव प्रड्यूसर के पद पर अपनी भूमिका निभा चुके हैं। ‘जी हिन्दुस्तान’ के एंकरलेस आयडिया को लागू कराने वाली टीम के वह मुख्य सदस्य थे।
मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जनपद के रहने वाले परमेंद्र मोहन को पत्रकारिता के क्षेत्र में काम करने का करीब 26 साल का अनुभव है। उन्होंने दिल्ली में पत्रकारिता में पीजी करने के बाद 1996 में दिल्ली में ओखला से निकलने वाले दैनिक समाचार पत्र ‘जेवीजी टाइम्स’ के साथ अपने पत्रकारीय करियर की शुरुआत की थी। दो साल बाद 1998 में दिल्ली से हैदराबाद की ओर रुख किया, जहां वह हिंदी दैनिक ‘स्वतंत्र वार्ता’ के साथ सब एडिटर के तौर पर जुड़े और वर्ष 2000 में चीफ सब एडिटर के पद से अपनी पारी को विराम दिया।
इसके बाद इनाडू ग्रुप से जुड़कर हैदराबाद हेड ऑफिस में ‘ईटीवी यूपी/यूके’ में बतौर बुलेटिन प्रड्रयूसर दो वर्ष तक सेवाएं दीं। एक बार फिर से वर्ष 2002 में नोएडा-दिल्ली की ओर रुख कर ‘सहारा न्यूज नेटवर्क’ के साथ बतौर एसोसिएट प्रड्यूसर जुड़े। इसी दौरान ‘सहारा’ द्वारा लांच किए गए रीजनल चैनल ‘सहारा MP/CG’ की टीम में शामिल होकर दो वर्ष तक उन्होंने चैनल को आगे बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाई।
‘जी न्यूज’ में उन्होंने करीब तीन वर्ष (2004-2007) तक बतौर प्रड्यूसर सेवाएं दीं और यहां से अलग होने के बाद करीब चार वर्ष (2009-2013) तक ‘आजतक’ चैनल से जुड़े रहे। उन्होंने दोबारा ‘जी मीडिया’ में वापसी करते हुए करीब तीन वर्ष तक सीनियर प्रड्यूसर के तौर पर अपनी जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2016 में ‘आईबीसी24’ न्यूज चैनल की डिजिटल विंग में बतौर कटेंट हेड जुड़कर चैनल की डिजिटल विंग को मजबूत किया।
परमेंद्र मोहन के बारे में कहा जाता है कि वह खबरों के बेहद जानकार, हार्ड न्यूज सेलेक्टिव होने के साथ-साथ खबर व खबरों के विश्लेषण पर विशेष ध्यान देते हैं। समाचार4मीडिया की ओर से परमेंद्र मोहन को उनकी नई पारी की हार्दिक शुभकामनाएं।
टैग्स इंडिया टीवी परमेंद्र मोहन नई पारी नियुक्ति अप्वॉइंटमेंट जॉइनिंग आईबीसी24