होम / सोशल मीडिया / अमिताभ अग्निहोत्री ने लॉन्च किया ‘राष्ट्रवाणी 24×7’ न्यूज चैनल
अमिताभ अग्निहोत्री ने लॉन्च किया ‘राष्ट्रवाणी 24×7’ न्यूज चैनल
वरिष्ठ पत्रकार अमिताभ अग्निहोत्री ने नोएडा फिल्म सिटी से ‘राष्ट्रवाणी 24×7’ न्यूज चैनल की शुरुआत की है, जो स्वतंत्र पत्रकारिता और जनहित से जुड़े मुद्दों को निडरता से सामने लाने का मंच बनेगा।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 month ago
वरिष्ठ पत्रकार अमिताभ अग्निहोत्री ने मीडिया जगत में एक नई पहल करते हुए अपना स्वतंत्र न्यूज चैनल ‘राष्ट्रवाणी 24×7’ लॉन्च कर दिया है। यह चैनल नोएडा स्थित फिल्म सिटी से संचालित होगा और देशभर में 24 घंटे जनता तक “निडर आवाज” पहुंचाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ेगा। चैनल का उद्देश्य राजनीति, सामाजिक मुद्दों, जनहित और समसामयिक घटनाओं पर निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता प्रस्तुत करना है।
अमिताभ अग्निहोत्री अपने बेबाक विश्लेषण, तीखे सवालों और स्पष्ट विचारों के लिए जाने जाते हैं। अब ‘राष्ट्रवाणी 24×7’ के माध्यम से वे दर्शकों को एक ऐसा मंच देना चाहते हैं, जहां बिना दबाव और प्रभाव के सच्चाई सामने रखी जा सके। चैनल की टैगलाइन और लोगो भी इसकी स्वतंत्र और साहसी पहचान को दर्शाते हैं, जिससे दर्शकों में उत्साह और भरोसा देखने को मिल रहा है।
नए साल की शुरुआत में अमिताभ अग्निहोत्री ने ‘टीवी9 नेटवर्क’ से अलग होने की घोषणा की थी। वे लगभग चार वर्षों तक वहां कंसल्टिंग एडिटर के रूप में कार्यरत रहे। इसके अलावा, वे ‘एडिटर्स क्लब ऑफ इंडिया’ के अध्यक्ष भी रह चुके हैं और मीडिया जगत में उनकी एक मजबूत पहचान रही है।
पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें मटुश्री, गणेशशंकर विद्यार्थी, यूनिवार्ता अवॉर्ड और वर्ष 2013 में ‘मीडिया महारथी’ सम्मान से नवाजा जा चुका है। अब ‘राष्ट्रवाणी 24×7’ के जरिए वे अपने अनुभव और दृष्टि से देश की मीडिया को नई दिशा देने की तैयारी में हैं।
टैग्स