होम / टीवी / इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में जॉर्डन के राजदूत: पश्चिम एशिया का नक्शा बदलने की बातें बकवास
इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में जॉर्डन के राजदूत: पश्चिम एशिया का नक्शा बदलने की बातें बकवास
इंडिया टुडे कॉन्क्लेव 2026 में जॉर्डन के राजदूत यूसुफ अब्दुल गनी ने कहा कि पश्चिम एशिया में स्थिरता केवल संवाद से ही संभव है। उन्होंने क्षेत्र का नक्शा बदलने की चर्चाओं को बकवास बताया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 2 hours ago
इंडिया टुडे कॉन्क्लेव 2026 में भारत में जॉर्डन के राजदूत यूसुफ अब्दुल गनी ने पश्चिम एशिया में जारी तनाव पर अपनी स्पष्ट राय रखी। उन्होंने कहा कि जॉर्डन इस पूरे मामले में तटस्थ रुख अपनाए हुए है और क्षेत्र के हर देश की संप्रभुता का सम्मान किया जाना चाहिए।नई दिल्ली में आयोजित कॉन्क्लेव के दौरान उन्होंने पश्चिम एशिया का नक्शा दोबारा खींचने की चर्चाओं को “बकवास” बताते हुए सिरे से खारिज कर दिया।
उनका कहना था कि किसी भी देश की सीमाओं को बदलने या शासन परिवर्तन की मांग अक्सर अस्थिरता को जन्म देती है। जॉर्डन के राजदूत ने यह भी कहा कि पश्चिम एशिया में स्थायी शांति केवल संवाद और शांतिपूर्ण वार्ताओं के जरिए ही संभव है। उन्होंने चेतावनी दी कि युद्ध और संघर्ष केवल पीड़ा, अस्थिरता और वैश्विक संकट को जन्म देते हैं।
इसके असर से ऊर्जा आपूर्ति, वैश्विक व्यापार और क्षेत्रीय संबंध भी प्रभावित होते हैं। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें युद्ध के बाद ईरान का नक्शा बदलने की संभावना जताई गई थी। साथ ही तथाकथित “ग्रेटर इज़राइल” परियोजना को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी चिंता व्यक्त की।
अब्दुल गनी ने स्पष्ट किया कि जॉर्डन का एयर स्पेस किसी भी देश पर हमले के लिए इस्तेमाल नहीं होने दिया जाएगा। उनका कहना था कि जॉर्डन का मानना है कि इस संकट का समाधान केवल कूटनीतिक बातचीत और शांति प्रयासों के माध्यम से ही संभव है।
टैग्स