होम / टीवी / क्या ‘जी मीडिया’ में जारी रहेगा अनुराग मुस्कान का सफर? जानिए क्यों हो रही है चर्चा
क्या ‘जी मीडिया’ में जारी रहेगा अनुराग मुस्कान का सफर? जानिए क्यों हो रही है चर्चा
अनुराग मुस्कान ने मई 2024 में ‘जी मीडिया’ जॉइन किया था। वह लंबे समय से ‘जी न्यूज’ पर शाम पांच बजे प्रसारित होने वाले चर्चित डिबेट शो ‘ताल ठोक के’ और रात आठ बजे ‘देशहित’ को होस्ट कर रहे हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 6 hours ago
देश के प्रमुख मीडिया नेटवर्क्स में शुमार ‘जी मीडिया’ (Zee Media) से जुड़े वरिष्ठ टीवी पत्रकार और लोकप्रिय न्यूज एंकर अनुराग मुस्कान को लेकर एक बार फिर मीडिया गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। इंडस्ट्री में चर्चा है कि संस्थान के साथ उनका मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट इस साल 31 मार्च को समाप्त होने वाला है। ऐसे में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या चैनल प्रबंधन उनके साथ अपने इस पेशेवर सफर को आगे भी जारी रखेगा या नहीं।
सूत्रों की मानें तो इससे पहले भी उनका कॉन्ट्रैक्ट समय-समय पर बढ़ाया जाता रहा है। यही वजह है कि इस बार भी यह संभावना जताई जा रही है कि चैनल प्रबंधन उनके अनुभव और लोकप्रियता को देखते हुए उन्हें आगे भी अपने साथ बनाए रख सकता है। हालांकि इस बारे में फिलहाल आधिकारिक तौर पर कोई घोषणा नहीं की गई है।
बता दें कि अनुराग मुस्कान टीवी पत्रकारिता का जाना-पहचाना चेहरा हैं और राजनीतिक-समसामयिक मुद्दों पर उनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है। ऐसे में यदि उनका कार्यकाल आगे बढ़ता है तो यह चैनल की मौजूदा लाइन-अप को और मजबूती दे सकता है। इसी वजह से मीडिया जगत की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आने वाले समय में इस बारे में क्या फैसला सामने आता है।
गौरतलब है कि अनुराग मुस्कान ने मई 2024 में ‘जी मीडिया’ जॉइन किया था। वह लंबे समय से ‘जी न्यूज’ पर शाम पांच बजे प्रसारित होने वाले चर्चित डिबेट शो ‘ताल ठोक के’ और रात आठ बजे ‘देशहित’ को होस्ट कर रहे हैं।
करीब दो दशक से अधिक लंबे करियर में अनुराग मुस्कान कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम कर चुके हैं। इनमें जैन टीवी, ईटीवी उर्दू, सहारा समय, स्टार न्यूज, राज्यसभा टीवी, इंडिया टीवी, इंडिया न्यूज और एबीपी न्यूज जैसे बड़े नाम शामिल हैं। एबीपी न्यूज में बतौर प्राइम-टाइम एंकर उन्होंने चर्चित शो ‘घंटी बजाओ’ को होस्ट किया था, जिसने उन्हें एक अलग पहचान दिलाई।
इससे पहले वह Superhit Films Pvt. Ltd. में मैनेजिंग डायरेक्टर के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे। अब जब उनके मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट को लेकर चर्चाएं तेज हैं, तो मीडिया इंडस्ट्री में यह जानने की उत्सुकता बनी हुई है कि आने वाले समय में उनके पेशेवर सफर की अगली दिशा क्या होगी।
टैग्स