होम / मीडिया फोरम / इस बीमारी ने छीन ली वरिष्ठ पत्रकार श्याम सुंदर आचार्य की जिंदगी
इस बीमारी ने छीन ली वरिष्ठ पत्रकार श्याम सुंदर आचार्य की जिंदगी
लंबे समय से पत्रकारिता में सक्रिय थे श्याम सुंदर आचार्य
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
वरिष्ठ पत्रकार श्याम सुंदर आचार्य का जयपुर के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। करीब 80 वर्षीय श्याम सुंदर आचार्य कुछ समय से कैंसर से पीड़ित थे और साकेत अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां पर उन्होंने शनिवार को अंतिम सांस ली। रविवार को दुर्गापुरा महारानी फॉर्म स्थित मोक्षधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। श्याम सुंदर आचार्य के बेटे शैलेष ने पार्थिव देह को मुखाग्नि दी। श्याम सुंदर आचार्य के निधन पर पत्रकारों समेत क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने शोक जताया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
सात जुलाई 1938 को जन्मे श्याम सुंदर आचार्य 50 साल से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय थे और कई हिंदी अखबारों में संपादक रह चुके थे। कुछ दिन पहले ही उनकी पुस्तक ‘अंतदृष्टि्’ का विमोचन साकेत अस्पताल में ही किया गया था। उन्हें पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में कई पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। पिंकसिटी प्रेस क्लब ने भी उन्हें लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया था।
श्याम सुंदर आचार्य ने हिंदुस्तान समाचार एजेंसी में जयपुर ब्यूरो चीफ से अपने पत्रकारीय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वे नवभारत टाइम्स में जयपुर एडिशन के रेजिडेंट एडिटर बने। बाद में उन्होंने दिल्ली का रुख किया और जनसत्ता के समाचार संपादक के तौर पर पद ग्रहण किया। इसके बाद वे जनसत्ता के कोलकाता एडिशन के रेजिडेंट एडिटर बनाए गए। सेवानिवृत्ति के बाद भी श्याम सुंदर आचार्य कई समाचारपत्रों के लिए लिखते रहे थे।
टैग्स श्याम सुंदर आचार्य