होम / मीडिया फोरम / इंडिया टीवी SHE कॉन्क्लेव : UPSC टॉपर जिनिया अरोड़ा ने की शिरकत
इंडिया टीवी SHE कॉन्क्लेव : UPSC टॉपर जिनिया अरोड़ा ने की शिरकत
इंडिया टीवी के SHE कॉन्क्लेव में UPSC टॉपर जिनिया अरोड़ा ने अपनी सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने कहा कि परिवार का सहयोग और अपने पैशन के साथ मेहनत ही सफलता की असली कुंजी है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 2 hours ago
इंडिया टीवी की ओर से आयोजित SHE कॉन्क्लेव में यूपीएससी टॉपर जिनिया अरोड़ा ने अपनी सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने कहा कि उनकी जिंदगी में सबसे बड़ी प्रेरणा उनकी मां रही हैं और परिवार का सहयोग किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए बेहद जरूरी होता है। जिनिया अरोड़ा ने बताया कि पढ़ाई के दौरान अक्सर ऐसा लगता था कि सारी दुनिया किताबों में ही समाई हुई है।
उन्होंने कहा कि हर लड़की को जीवन में समान अवसर नहीं मिलते, और अच्छे अवसरों के बिना बड़े सपने देखना भी मुश्किल हो जाता है। उनके मुताबिक विकसित भारत बनाने के लिए समाज के हर व्यक्ति का विकसित होना जरूरी है।उन्होंने यह भी बताया कि परिवार में सबसे बड़ी बेटी होने के कारण उन्हें अपनी पढ़ाई और परिवार की जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाना पड़ता था।
यूपीएससी की तैयारी के लिए नौकरी छोड़ना उनके लिए आसान फैसला नहीं था, लेकिन उनकी मां से मिली हिम्मत ने उन्हें आगे बढ़ने की ताकत दी। जिनिया अरोड़ा ने करियर में पैशन की अहमियत पर जोर देते हुए कहा कि जब किसी व्यक्ति को अपने काम में जुनून महसूस नहीं होता, तो रोजमर्रा के कामों में खुशी भी नहीं मिलती।
उन्होंने बताया कि उन्हें हमेशा से सामाजिक विकास में रुचि रही है और इसी वजह से वह लोगों की मदद करने से जुड़ी पहल में सक्रिय रहीं। कार्यस्थल की चुनौतियों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि समाज अक्सर लड़कियों के लिए कई सीमाएं तय कर देता है। उन्होंने कहा कि इन बंदिशों को तोड़ने के लिए जुनून और आत्मविश्वास जरूरी है। उनके अनुसार अगर कोई व्यक्ति अपनी खुशी और सपनों के लिए इन सीमाओं को तोड़ता है, तो ऐसा “रिबेल” होना गलत नहीं है।
टैग्स