होम / मीडिया फोरम / जाने-माने भोजपुरी साहित्यकार मनोज भावुक को मिला ‘चौधरी कन्हैया सिंह सम्मान’
जाने-माने भोजपुरी साहित्यकार मनोज भावुक को मिला ‘चौधरी कन्हैया सिंह सम्मान’
मनोज भावुक को यह सम्मान उनकी पुस्तक ‘भोजपुरी सिनेमा के संसार’ के लिए अखिल भारतीय भोजपुरी साहित्य सम्मेलन की ओर से प्रदान किया गया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 3 months ago
प्रसिद्ध भोजपुरी साहित्यकार मनोज भावुक को उनकी पुस्तक ‘भोजपुरी सिनेमा के संसार’ के लिए ‘चौधरी कन्हैया सिंह सम्मान’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें भोजपुरी के सबसे पुराने, संवैधानिक, प्रतिष्ठित और भरोसेमंद राष्ट्रीय संस्थान अखिल भारतीय भोजपुरी साहित्य सम्मेलन की ओर से प्रदान किया गया।
यह सम्मान उन्हें संस्थान के 28वें अधिवेशन में बिहार सरकार के पर्यटन, कला, संस्कृति मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने प्रदान किया।
अमनौर, छपरा (बिहार) में यह तीन दिवसीय आयोजन 28 से 30 नवंबर 2025 तक चला, जिसमें बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, सड़क निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री नितिन नवीन, सांसद मनोज तिवारी, फिल्म अभिनेत्री अक्षरा सिंह, गायिका कल्पना पटोवारी, श्रम संसाधन मंत्री संजय सिंह टाइगर समेत देश-विदेश के कई साहित्यकारों, पत्रकारों, कलाकारों, शोधकर्ताओं और भोजपुरी क्षेत्र के प्रमुख व्यक्तियों ने शिरकत की।
मनोज भावुक की यह पुस्तक भोजपुरी भाषा में भोजपुरी सिनेमा के इतिहास पर लिखी गई पहली पुस्तक है। इसे मैथिली-भोजपुरी अकादमी, दिल्ली ने प्रकाशित किया है। किताब में भोजपुरी सिनेमा की यात्रा का विस्तृत दस्तावेज़ीकरण है, जिसमें वर्ष 1931 से लेकर वर्तमान समय तक का इतिहास शामिल है।
अफ्रीका और इंग्लैंड में इंजीनियर के रूप में कार्य कर चुके मनोज भावुक को भोजपुरी सिनेमा और साहित्य के बीच सबसे मजबूत कड़ी माना जाता है।
उल्लेखनीय है कि मनोज भावुक सिर्फ भोजपुरी सिनेमा के इतिहासकार ही नहीं, बल्कि भोजपुरी फिल्मों के एक प्रसिद्ध गीतकार भी हैं। आज देश के लगभग सभी बड़े गायक उनके गीत और गजलें गाते हैं। फिल्मों में उन्हें पहली बड़ी पहचान गीत ‘तोर बौरहवा रे माई’ से मिली थी।
हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘आपन कहाये वाला के बा’ में सभी गीत उन्हीं के लिखे हुए हैं, जिन्हें एक साथ तीन पीढ़ियां सुन सकती हैं। भोजपुरी शब्दावली, संस्कृति और भाव-प्रवाह पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।
टैग्स