होम / मीडिया फोरम / भारत एक्सप्रेस कॉन्क्लेव में बोले रवि किशन : लोग चलकर आते हैं, मैं रेंगकर आया
भारत एक्सप्रेस कॉन्क्लेव में बोले रवि किशन : लोग चलकर आते हैं, मैं रेंगकर आया
भारत एक्सप्रेस के मेगा कॉन्क्लेव में सांसद और अभिनेता रवि किशन ने अपने संघर्ष और सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने कहा कि मेहनत, धैर्य और विश्वास से ही सफलता मिलती है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 2 hours ago
भारत एक्सप्रेस की तीसरी वर्षगांठ पर आयोजित मेगा कॉन्क्लेव में भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन ने अपने जीवन के संघर्ष और फिल्मी सफर को साझा किया। इस दौरान उन्होंने सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि विश्वास से भी ज्यादा जरूरी है धैर्य और इंतजार। रवि किशन ने बताया कि उन्होंने अपने करियर में करीब 750 फिल्मों में काम किया है।
उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद उनकी फिल्म ‘लापता लेडीज’ ऑस्कर के मंच तक पहुंची, जिसके लिए उन्हें करीब 37 साल का इंतजार करना पड़ा। उन्होंने कहा, “लोग चलकर आते हैं, लेकिन मैं रेंगकर यहां तक पहुंचा हूं। जो खुद को पूरी तरह झोंक देता है, वही जिंदगी में कुछ हासिल कर पाता है।”
अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए रवि किशन ने कहा कि मुंबई हर किसी की परीक्षा लेती है। उन्होंने कहा कि उन्हें भी कई वर्षों तक संघर्ष करना पड़ा, लेकिन अगर कोई व्यक्ति डटा रहता है तो एक दिन वही शहर उसे भरपूर सम्मान और सफलता देता है। गोरखपुर के विकास पर बोलते हुए रवि किशन ने कहा कि 2017 से पहले और आज के गोरखपुर में बड़ा बदलाव आया है।
उन्होंने बताया कि एम्स, चीनी मिल, सड़कों के चौड़ीकरण और नए एयरपोर्ट समेत करीब 50 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य हुए हैं। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया।
कॉन्क्लेव में मेहनत की अहमियत पर जोर देते हुए रवि किशन ने कहा कि देश के गृहमंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार कड़ी मेहनत करते हैं। उन्होंने अभिनेता अमिताभ बच्चन का उदाहरण देते हुए कहा कि 84 वर्ष की उम्र में भी वह लगातार काम कर रहे हैं। रवि किशन ने कहा कि सफलता का रास्ता मेहनत और लगन से होकर ही गुजरता है।
टैग्स