होम / मीडिया फोरम / फिल्म ‘दुल्हनिया नाच नचावे' में धूम मचा रहे हैं मनोज भावुक के लिखे गीत
फिल्म ‘दुल्हनिया नाच नचावे' में धूम मचा रहे हैं मनोज भावुक के लिखे गीत
14 दिसंबर को गीतकार शैलेन्द्र की पुण्यतिथि पर रिलीज भोजपुरी फिल्म 'दुल्हनिया नाच नचावे' को अब तक लगभग तीन करोड़ लोगों ने देख लिया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 month ago
प्रख्यात साहित्यकार मनोज भावुक द्वारा लिखे गए गीत फिल्म ‘दुल्हनिया नाच नचावे' में धूम मचा रहे हैं। 14 दिसंबर को गीतकार शैलेन्द्र की पुण्यतिथि पर रिलीज भोजपुरी फिल्म 'दुल्हनिया नाच नचावे' को अब तक लगभग तीन करोड़ लोगों ने देख लिया है। हाल ही में अयोध्या में आयोजित इस फिल्म को बेस्ट फेमिली फिल्म का अवार्ड मिला।
समाचार4मीडिया से बातचीत में मनोज भावुक ने बताया कि भोजपुरी में ऐसी फिल्मों का बनना एक शुभ संकेत है। मनोज भावुक के अनुसार, इन गीतों ने लोगों का मन मोह लिया है। फिल्म का टाइटल गीत ' दुल्हिनिया नाच नचावे' लोगों की जुबान पर है। महीने भर में 25 लाख लोगों ने इसे सुना है। दूसरा गीत ' बेटी खातिर कवन घर आपन ' इतना मार्मिक है कि लोगों की आंखें भर जाती हैं। 'हम जेठानी, तू देवरानी' और ' बनल रहे सुहाग' जैसे पारिवारिक मूल्य वाले गीत भी अच्छे बने हैं।
दरअसल गीतकार मनोज भावुक और संगीतकार रजनीश मिश्रा की जोड़ी जब भी साथ आती है, कमाल ही करती है। बात चाहे, फिल्म ‘मेहंदी लगा के रखना’ के गीत “तोर बउरहवा रे माई” की हो या हाल में रिलीज फिल्म 'आपन कहाये वाला के बा ' के सभी गीतों की, इस जोड़ी ने इतिहास रचा है।
बता दें कि मनोज भावुक सिर्फ गीतकार ही नहीं, बल्कि टेलीविजन पत्रकार, सुप्रसिद्ध साहित्यकार, संपादक और जाने-माने शायर भी हैं। भोजपुरी सिनेमा पर लिखी उनकी पुस्तक ' भोजपुरी सिनेमा के संसार' ने भी काफी लोकप्रियता बटोरी है। उन्हें फिल्मफेयर, फेमिना, दिल्ली प्रेस, भारतीय भाषा सम्मान एवं अनेक अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं।
भोजपुरी सिनेमा में उनके गीत एक उम्मीद की किरण बन कर आये हैं। वह शैलेन्द्र, मजरूह, अंजान और लक्ष्मण शाहाबादी के भोजपुरी गीतों की याद दिलाते हुए आज के जमाने की बात करते हैं।
जहां तक फिल्म की बात है तो फिल्म ' दुल्हिनिया नाच नचावे' एक क्लासिक भोजपुरी फैमिली फिल्म है। कहानी सीधी-सादी बहू (शुभी शर्मा) पर ससुराल वालों के जुल्म से शुरू होती है। बाद में सबको नाच नचाने व सबक सिखाने वाली तेज-तर्रार बहू ( स्मृति सिन्हा ) की एंट्री होती है। स्मृति सिन्हा और शुभी शर्मा ने शानदार अभिनय किया है, वहीं अंशुमान सिंह, शिवम तिवारी, कंचन मिश्रा, रामसुजान सिंह, प्रकाश जैस और रिंकू भारती आदि ने भी अपने किरदार के साथ न्याय किया है।
फिल्म में प्रीति मौर्या का विशेष अतिथि रोल भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है रेणु विजय फिल्म्स एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस फ़िल्म के निर्माता डॉ. संदीप उज्ज्वल और सुशांत उज्ज्वल हैं। फिल्म के लेखक, निर्देशक और संगीतकार रजनीश मिश्रा हैं। सिनेमैटोग्राफी देवेंद्र तिवारी, एडिटिंग दिनेश प्रजापति, एक्शन हीरा यादव और डांस कोरियोग्राफी विवेक थापा द्वारा की गई है।
टैग्स