होम / मीडिया फोरम / NDTV गुड टाइम्स ने की 'माय स्टोरी’ टूर की घोषणा, हनी सिंह होंगे ‘अनफिल्टर्ड’
NDTV गुड टाइम्स ने की 'माय स्टोरी’ टूर की घोषणा, हनी सिंह होंगे ‘अनफिल्टर्ड’
NDTV गुड टाइम्स ने हनी सिंह के खास ‘माय स्टोरी’ टूर का एलान किया है, जिसमें दर्शक पहली बार कलाकार नहीं बल्कि इंसान हनी सिंह से रूबरू होंगे। ‘माय स्टोरी’ टूर 11 शहरों में आयोजित होगा।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 3 months ago
देश के लोकप्रिय रैपर और म्यूज़िक आइकन हनी सिंह अब अपने जीवन की अनकही परतें मंच से साझा करने जा रहे हैं। NDTV गुड टाइम्स ने उनके खास कार्यक्रम ‘माय स्टोरी’ टूर की घोषणा की है, जो केवल एक म्यूज़िक शो नहीं होगा, बल्कि एक भावनात्मक और ईमानदार सफ़र होगा जहाँ दर्शक हिट गानों के पीछे छिपी ज़िंदगी को करीब से देख पाएंगे।
इस टूर में हनी सिंह सिर्फ अपने सुपरहिट ट्रैक्स नहीं सुनाएंगे, बल्कि उन अनुभवों की कहानी भी बताएंगे, जिन्होंने उन्हें गढ़ा -संघर्ष, ठहराव, आत्ममंथन और फिर मज़बूत वापसी की दास्तान। ‘माय स्टोरी’ टूर 11 शहरों में आयोजित होगा और हर शहर में अलग रंग-रूप और अनुभव देखने को मिलेगा।
खास बात यह है कि यात्रा की शुरुआत दिल्ली से होगी। वही शहर जहाँ से हनी सिंह के सपनों ने उड़ान भरी थी। यह टूर उन प्रशंसकों के लिए खास होगा जो वर्षों से उनके संगीत से जुड़े हैं, लेकिन कलाकार के भीतर के इंसान को जानना चाहते हैं।
हाल ही में NDTV स्टूडियो में इसकी भव्य घोषणा की गई, जहाँ जश्न के माहौल के बीच हनी सिंह ने बताया कि अब वह अपनी कहानी दुनिया से साझा करने को तैयार हैं। उनके मुताबिक, यह वह मंच है जहाँ वह अपने जीवन के उस हिस्से को सामने लाएंगे जो सुर्ख़ियों से दूर रहा है।
NDTV गुड टाइम्स की ओर से इसे ऐसे अनुभव के तौर पर तैयार किया जा रहा है, जिसमें लाइव म्यूज़िक की ऊर्जा और निजी किस्सों की आत्मीयता एक साथ महसूस होगी। आयोजकों का कहना है कि यह टूर यादगार, भावनात्मक और प्रेरक होने वाला है, जहाँ हर श्रोता को लगेगा कि वह हनी सिंह की दुनिया का हिस्सा है। यह टूर न सिर्फ संगीत का उत्सव होगा, बल्कि एक इंसान के भीतर झाँकने का दुर्लभ अवसर भी -जहाँ सफलता की चमक के पीछे की सच्चाई सामने आएगी।
टैग्स