होम / मीडिया फोरम / मीडिया के बारे में वाकई हैरान कर देती है आज के युवाओं की ये सोच
मीडिया के बारे में वाकई हैरान कर देती है आज के युवाओं की ये सोच
आज का युवा वर्ग मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पर ज्यादा फोकस कर रहा है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
कामिर कुरैशी
युवा पत्रकार।।
मीडिया के क्षेत्र में भविष्य बनाने और विषय से संबंधित जानकारी हासिल करने के लिए आज का युवा वर्ग मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पर ज्यादा फोकस कर रहा है। दूसरी तरफ देखा जाए तो सरकारी नौकरियों की हालत भी खस्ता है। युवाओं को नौकरी दिलाने का वादा कर सत्ता में आई केंद्र सरकार ने भी कुछ नहीं किया है। सरकार इस बारे में गंभीर ही नहीं है। पिछले दिनों रेलवे ने 90 हजार पदों के लिए वैकेंसी निकाली थी, जिन पर दो करोड़ से ज्यादा आवेदन किए गए थे, लेकिन उसका परिणाम आज तक नहीं आया है। सरकारी नौकरी न मिलने से हताश युवा वर्ग भी मीडिया में बढ़ते स्कोप को लेकर यहां अपनी संभावनाएं तलाश रहा है।
इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया के साथ अब डिजिटल मीडिया भी देश में अपनी जड़ें जमाता हुआ नजर आ रहा है। बड़े से बड़े इलेक्ट्रॉनिक चैनल और अखबार ने अपने डिजिटल पोर्टल खोल रखे हैं। चैनल और अखबार समयनुसार खबरों को लोगों के साथ साझा करते हैं, लेकिन डिजिटल मीडिया का कार्य तुरंत महत्वपूर्ण खबरों को देश के लोगों के सामने साझा करने का होता है। आज के समय में डिजिटल पोर्टल का महत्व इतना बढ़ गया है कि लोग अब इसके द्वारा कहीं से भी अपने मोबाइल पर ही खबरों को लेकर अपडेट हो जाते हैं। ऐसे में युवा इसमें भी अपना भविष्य संवारना चाहते हैं।
मीडिया में करियर बनाने को लेकर युवाओं की सोच भी बहुत स्पष्ट है। आगरा कालेज से ग्रेजुएशन करने के बाद कन्हैया लाल मुंशी इंस्टीट्यूट से पत्रकारिता की पढ़ाई कर रही इकरा असद का कहना है, ‘हमारे देश के जवान और पत्रकार देश की रक्षा के लिए और देश के लोगों के पास प्रत्येक जानकारी पहुंचाने के लिए अपनी जान खतरे में डालने से भी नहीं चूकते हैं। इसको देखकर मेरे मन में भी देश के लिए कुछ करने का ख्याल आया। पत्रकार बनकर देश की रक्षा करना व देश के लोगों को प्रत्येक जानकारी से रूबरू कराना मेरा अब लक्ष्य बन गया है।’ अब देखना यह है कि देश के युवक-युवतियों के मीडिया के क्षेत्र में बढ़ते हुए क्रेज को लेकर केंद्र सरकार क्या कदम उठाती है।
(लेखक सहारा समय आगरा में कार्यरत हैं और यह उनके निजी विचार हैं)
टैग्स कामिर कुरैशी