होम / विचार मंच / हिन्दुस्तान के पहले टीवी धारावाहिक के कर्ताधर्ता को यूं श्रद्धांजलि दी राजेश बादल ने...
हिन्दुस्तान के पहले टीवी धारावाहिक के कर्ताधर्ता को यूं श्रद्धांजलि दी राजेश बादल ने...
राजेश बादल एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर राज्यसभा टीवी ।। अलविदा! रामेन्द्र सरीन उन दिनों हिन्दुस्तान में दूर
समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago
राजेश बादल
एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर
राज्यसभा टीवी ।।
अलविदा! रामेन्द्र सरीन
उन दिनों हिन्दुस्तान में दूरदर्शन के धारावाहिक ‘हम लोग’ की धूम थी। घर-घर में ‘हम लोग’ की चर्चा होती थी। आज भी लोग ‘हम लोग’ की कहानी को अपने अपने घर की कहानियों से जोड़ कर देखते हैं। लेकिन कम लोग ही जानते हैं कि एक तरह से दूरदर्शन का पहला धारावाहिक ‘हम लोग’ नहीं बल्कि ‘बीवी नातियों वाली’ था। लखनऊ दूरदर्शन के इस धारावाहिक ने राष्ट्रीय पुरस्कार पाया और भारत के पहले धारावाहिक का गौरव भी।
मेरे टेलिविजन पर सफ़र की शुरुआत क़रीब तीस बरस पहले जयपुर दूरदर्शन से हुई थी। वहां मैं बुलेटिन एंकर था और कुछ सम-सामयिक कार्यक्रम भी पेश करता था। वहीं पर एक सुबह मेरी मुलाक़ात हुई थी- रामेन्द्र सरीन से। निहायत शरीफ, कम बोलने वाले और अपने क्रिएटिव अंदाज़ से सबको चमत्कृत करने वाले शख्स। पता चला कि ये वही रामेन्द्र सरीन हैं जिन्होंने हिन्दुस्तान को पहला टीवी धारावाहिक दिया था। वो ‘बीवी नातियों वाली’ के निर्देशक थे। मन श्रद्धा से भर गया। उनसे मिलने गया तो देर तक गपशप हुई। बाद के अनेक साल तक बातों ही बातों में उन्होंने टेलिविजन कार्यक्रमों की कामयाबी के न जाने कितने नुस्ख़े मुझे बता दिए। इसके बाद हमारे रास्ते जुदा हो गए। अलबत्ता एक दूसरे की खोज खबर हम लेते रहे। कल रविवार की सुबह बड़ी मनहूस शकल लेकर आई। पुराने साथी संजय कुलश्रेष्ठ ने सन्देश दिया- रामेन्द्र सरीन नहीं रहे।
यक़ीन नहीं आया। कई मित्रों को लखनऊ फ़ोन लगाया। आख़िरकार दीपक गिडवानी ने रामेन्द्र जी की ख़बर पर मुहर लगा दी। रामेन्द्र जी बरेली दूरदर्शन से निदेशक पद से रिटायर होकर लखनऊ आ बसे थे। जीवन की सन्ध्या बेला में ज़िन्दगी में कोई दाखिल हुई और फिर हालात यहां तक पहुंचे कि रामेन्द्र जी एक वृद्धाश्रम में जाकर रहने लगे। उनका बेटा सिंगापुर में है, लेकिन हाल के घटनाक्रम ने उसे पिता से दूर कर दिया। पत्नी का देहांत पहले ही हो चुका था। अकेलेपन के शिकार रामेन्द्र जी को सुबह से ही पीने की लत लग गई। ज़िन्दगी का अकेलापन लोग बर्दाश्त नहीं कर पाते। रविवार को रामेन्द्र जी सुबह सुबह शराब की एक दुकान पर जा पहुंचे। कुछ घूंट शराब गले से उतरी और रामेन्द्र जी वहीँ गिर पड़े। आख़िरी सफ़र पर चले गए। रामेन्द्र जी! कोई आपको याद करे या न करे। मैं आपको और हिन्दुस्तान के पहले टीवी धारावाहिक ‘बीवी नातियों वाली’ के निर्देशक को सलाम करता हूं।
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स