होम / विचार मंच / अजीत अंजुम की जुबानी- सतयुग, द्वापर, त्रैता, कलयुग से परे है ये कहानी

अजीत अंजुम की जुबानी- सतयुग, द्वापर, त्रैता, कलयुग से परे है ये कहानी

अजीत अंजुम मैनेजिंग एडिटर, इंडिया टीवी ।। इतिहास–पुराण और

समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago

अजीत अंजुम

मैनेजिंग एडिटर, इंडिया टीवी ।।

इतिहास–पुराण और परंपरा इस बात का गवाह है कि हर दौर में जमाने ने ऐसे ही बेटे को हीरो माना जिसने हर हाल में पिता की आकांक्षाओं और महत्वाकांक्षाओं का सारथी बनकर काम किया है। पिता ने भले पितृधर्म का निर्वाह न किया हो लेकिन बेटे ने पुत्र धर्म का निर्वाह करने में कभी कोई कोताही न बरती हो। अगर पिता ने कभी बेटे के साथ नाइंसाफी, बेईमानी और बदसलूकी भी की तो बेटे ने झुककर कबूल किया हो। हर दौर में जमाने ने ऐसे ही बेटे को हीरो माना भले ही उसके पिता ने उस दौर में अपने बेटे के लिए विलेन जैसा काम भी किया हो, लेकिन पिता मुलायम सिंह यादव और पुत्र अखिलेश यादव की कहानी सतयुग, द्वापर, त्रैता से लेकर कलयुग तक की सभी कहानियों से अलग है।

बेटे ने बाप से बगावत की, बेटे ने बाप की सियासी जमीन को देखते–देखते उनके पैरों के नीचे से खींच लिया। बेटे ने बाप की बनाई उस पार्टी पर कब्जा कर लिया, जिसका एक-एक नेता और कार्यकर्ता कभी बाप के सामने सजदे किया करता था। बाप अपने बेटे से जूझता हुआ बेचारा और बेजार होकर घर बैठ गया और बेटे ने अपने बाप की पार्टी का सिंबल और झंडा लेकर यूपी विजय पर अश्वमेघ यात्रा पर निकलने का ऐलान कर दिया।

कोई और बेटा होता तो जमाने की नजर में वो विलेन होता और बाप के साथ सहानुभूतियों का अंबार... लेकिन यहां कहानी ठीक उलट है। जमाना बेटे के साथ है, बाप सबकुछ खोकर भी एकाकी है। बेटा अपने बाप का सब कुछ छीनकर जनता की नजर में हीरो है और बेटे से अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी जंग हार कर भी बाप जनता की नजर में सहानूभूति का पात्र नहीं है। बाप को बेदखल करके उसकी सियासी जमीन पर अपने झंडे गाड़ने वाला बेटा अगर अखिलेश यादव की जगह कोई होता तो भी क्या ऐसा ही होता?

क्या बाप के बेचारेपन और लाचारी पर बेटे की महत्वाकांक्षा के खिलाफ लोगों में आक्रोश नहीं होता? शायद जरुर होता अगर बाप के तख्तापलट की इस सियासी दास्तान के किरदार मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव न होते। ...तो फिर अखिलेश यादव में ऐसा क्या खास है? क्यों ऐसा है कि महीनों तक अपने पिता की मंशा के खिलाफ खुल्लम खुल्ला लड़ने और खुलेआम बगावत के बावजूद अखिलेश यादव से किसी को गिला नहीं है।

बीते चार– पांच महीनों से परिवार के बीच चल रहा ये संघर्ष सड़क पर है। आरोप–प्रत्यारोप कैमरों के सामने लगाए गए हैं। बाप ने पहले बेटे के खिलाफ कार्रवाई की, फिर बेटे ने अपने समर्थक नेताओं और कार्यकर्ताओं की सभा बुलाकर बाप की कुर्सी पर कब्जा कर लिया, फिर बाप ने बेटे को पार्टी से निकाल दिया। दर्जनों बार सुलह–समझौते की नाकाम कोशिशों के बाद दोनों लड़ते-लड़ते चुनाव आयोग की चौखट तक पहुंचे। दोनों ने एक दूसरे को शिकस्त देने के सारे दांव चले लेकिन जीत आखिरकार बेटे की हुई।

हारा हुआ बाप अब घर बैठकर अपने चंद समर्थकों की लिस्ट बेटे के पास भिजवा रहा है। बेटे अपने बाप को अपना सबकुछ मानते–कहते हुए आशीर्वाद लेने जा रहा है। कुछ इस अंदाज में कि खून तो आपका ही हूं, पूजनीय हैं आप लेकिन पार्टी में वही होगा जो मैं करुंगा। बाप-बेटे के बीच जो कुछ हो रहा है, जमाना देख रहा है।

फिर भी अखिलेश से किसी को शिकायत नहीं... क्यों? मैंने बीते चार महीनों में सैकड़ों लोगों से बात की है और अब भी करता हूं। सब यही मानते हैं कि अखिलेश ने जो किया ठीक किया। बाप बेआबरू होकर बेटे से हार जाए फिर भी बेटे को जमाना दोषमुक्त मानकर उसके साथ हो बहुत बड़ी बात है। पांच साल मुख्यमंत्री रहे अखिलेश यादव ने आखिरी एक साल में जिस ढंग से अपनी पारिवारिक लड़ाई में एसर्ट किया और अपनी बात मनवाने के लिए अपने पिता के खिलाफ बागी तेवर अख्तियार किए, उससे उनकी छवि बिल्कुल अलग बनी है।

चार साल तक कहा जाता रहा कि यूपी में साढ़े पांच सीएम हैं, फिर साढ़े तीन सीएम की बात कही गई। हर इंटरव्यू में अखिलेश से इस बारे में सवाल किए गए।  वो हंसकर जवाब देते रहे लेकिन आखिरी साल में उन्होंने साबित कर दिया है कि पार्टी और सरकार चलाने के लिए अब वो पूरी तरह सक्षम हैं। वो अपनी मर्जी से बड़े फैसले लेना चाहते हैं।

चाचा-ताऊ और बापू की बात वो सुन तो सकते हैं लेकिन आंख मूंदकर उसपर अमल करके रबर स्टांप बने नहीं रह सकते। मौके की नजाकत का डर अगर उन्हें होता तो चुनाव के ऐन पहले वो हालात के सामने सरेंडर कर देते और बाबू–ताऊ से मिल-बांटकर टिकट बांटने और सत्ता में भागीदारी का कोई रास्ता निकला लेते।

लेकिन अखिलेश पूरी लड़ाई के दौरान न सिर्फ निडर दिखे बल्कि आत्मविश्वास से लबालब दिखे। जो होगा, देखा जाएगा वाले अंदाज में दिखे। कभी टीवी कैमरे के सामने बड़ी बड़ी डींगें हांकते या अपने पिता के खिलाफ अपमानजनक बातें करते नहीं दिखे। पिता के लिए दो शब्द भी बोले तो सम्मान की सारी रेखाओं के दायरे में रहकर बोले।

पिता ने अपने मुख्यमंत्री बेटे को पार्टी से निकाल दिया तब भी बेटे ने एक शब्द ऐसा नहीं बोला, जो पिता के सम्मान के खिलाफ जाए। हां , वो पूरी तैयारी के साथ पार्टी पर अपने कब्जे की लड़ाई को अंजाम देने में जुटे रहे। पिता के खिलाफ बिना एक शब्द बोले पार्टी को ‘कुछ लोगों’ से मुक्त कराने का बिगुल फूंकते रहे। आखिरकार हुआ वही, जो अखिलेश चाहते थे। एक चाचा के खिलाफ अखिलेश लड़ाई लड़ रहे थे और दूसरे चाचा के साथ मिलकर रणनीति तय कर रहे थे। ‘तीसरे चाचा’ ने मौका, माहौल लड़ाई का अंजाम देखकर खुद को नेप्थय में ले जाना ही बेहतर समझा। अब चंद कमजोर कंधों के अलावा करीब–करीब पूरी पार्टी अखिलेश यादव के साथ है।

घर-परिवार के जो चंद लोग साथ नहीं हैं, उनका भी इस अंतिम सत्य से साक्षात्कार हो गया है कि अब नेताजी की जगह बेटाजी का राज है। घर की लड़ाई जब चहारदीवारी से बाहर सड़क पर लड़ी जाने लगी तो यूपी में कहा जाने लगा कि अखिलेश यादव अब बीएसपी और बीजेपी से क्या लड़ पाएंगे, जब घर में लड़ते–लड़ते हलकान हो रहे हैं। बाप-बेटे और चाचा उम्मीदवार जब आपस में एक दूसरे की जड़ें खोदेंगे तो अखिलेश की चुनावी गोटी तो लाल होने से रही लेकिन चरखा दांव के पहलवान और अपने पिता मुलायम सिंह यादव और चाचा शिवपाल को हराकर अखिलेश यादव अब पूरे जोर–शोर से मैदान में हैं। रेस में सबसे तेज खिलाड़ी के तौर पर उतरते दिख रहे हैं। चुनाव में हार–जीत का फैसला तो जनता करेगी लेकिन अगर अखिलेश जीत गए तो उन्हें इतिहास के ऐसे किरदार के तौर पर जाना जाएगा, जिसकी कोई मिसाल नहीं।

पिता और चाचा को शिकस्त देकर अखिलेश यादव वो इक़बाल हासिल किया है जो चार साल सीएम रहते हासिल नहीं कर पाए थे। अब उनकी छवि ऐसे युवा नेता की बनी है जो अपनी साफ़-सुथरी छवि के साथ काम कहना चाहता है, ...जो अतीक और अफ़जाल जैसे माफ़िया और बाहुबलि नेताओं को पास फटकने नहीं देना चाहता है, ...जो विकास के रास्ते पर अपनी साइकिल दौड़ाना चाहता है, ...जो अपने बुज़ुर्ग पिता का सम्मान करते हुए फ़ैसले का अधिकार चाहता है। जनता अखिलेश के इस कायांतरण को कितना क़बूल करती है, इसका पता तो नतीजों के बाद लगेगा लेकिन एक लड़ाई तो अखिलेश जीत चुके हैं, वो है सूबे की जनता की नज़र में इक़बाल क़ायम करने की लड़ाई।

बाप-बेटे के बीच जब ये लड़ाई सरेआम हुई थी तो लोगों ने कहा- ये नूरा-कुश्ती है। किसी ने कहा अपने बेटे को चाचा शिवपाल समेत परिवार के दुश्मनों की साजिशों के साये से बचाने और सूबे की सियासत में अपने वारिस के तौर पर स्थापित करने के लिए पूरी पटकथा खुद मुलायम ने लिखी है। लेकिन इस लड़ाई का अंजाम देखकर कम से कम ये तो नहीं कहा जा सकता कि मुलायम सिंह ने कोई नाटक तैयार किया और अखिलेश किरदार बनकर स्टेज पर थिरकते रहे।

(साभार: फेसुबक वॉल से)

समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।


टैग्स
सम्बंधित खबरें

क्या पाकिस्तान अफगानिस्तान को हरा पाएगा: रजत शर्मा

तालिबान ने कहा कि उसके हमले में 55 से ज्यादा पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, इनमें से 23 सैनिकों की लाशें भी अफगान लड़ाके अपने साथ अफगानिस्तान ले गए।

3 days ago

2028 तक AI से बाज़ार में बर्बादी? पढ़िए इस सप्ताह का 'हिसाब किताब'

अमेरिका में 100 में से 10 लोग जो white collar jobs करते हैं वो कुल खपत का 50% खर्च करते हैं। उदाहरण दिया गया है कि डेटा सेंटर में काम कर रहे एजेंट काम तो करेंगे लेकिन वो खर्च नहीं करेंगे।

3 days ago

वंदे मातरम् के खंडित स्वरूप पर सवाल : अनंत विजय

किसी कविता या गीत को खंडित करने का अधिकार रचनाकार के अलावा किसी अन्य को है? रचनात्मक संवेदना का सर्जनात्मक स्वतंत्रता की बात करनेवालों ने एक कृति को खंडित कर दिया।

3 days ago

शिक्षा के क्षेत्र में अराजकता की जिम्मेदारी किसकी: आलोक मेहता

मुख्य प्रश्न यही है, क्या इन गड़बड़ियों के लिए सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय को जिम्मेदार ठहराया जा सकता है, या फिर मंत्रालय और उसके नेतृत्व को अपनी जवाबदेही स्वीकार करनी चाहिए?

4 days ago

PM मोदी की इजराइल यात्रा से किसे मिर्ची लगी: रजत शर्मा

दोनों देशों ने 27 समझौतों पर दस्तखत किए। दोनों देश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इंटरनेट ऑफ़ थिंग्स और क्वांटम कंप्यूटिंग में नई टेक्नोलॉजी पर काम करेंगे, आपसी सहयोग बढ़ाएंगे।

6 days ago


बड़ी खबरें

'जी न्यूज' छोड़ 'न्यूज24' से जुड़े अखिलेश आनंद, संभालेंगे प्राइम टाइम बुलेटिन

'समाचार4मीडिया' के विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, टीवी न्यूज की दुनिया का जाना-पहचाना चेहरा अखिलेश आनंद अब एक बार फिर 'न्यूज24' के साथ जुड़ गए हैं।

1 hour ago

टीवी टुडे नेटवर्क में स्वतंत्र निदेशक राजीव गुप्ता का कार्यकाल पूरा, बोर्ड से हुए अलग

टीवी टुडे नेटवर्क (TV Today Network Limited) के नॉन-एग्जिक्यूटिव इंडिपेंडेंट डायरेक्टर राजीव गुप्ता का कार्यकाल पूरा हो गया है

2 hours ago

GST विभाग की 68.94 लाख रुपये की मांग के खिलाफ अपील करेगी 'डिलिजेंट मीडिया'

डिलिजेंट मीडिया (Diligent Media Corporation Limited) ने बताया है कि कंपनी को जीएसटी विभाग की ओर से करीब 68.94 लाख रुपये टैक्स, पेनल्टी और ब्याज के तौर पर जमा करने का आदेश मिला है।

2 hours ago

HT मीडिया के MD व CEO बने समीर सिंह, शेयरधारकों ने दी मंजूरी

एचटी मीडिया (HT Media Limited) ने कंपनी के नए मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) और चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर (CEO) के तौर पर समीर सिंह की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है

3 hours ago

कॉनकोर के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर राजीव भारद्वाज बने प्रसार भारती में मेंबर

भारतीय कंटेनर निगम लिमिटेड यानी कि 'कॉनकोर' के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर (HR) राजीव भारद्वाज को अब प्रसार भारती में मेंबर (पर्सनल) नियुक्त किया गया है।

1 hour ago