होम / टीवी / जाने-माने एंकर अखिलेश आनंद ने ABP न्यूज में अपनी पारी पर लगाया 'विराम'
जाने-माने एंकर अखिलेश आनंद ने ABP न्यूज में अपनी पारी पर लगाया 'विराम'
टीवी पत्रकार व प्राइम टाइम एंकर अखिलेश आनंद ने एबीपी न्यूज से अपने लंबे जुड़ाव को अलविदा कह दिया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 10 months ago
टीवी पत्रकार व प्राइम टाइम एंकर अखिलेश आनंद ने एबीपी न्यूज से अपने लंबे जुड़ाव को अलविदा कह दिया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक इमोशनल पोस्ट के जरिए इस फैसले की जानकारी दी और बताया कि वे जल्द ही एक अन्य राष्ट्रीय चैनल पर नजर आएंगे।
अखिलेश आनंद ने लिखा, “फिलहाल वक्त हो चला है एक छोटे से ब्रेक का… पिछले लगभग 10 सालों से आपसे यही कहता रहा… अब खुद के लिए कह रहा हूं।”
फिलहाल वक्त हो चला है एक छोटे से ब्रेक का, लौटेंगे फौरन बड़ी खबरों के साथ..देखते रहिए #ABP_News ..पिछले लगभग 10 सालों से आपसे मैं ये कहता रहा. अब खुद मेरे लिए वक्त हो चला है एक छोटे से ब्रेक का. मैने एबीपी न्यूज से ब्रेक ले लिया है और जल्द ही एक दूसरे राष्ट्रीय चैनल पर आपलोगों से…
— Akhilesh Anand अखिलेश आनंद (@akhileshanandd) April 8, 2025
अखिलेश आनंद ने जनवरी 2016 में एबीपी न्यूज जॉइन किया था और बीते लगभग एक दशक में वे चैनल के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे। इस दौरान उन्होंने "घंटी बजाओ", "कौन बनेगा मुख्यमंत्री", "कौन बनेगा प्रधानमंत्री" और "The Inside Story" जैसे चर्चित प्रोग्राम्स को होस्ट किया और दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई।
21 साल का पत्रकारिता सफर और कई अनसुनी कहानियां
करीब 21 वर्षों के मीडिया करियर में अखिलेश आनंद ने कई राष्ट्रीय चैनलों में काम किया और ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर स्टूडियो तक हर भूमिका को शिद्दत से निभाया। वे उन चुनिंदा पत्रकारों में से हैं जिन्होंने अयोध्या से कन्याकुमारी तक सड़क मार्ग से चुनावी कवरेज की, वो भी अकेले दम पर। 30,000 किलोमीटर की चुनाव यात्रा और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से लाइव रिपोर्टिंग उनके प्रोफेशनल कमिटमेंट का उदाहरण हैं।
इंटरवल के बाद नई शुरुआत
अपने पोस्ट में उन्होंने यह भी बताया कि इस छोटे से ब्रेक के दौरान वे कुछ पॉडकास्ट प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं और जल्द ही एक नए राष्ट्रीय चैनल में वापसी करेंगे।
न्यूज24 से एबीपी तक का सफर
अखिलेश आनंद ने पत्रकारिता की शुरुआत 'न्यूज24' से की थी, जहां वे करीब चार वर्षों तक जुड़े रहे। फिर जी न्यूज में एक वर्ष की पारी खेलने के बाद उन्होंने 2012 में दोबारा न्यूज24 जॉइन किया और 2016 में एबीपी न्यूज का हिस्सा बने। दिल्ली यूनिवर्सिटी के हिन्दू कॉलेज से मास्टर डिग्री धारक अखिलेश ने एक मामूली पृष्ठभूमि से उठकर नेशनल मीडिया में अपना नाम और मुकाम बनाया।
टैग्स