होम / टीवी / ‘भारत समाचार’ ने शुरू किया ये खास बुलेटिन, बताई इसके पीछे की वजह
‘भारत समाचार’ ने शुरू किया ये खास बुलेटिन, बताई इसके पीछे की वजह
चैनल के एडिटर-इन-चीफ ब्रजेश मिश्रा का कहना है कि नई पहल के तहत सुबह आठ बजे, दोपहर ढाई बजे, शाम को साढ़े छह बजे और रात में साढ़े 10 बजे से आधा-आधा घंटे के बुलेटिन प्रसारित किए जा रहे हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
उत्तर प्रदेश के लोकप्रिय हिंदी न्यूज चैनल ‘भारत समाचार’ ने देवभूमि उत्तराखंड की ओर अपने कदम बढ़ाते हुए एक अभिनव पहल की है। दरअसल, चैनल ने नए कॉन्सेप्ट के तहत बिलकुल नए अंदाज में एक बुलेटिन शुरू किया है, जिसका नाम है ‘खबर पहाड़’। इस बुलेटिन में उत्तराखंड की खबरों पर फोकस किया जा रहा है।
‘समाचार4मीडिया’ से बातचीत में वरिष्ठ टीवी पत्रकार और ‘भारत समाचार’ के एडिटर-इन-चीफ ब्रजेश मिश्रा ने बताया, ‘यह बुलेटिन विशुद्ध पहाड़ी है। यानी इसमें एंकर से लेकर खबर तक में पहाड़ीकरण की झलक है। कह सकते हैं कि दर्शकों को पहाड़ की खबर, पहाड़ की सभ्यता और संकृति के साथ देखने को मिल रही है। फिर चाहे वो एंकर के परिधान हों या फिर खबरों में पहाड़ी संस्कृति और बोली भाषा का समावेश हो। बुलेटिन प्रारंभ होते ही पहाड़ी दर्शकों का बहुत अच्छा रिस्पॉन्स भी चैनल को मिल रहा है।’
इस बारे में ब्रजेश मिश्रा का कहना है कि स्थानीय संस्कृति, सभ्यता, बोली, भाषा, आचार विचार सबका समावेश खबरों में जब होता है, तब उस प्रदेश के लोगों का लगाव खबरों के माध्यम से जुड़ता है। उत्तराखंड हमारे दिल में बसता है। इसलिए इस तरह की पहल की गई है।
उन्होंने बताया कि नई पहल के तहत सुबह आठ बजे, दोपहर ढाई बजे, शाम को साढ़े छह बजे और रात में साढ़े 10 बजे से आधा-आधा घंटे के बुलेटिन प्रसारित किए जा रहे हैं। इसके लिए उत्तराखंड में ब्यूरो ऑफिस भी खोला गया है और भर्तियां भी की गई हैं। चैनल की कमान उत्तराखंड में वरिष्ठ पत्रकार पंकज पंवार को दी गई है। पंवार को उत्तराखंड का ब्यूरो चीफ नियुक्त किया गया है।
ब्रजेश मिश्रा के अनुसार, ‘भारत समाचार’ अपनी तेज, धारदार और आक्रामक खबरों के साथ साथ नए-नए प्रयोग के लिए भी जाना जाता है। पहाड़ी संस्कृति और सभ्यता में रचा-बचा चैनल का ‘खबर पहाड़’ बुलेटिन उत्तराखंड के साथ-साथ देश में फैले पहाड़ी लोगों को बहुत रास आ रहा है।‘
टैग्स भारत समाचार ब्रजेश मिश्रा उत्तराखंड बुलेटिन खबर पहाड़ पंकज पंवार