होम / टीवी / टीवी चैनलों के रेगुलेशन के लिए जारी करनी होंगी गाइडलाइंस: सुप्रीम कोर्ट
टीवी चैनलों के रेगुलेशन के लिए जारी करनी होंगी गाइडलाइंस: सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कहा कि अब टेलीविजन चैनलों के रेगुलेशन के लिए गाइडलाइंस जारी करनी होंगी
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कहा कि अब टेलीविजन चैनलों के रेगुलेशन के लिए गाइडलाइंस जारी करनी होंगी, क्योंकि सेल्फ रेगुलेशन अप्रभावी साबित हुआ है।
मुख्य न्यायाधीश (CJI) डीवाई चंद्रचूड़, न्यायमूर्ति पीएस नरसिम्हा और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की पीठ ने कहा कि जब तक नियमों को सख्त नहीं बनाया जाएगा, तब तक टीवी चैनलों पर इसका पालन नहीं करेंगे।
टीवी चैनलों के सेल्फ रेगुलेशन में कमी को लेकर बॉम्बे हाई कोर्ट के फैसले के खिलाफ न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन (एनबीए) की अपील पर सुनवाई के दौरान पीठ ने ये टिप्पणी की।
'बार एंड बेंच' की रिपोर्ट के मुताबिक, इस दौरान सीजेआई चंद्रचूड़ ने पूछा, 'आप कहते हैं कि टीवी चैनल आत्मसंयम बरतते हैं। मैं नहीं जानता कि कोर्ट में कितने लोग आपसे सहमत होंगे। हर कोई पागल हो गया कि क्या यह हत्या है आदि। आप जांच शुरू कर दीजिए। आप कितना जुर्माना लगाते हैं? एक लाख रुपए! एक चैनल एक दिन में कितना कमाता है? जब तक आप नियमों को सख्त नहीं बनाते, किसी भी टीवी चैनल पर इसका पालन करने की कोई बाध्यता नहीं है। किसी भी उल्लंघन के लिए अगर एक लाख का जुर्माना है तो उन्हें कौन रोकता है?' पीठ ने तब कहा कि वह ढांचे को मजबूत करने का प्रस्ताव कर रही है।
कोर्ट ने टिप्पणी की कि हम ढांचे को मजबूत करेंगे। हमने अपलिंकिंग और डाउनलिंकिंग दिशानिर्देश देखे हैं। हम बॉम्बे हाईकोर्ट के फैसले में बदलाव करेंगे, लेकिन अब हम नियमों को मजबूत करेंगे। लिहाजा कोर्ट ने एनबीए दिशानिर्देशों के उल्लंघन के लिए न्यूज चैनलों पर लगाए गए एक लाख रुपए के वर्तमान जुर्माने पर सुझाव मांगा है।
पीठ ने अपने आदेश में आगे कहा कि इस कोर्ट को इस बात पर विचार करना होगा कि क्या सेल्फ रेगुलेशन तंत्र तैयार करने के लिए उठाए गए कदमों को ढांचे के संबंध में मजबूत करने की आवश्यकता है।
कोर्ट ने न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन (एनबीए) की ओर से पेश वरिष्ठ वकील अरविंद दातार को टीवी चैनलों के सेल्फ रेगुलेशन पर जस्टिस एके सीकरी और आरवी रवींद्रन से सुझाव मांगने का भी निर्देश दिया।
टैग्स टीवी चैनल सुप्रीम कोर्ट गाइडलाइंस सेल्फ रेगुलेशन रेगुलेशन