होम / टेलिस्कोप / 5 मार्च 2027 को रिलीज होगी प्रभास की ‘स्पिरिट’
5 मार्च 2027 को रिलीज होगी प्रभास की ‘स्पिरिट’
‘द राजा साब’ के कमजोर प्रदर्शन के बीच सुपरस्टार प्रभास ने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘स्पिरिट’ को लेकर बड़ी घोषणा की है। संदीप रेड्डी वांगा निर्देशित यह फिल्म 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 month ago
सुपरस्टार प्रभास की हालिया रिलीज फिल्म द राजा साब भले ही दर्शकों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई हो, लेकिन अभिनेता ने अपने प्रशंसकों को बड़ी राहत देते हुए अपनी अगली महत्वाकांक्षी फिल्म स्पिरिट की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। फिल्म के निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर पोस्टर के साथ घोषणा की है कि स्पिरिट 5 मार्च 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
इस ऐलान के बाद सोशल मीडिया पर प्रभास के फैंस की खुशी साफ देखी जा रही है। कोई इसे “अगली मेगा ब्लॉकबस्टर” बता रहा है, तो कोई फिल्म के लिए लंबा इंतजार करने की बात कह रहा है। स्पिरिट एक हाई-ऑक्टेन एक्शन थ्रिलर है, जिसका निर्देशन संदीप रेड्डी वांगा कर रहे हैं। फिल्म में प्रभास के साथ तृप्ति डिमरी और विवेक ओबेरॉय अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। तृप्ति के लिए यह संदीप वांगा के साथ दूसरा प्रोजेक्ट होगा। इससे पहले वह 2023 में आई फिल्म एनिमल में नजर आ चुकी हैं।
दिलचस्प बात यह है कि स्पिरिट में पहले तृप्ति डिमरी की जगह दीपिका पादुकोण को कास्ट किया गया था, लेकिन शूटिंग शिफ्ट और फीस को लेकर मतभेद के चलते वह फिल्म से बाहर हो गईं। इसके बाद तृप्ति को इस प्रोजेक्ट में शामिल किया गया। अब 2027 की रिलीज डेट के साथ स्पिरिट को लेकर दर्शकों की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।
टैग्स