होम / टेलिस्कोप / शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में ब्रिटनी स्पीयर्स गिरफ्तार
शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में ब्रिटनी स्पीयर्स गिरफ्तार
अमेरिका की प्रसिद्ध गायिका और अभिनेत्री ब्रिटनी स्पीयर्स को कैलिफोर्निया में शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। कुछ घंटों बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 18 hours ago
अमेरिका की मशहूर गायिका और अभिनेत्री ब्रिटनी स्पीयर्स को कैलिफोर्निया में शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे कैलिफोर्निया हाईवे पेट्रोल ने उन्हें वेंटुरा काउंटी इलाके में रोका और हिरासत में ले लिया। जानकारी के मुताबिक स्पीयर्स को तड़के करीब तीन बजे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया।
हालांकि कुछ घंटों बाद सुबह करीब छह बजे के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया। गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया। रिहाई के बाद ब्रिटनी स्पीयर्स ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी डिलीट कर दिया। गिरफ्तारी से पहले उनकी आखिरी पोस्ट में एक गाने का जिक्र था, जिसमें उन्होंने लिखा था कि दिलों की रानी के साथ व्यवहार करते समय सावधान रहें।
बताया जा रहा है कि इसी सप्ताह की शुरुआत में उन्हें एक कानूनी मामले में राहत भी मिली थी। स्पीयर्स को लुइसियाना के एक व्यक्ति के खिलाफ अदालत से प्रतिबंध आदेश मिला था, जो वर्ष 2013 से उन्हें परेशान कर रहा था।
हालांकि यह पहला मौका नहीं है जब ब्रिटनी स्पीयर्स किसी कानूनी विवाद में फंसी हों। वर्ष 2007 में लॉस एंजिल्स में एक खड़ी कार को टक्कर मारने के मामले में भी उन पर आरोप लगे थे, हालांकि बाद में नुकसान की भरपाई के बाद मामला खत्म हो गया था।
टैग्स