होम / टीवी / इस बड़ी वजह से MIB ने न्यूज चैनलों की TRP पर चार हफ्तों के लिए लगाई रोक
इस बड़ी वजह से MIB ने न्यूज चैनलों की TRP पर चार हफ्तों के लिए लगाई रोक
फिलहाल यह व्यवस्था एक महीने के लिए लागू की जाएगी। इस दौरान न्यूज चैनल सामान्य रूप से प्रसारण करते रहेंगे, लेकिन उनकी दर्शक संख्या से जुड़े आंकड़े न तो मापे जाएंगे और न ही जारी किए जाएंगे।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 8 hours ago
‘सूचना और प्रसारण मंत्रालय’ (MIB) ने अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनावपूर्ण हालात की कवरेज को लेकर न्यूज चैनलों की रेटिंग्स यानी टीआरपी को चार हफ्तों के लिए सस्पेंड करने का निर्णय लिया है। यह कदम कुछ चैनलों द्वारा दिखाई जा रही सनसनीखेज रिपोर्टिंग को लेकर उठाया गया है।
सूत्रों के अनुसार, सरकार को यह महसूस हुआ है कि कुछ न्यूज चैनल इस अंतरराष्ट्रीय संघर्ष को जरूरत से ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर दिखा रहे हैं। ऐसी कवरेज से दर्शकों के बीच अनावश्यक डर और चिंता का माहौल बन सकता है।
सरकार का मानना है कि अगर फिलहाल टीआरपी मापने और उसे जारी करने की प्रक्रिया रोक दी जाए तो चैनलों पर ज्यादा रेटिंग पाने की प्रतिस्पर्धा का दबाव कम होगा। इससे सनसनीखेज खबरें दिखाने की प्रवृत्ति पर भी कुछ हद तक लगाम लग सकती है।
फिलहाल यह व्यवस्था एक महीने के लिए लागू की जाएगी। इस दौरान न्यूज चैनल सामान्य रूप से प्रसारण करते रहेंगे, लेकिन उनकी दर्शक संख्या से जुड़े आंकड़े न तो मापे जाएंगे और न ही जारी किए जाएंगे।
सूत्रों ने यह भी बताया कि इस अवधि के दौरान सरकार चैनलों की कवरेज और उसकी प्रस्तुति पर नजर रखेगी। यदि अधिकारियों को लगेगा कि सनसनी फैलाने या लोगों में घबराहट पैदा होने का खतरा अभी भी बना हुआ है, तो इस चार हफ्तों की अवधि को आगे भी बढ़ाया जा सकता है।
टैग्स