होम / टेक वर्ल्ड / फ्रांस में 15 साल से कम उम्र के बच्चों पर सोशल मीडिया बैन की तैयारी
फ्रांस में 15 साल से कम उम्र के बच्चों पर सोशल मीडिया बैन की तैयारी
फ्रांस सरकार बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को बचाने के लिए बड़ा कदम उठाने जा रही है। राष्ट्रपति मैक्रों ने 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 month ago
ऑस्ट्रेलिया के बाद अब फ्रांस भी बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर सख्ती करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने ऐलान किया है कि सरकार 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रही है। इस कानून को सितंबर से लागू करने की योजना है, ताकि नए शैक्षणिक सत्र के साथ इसे प्रभावी बनाया जा सके।
राष्ट्रपति मैक्रों ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और उनके एल्गोरिदम बच्चों के कोमल मन पर गहरा प्रभाव डाल रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी कीमत पर बच्चों की भावनाओं और मानसिक शांति से समझौता नहीं किया जा सकता। सरकार की प्राथमिकता है कि बच्चों को ऑनलाइन हेरफेर और नकारात्मक प्रभाव से बचाया जाए।
फ्रांस के स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, लगभग आधे किशोर रोजाना 2 से 5 घंटे स्मार्टफोन पर बिताते हैं। 12 से 17 वर्ष के ज्यादातर बच्चे सोशल मीडिया का नियमित इस्तेमाल करते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे बच्चों में आत्मविश्वास की कमी, चिंता और अवसाद जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं।
शोध रिपोर्ट्स में यह भी सामने आया है कि सोशल मीडिया की लत बच्चों को खतरनाक कंटेंट की ओर ले जा रही है। खुद को नुकसान पहुंचाने की प्रवृत्ति, नशीले पदार्थों का सेवन और आत्महत्या जैसे विचार इसमें शामिल हैं। कई परिवारों ने सोशल मीडिया कंपनियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
सरकार का मानना है कि यह फैसला बच्चों के भविष्य और मानसिक स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए जरूरी है। अगर यह कानून लागू होता है, तो फ्रांस दुनिया के उन गिने-चुने देशों में शामिल हो जाएगा, जहां बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर सख्त प्रतिबंध होगा।
टैग्स