होम / टेक वर्ल्ड / भारत के आईटी सेक्टर के लिए AI बड़ा खतरा नहीं: नैसकॉम
भारत के आईटी सेक्टर के लिए AI बड़ा खतरा नहीं: नैसकॉम
नैसकॉम की नई रिपोर्ट के अनुसार वित्त वर्ष 2026 में भारत का टेक सेक्टर 6.1 प्रतिशत की दर से बढ़ सकता है। 1.35 लाख नई नौकरियों और 315 अरब डॉलर राजस्व का अनुमान जताया गया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 12 hours ago
हाल के दिनों में आईटी सेक्टर में नौकरियों को लेकर चिंता बढ़ी है। वैश्विक स्तर पर भी यह चर्चा रही है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते उपयोग से व्हाइट कॉलर नौकरियों पर असर पड़ सकता है। हालांकि अब आईटी इंडस्ट्री की शीर्ष संस्था नैसकॉम की नई रिपोर्ट से कुछ राहत मिली है। रिपोर्ट के अनुसार वित्त वर्ष 2026 में भारत का टेक सेक्टर 6.1 प्रतिशत की दर से बढ़कर 315 अरब डॉलर के राजस्व तक पहुंच सकता है।
वित्त वर्ष 2027 में भी इसी स्तर पर वृद्धि बने रहने की उम्मीद है। रिपोर्ट में कहा गया है कि यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से एआई आधारित सेवाओं और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स के विस्तार के कारण होगी। नैसकॉम के अध्यक्ष राजेश नांबियार के मुताबिक आईटी इंडस्ट्री अब भी शुद्ध रूप से रोजगार देने वाला क्षेत्र बनी हुई है।
अनुमान है कि वित्त वर्ष 2026 में करीब 1.35 लाख नई नौकरियां जुड़ेंगी और कुल कर्मचारियों की संख्या 59.5 लाख तक पहुंच सकती है। हालांकि कैंपस भर्ती में कमी आई है और वैश्विक मांग में सुस्ती देखी गई है। इसके बावजूद देश की प्रमुख आईटी कंपनियों ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में मांग में सुधार हो सकता है।
मजबूत ऑर्डर और नए प्रोजेक्ट्स से सेक्टर को सहारा मिलने की उम्मीद है। कुल मिलाकर चुनौतियों के बीच भी भारतीय टेक सेक्टर लंबी अवधि में मजबूती की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है।
टैग्स