होम / सोशल मीडिया / LPG संकट के पीछे कालाबाजारी और अफवाहें: रजत शर्मा
LPG संकट के पीछे कालाबाजारी और अफवाहें: रजत शर्मा
कई जगह लंबी लाइनें देखने को मिल रही हैं। असल में हर कोई इस स्थिति का मौका उठाने की कोशिश कर रहा है, जिससे संकट और गहरा दिखाई देने लगा है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 4 hours ago
देश में रसोई गैस को लेकर इन दिनों हर दिन अलग-अलग चर्चाएं हो रही है। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण भारत में एलपीजी की मांग तेजी से बढ़ती दिखाई दे रही है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा है कि सभी घरेलू गैस कनेक्शन धारकों को अपनी बायोमेट्रिक आधारित ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करना जरूरी होगा।
इस बीच वरिष्ठ पत्रकार रजत शर्मा ने अपने शो ने कहा कि LPG संकट के पीछे कालाबाज़ारी और अफवाहें काम कर रही है। उन्होंने एक्स पर लिखा, यह सही है कि कई जगह लोग गैस संकट का फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं।
कहीं साइबर अपराध की खबरें सामने आईं, तो कहीं गैस सिलेंडरों को ब्लैक में बेचने की बातें सामने आ रही हैं। अफवाहें भी अपने काम में लगी हुई हैं। पहले जहां हर दिन लगभग 55 लाख सिलेंडरों की मांग होती थी, वहीं इस महीने यह मांग बढ़कर करीब 88 लाख सिलेंडर प्रतिदिन तक पहुंच गई है। सवाल यह है कि क्या लोग अचानक पहले से ज्यादा गैस इस्तेमाल करने लगे हैं?
जांच-पड़ताल में एक बड़ी बात सामने आई। सरकार ने व्यावसायिक उपयोग वाले नीले (ब्लू) सिलेंडरों की आपूर्ति कम कर दी है। ऐसे में रेस्टोरेंट और होटल चलाने वाले लोग ज्यादा पैसे देकर घरेलू उपयोग वाले लाल (रेड) सिलेंडर खरीदने लगे हैं।
इसमें बेचने वाले को भी फायदा है और होटल वालों को भी, क्योंकि कमर्शियल सिलेंडर घरेलू सिलेंडर की तुलना में महंगे होते हैं। सरकार का उद्देश्य यह था कि कमर्शियल उपयोग में कमी करके घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गैस की कमी न होने दी जाए। लेकिन शायद यह नहीं सोचा गया कि लोग घरेलू एलपीजी सिलेंडरों को भी व्यावसायिक उपयोग के लिए बेचने लगेंगे।
इन सभी कारणों के चलते गैस सिलेंडरों की कृत्रिम कमी जैसी स्थिति बन गई है। जबकि आपूर्ति नियमित हो रही है, फिर भी कई जगह लंबी लाइनें देखने को मिल रही हैं। असल में हर कोई इस स्थिति का मौका उठाने की कोशिश कर रहा है, जिससे संकट और गहरा दिखाई देने लगा है।
टैग्स