होम / टीवी / इस मामले को लेकर 'डिश टीवी' पर NSE व BSE ने लगाया 9.2 लाख रुपये का जुर्माना
इस मामले को लेकर 'डिश टीवी' पर NSE व BSE ने लगाया 9.2 लाख रुपये का जुर्माना
डिश टीवी इंडिया लिमिटेड को स्टॉक एक्सचेंज के नियमों का पालन न करने के चलते जुर्माना भरना पड़ा है।
Vikas Saxena 2 hours ago
डिश टीवी इंडिया लिमिटेड पर स्टॉक एक्सचेंज के नियमों का पालन न करने के चलते जुर्माना लगाया गया है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज ने हाल ही में कंपनी को नोटिस भेजा, जिसमें कहा गया कि कंपनी ने बोर्ड की संरचना से जुड़े नियमों का सही तरीके से पालन नहीं किया।
यह मामला दिसंबर 2025 तिमाही का है, जहां कंपनी के बोर्ड में डायरेक्टर्स की संख्या तय नियमों से कम पाई गई। इसी वजह से दोनों एक्सचेंज ने कंपनी पर 4.60 लाख रुपये-4.60 लाख रुपये का जुर्माना लगाया, यानी कुल 9.2 लाख रुपये का फाइन।
कंपनी ने बताया कि बोर्ड में डायरेक्टर्स की संख्या कम होने की वजह शेयरधारकों द्वारा नए डायरेक्टर्स की नियुक्ति को मंजूरी न मिलना और सूचना-प्रसारण मंत्रालय (MIB) से पहले अनुमति लेने की प्रक्रिया रही।
कंपनी के अनुसार, नियमों के तहत MIB की मंजूरी के बिना डायरेक्टर्स की नियुक्ति नहीं हो सकती। ऐसे में कंपनी चाहकर भी बोर्ड में जरूरी संख्या (कम से कम 6 डायरेक्टर्स) पूरी नहीं कर पाई। हालांकि कंपनी ने कम से कम 3 डायरेक्टर्स बनाए रखने की कोशिश लगातार की, जो कंपनियों के कानून के तहत जरूरी है।
डिश टीवी ने यह भी साफ किया कि इस पूरी स्थिति पर न तो कंपनी, न उसके बोर्ड और न ही प्रमोटर्स का कोई सीधा नियंत्रण था, क्योंकि यह फैसले शेयरधारकों और सरकारी मंजूरी पर निर्भर थे।
कंपनी ने कहा कि उसने नियमों का पालन करने के लिए हर जरूरी कदम उठाए हैं और आगे भी सुधार की कोशिश जारी रहेगी।
टैग्स