होम / सोशल मीडिया / कर्नाटक सरकार बच्चों के लिए सोशल मीडिया और AI के सुरक्षित इस्तेमाल पर कर रही है काम
कर्नाटक सरकार बच्चों के लिए सोशल मीडिया और AI के सुरक्षित इस्तेमाल पर कर रही है काम
उन्होंने कहा कि कर्नाटक सरकार भी एआई और सोशल मीडिया के सुरक्षित और जिम्मेदार इस्तेमाल के लिए क्या किया जाना चाहिए, इस पर परामर्श कर रही है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 month ago
कर्नाटक के इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी और जैव प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री प्रियंक खरगे ने शुक्रवार को विधानसभा में बताया कि राज्य सरकार बच्चों के बीच कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और सोशल मीडिया का सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग सुनिश्चित करने के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर विचार कर रही है। यह जानकारी उन्होंने राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान दी।
इस चर्चा के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री सुरेश कुमार ने बच्चों के सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बच्चों का समय से पहले सोशल मीडिया, खासकर अश्लील सामग्री तक पहुँच, चिंता का विषय है। इस पर मंत्री खरगे ने उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों का जवाब दिया।
विधायक सुरेश कुमार ने ऑस्ट्रेलिया के उदाहरण का हवाला दिया, जहां 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के हालिया आर्थिक सर्वेक्षण में भी बच्चों के सोशल मीडिया तक पहुंच के लिए आयु सीमा तय करने पर जोर दिया गया है।
केंद्र सरकार के आर्थिक सर्वेक्षण में यह सुझाव दिया गया है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तक बच्चों की उम्र के आधार पर पहुंच तय की जाए और डिजिटल लत से बचाने के लिए ऑनलाइन शिक्षण का समय भी नियंत्रित किया जाना चाहिए।
सुरेश कुमार ने कहा, “ऑस्ट्रेलिया ने यह बहुत गंभीर कदम उठाया है कि 16 साल से कम उम्र के बच्चों को सोशल मीडिया के संपर्क में नहीं आना चाहिए। संसद में प्रस्तुत आर्थिक सर्वेक्षण में भी बच्चों के समय से पहले सोशल मीडिया तक पहुंच पर चिंता जताई गई है।” उन्होंने बच्चों के अश्लील सामग्री के संपर्क में आने की भी चिंता व्यक्त की।
मंत्री खरगे ने इस मुद्दे को गंभीर माना और कहा कि फिनलैंड ने भी इस दिशा में कदम उठाए हैं ब्रिटेन इस पर विचार कर रहा है, और ऑस्ट्रेलिया ने कुछ महीने पहले ही 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाया है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक सरकार भी एआई और सोशल मीडिया के सुरक्षित और जिम्मेदार इस्तेमाल के लिए क्या किया जाना चाहिए, इस पर परामर्श कर रही है।
टैग्स