होम / सोशल मीडिया / फाइनेंसियल रूप से Meta के लिए कैसा रहा वित्तीय वर्ष 2022, जानें यहां
फाइनेंसियल रूप से Meta के लिए कैसा रहा वित्तीय वर्ष 2022, जानें यहां
कंपनी द्वारा रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज (RoC) के समक्ष दायर की गई वार्षिक रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
दिग्गज सोशल मीडिया कंपनी ‘मेटा’ (Meta) की भारतीय शाखा ‘फेसबुक इंडिया ऑनलाइन सर्विसेज’ (Facebook India Online Services) के विज्ञापन राजस्व (Ad Revenue) में वित्तीय वर्ष 2022 (FY22) में 74 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कंपनी द्वारा रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज (RoC) के समक्ष दायर की गई वार्षिक रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है। इस जानकारी के अनुसार, पिछले वित्तीय वर्ष में जहां कंपनी का ऐड रेवेन्यू 9326 करोड़ रुपये था, वह वित्तीय वर्ष 2022 में यह बढ़कर 16189 करोड़ रुपये हो गया है।
‘इंस्टाग्राम’ (Instagram) और ‘वॉट्सऐप’ (WhatsApp) के स्वामित्व वाली कंपनी के कुल लाभ में 132 प्रतिशत का इजाफा हुआ है और यह 297 करोड़ रुपये हो गया है। इसने समीक्षाधीन वित्त वर्ष के दौरान पिछले वित्त वर्ष में 518 करोड़ रुपये के मुकाबले 907 करोड़ रुपये के बराबर लेवी का भुगतान किया। एक समूह की कंपनी से विज्ञापन इन्वेंट्री खरीदने पर 15,120 करोड़ रुपये का खर्च आया, जबकि पिछले वित्त वर्ष में इसने विज्ञापन इन्वेंट्री खरीदने के लिए 8638.5 करोड़ रुपये का भुगतान किया था।
‘फेसबुक इंडिया’ की कुल इनकम में 57 प्रतिशत का इजाफा हुआ है और यह 1481 करोड़ रुपये से बढ़कर 2324 करोड़ रुपये हो गई है। कुल विज्ञापनदाता रीसेलर रेवेन्यू में 40 प्रतिशत का इजाफा हुआ और यह 636.5 करोड़ रुपये से बढ़कर 889 करोड़ रुपये हो गया है। IT-ITES सर्विसेज सेगमेंट का रेवेन्यू में योगदान 68.22 प्रतिशत बढ़कर 1420 करोड़ रुपये रहा है, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष में यह 844.12 करोड़ रुपये था।
मीडिया एजेंसियों ने अनुमान लगाया है कि विज्ञापन खर्च के मामले में डिजिटल के टीवी से आगे निकलने की उम्मीद है। बता दें कि वित्तीय वर्ष 2021 में ‘गूगल’ और ‘फेसबुक’ ने पिछले वित्त वर्ष में 18,054.9 करोड़ रुपये की तुलना में 23,212.5 करोड़ रुपये का संयुक्त सकल विज्ञापन राजस्व अर्जित किया। दोनों फर्मों का संयुक्त सकल विज्ञापन राजस्व शीर्ष मीडिया कंपनियों के विज्ञापन राजस्व से अधिक है।
टैग्स सोशल मीडिया फेसबुक ऐड रेवेन्यू डिजिटल मार्केटिंग विज्ञापन राजस्व मेटा