होम / मीडिया फोरम / भारत एक्सप्रेस कॉन्क्लेव में जुटे राजनीति, अध्यात्म और सिनेमा के बड़े चेहरे
भारत एक्सप्रेस कॉन्क्लेव में जुटे राजनीति, अध्यात्म और सिनेमा के बड़े चेहरे
भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क की तीसरी वर्षगांठ पर नई दिल्ली के होटल 'द ललित' में राष्ट्रीय कॉन्क्लेव हुआ। इसमें राजनीति, अध्यात्म, सिनेमा और समाज जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 2 hours ago
भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क की तीसरी वर्षगांठ के अवसर पर नई दिल्ली के होटल द ललित में एक भव्य राष्ट्रीय कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में देश की राजनीति, सरकार, अध्यात्म, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिनेमा और समाज से जुड़े कई प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन भारत एक्सप्रेस के सीएमडी और एडिटर-इन-चीफ उपेंद्र राय के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद दीप प्रज्वलन समारोह आयोजित किया गया। इसमें कल्कि धाम पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम, लोकेश मुनि महाराज और उपेंद्र राय सहित कई विशिष्ट अतिथियों ने भाग लिया। इस अवसर पर उपेंद्र राय ने कहा कि भारत एक्सप्रेस का उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सार्थक संवाद स्थापित करना भी है।
कॉन्क्लेव में “राष्ट्र प्रथम”, “सनातन”, “जलशक्ति”, “कैसा होगा यंगिस्तान का हिन्दुस्तान”, “एक देश एक विधान” और “एक संविधान” जैसे विषयों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, गजेन्द्र सिंह शेखावत, सी.आर. पाटिल, अर्जुन राम मेघवाल, मनसुख मंडाविया, अन्नपूर्णा देवी और अनुप्रिया पटेल सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।
इसके अलावा अध्यात्म जगत से आचार्य प्रमोद कृष्णम, लोकेश मुनि महाराज और आचार्य मनीष ने अपने विचार रखे। फिल्म जगत से निर्माता बोनी कपूर, निर्देशक अनिल शर्मा, अभिनेता-सांसद मनोज तिवारी और रवि किशन भी कार्यक्रम में शामिल हुए और सिनेमा तथा समाज के संबंध पर चर्चा की।
टैग्स