होम / मीडिया फोरम / उपेंद्र राय का बड़ा ऐलान : भारत एक्सप्रेस के साथ फिर शुरू होगा ‘सहारा’
उपेंद्र राय का बड़ा ऐलान : भारत एक्सप्रेस के साथ फिर शुरू होगा ‘सहारा’
भारत एक्सप्रेस की तीसरी वर्षगांठ पर आयोजित कॉन्क्लेव में सीएमडी उपेंद्र राय ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि सहारा न्यूज़ नेटवर्क के चैनल दोबारा शुरू होंगे और अखबार भी नए रूप में लौटेगा।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 2 hours ago
भारत एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क की तीसरी वर्षगांठ के अवसर पर दिल्ली में ‘विकसित भारत 2047: नए भारत की बात’ थीम पर भव्य मेगा कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ भारत एक्सप्रेस के सीएमडी और एडिटर-इन-चीफ उपेंद्र राय ने जगतगुरु आचार्य प्रमोद कृष्णम, आचार्य मनीष और आचार्य कपिल मुनि के साथ दीप प्रज्वलित कर किया।
इसी मंच से उपेंद्र राय ने मीडिया जगत के लिए एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि ‘सहारा’ का नया सफर अब भारत एक्सप्रेस के साथ शुरू होगा। उन्होंने बताया कि सहारा न्यूज़ नेटवर्क के सभी चैनलों को फिर से शुरू किया जाएगा। साथ ही प्रिंट मीडिया में भी बड़ी वापसी करते हुए ‘राष्ट्रीय सहारा’ अखबार को देशभर में दोबारा विस्तार देने की योजना बनाई गई है।
उपेंद्र राय ने कहा कि सहारा न्यूज़ नेटवर्क के साथ उनकी करीब 23 साल की लंबी यात्रा रही है। उन्होंने कहा कि सहारा श्री ने देश के लिए बहुत कुछ किया और उन्होंने करीब 15 साल तक सीईओ और एडिटर-इन-चीफ के रूप में इस नेटवर्क को चलाया। उन्होंने कहा कि वफादारी किसी भी व्यक्ति की सफलता का सबसे बड़ा आधार होती है।
सीएमडी उपेंद्र राय ने घोषणा की कि सहारा न्यूज़ से जुड़े सभी एसेट्स को दोबारा सक्रिय किया जाएगा और नेटवर्क के चैनलों को जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक महीने के भीतर ‘राष्ट्रीय सहारा’ अखबार नए रूप में पाठकों तक पहुंचेगा।
उनका लक्ष्य इसे पहले 20 शहरों और बाद में देश के 30 शहरों तक विस्तार देने का है। इस घोषणा के बाद मीडिया और पत्रकारिता जगत में नई चर्चा शुरू हो गई है और इसे भारतीय मीडिया उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
टैग्स