होम / मीडिया फोरम / पत्रकार की मौत के बाद जब किसी ने नहीं ली सुध, पुलिस ने निभाया अपना फर्ज
पत्रकार की मौत के बाद जब किसी ने नहीं ली सुध, पुलिस ने निभाया अपना फर्ज
कोरोनावायरस का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। लोगों में इस बीमारी को लेकर काफी खौफ है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
कोरोनावायरस का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। लोगों में इस बीमारी को लेकर काफी खौफ है। आलम यह है कि कई स्थानों पर कोरोना से परिवार के किसी सदस्य की मौत होने पर परिजनों द्वारा शव को लावारिस छोड़े जाने की खबरें भी पढ़ने को मिल रही हैं।
कुछ ऐसा ही उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में उस समय देखने को मिला, जब पत्रकार चंदन प्रताप सिंह के निधन के बाद उन्हें अंतिम विदाई देने न घर का कोई सदस्य पहुंच पाया और न ही किसी पत्रकार संगठन ने सुध ली। ऐसे में चंदन प्रताप सिंह का शव करीब तीन दिनों तक पड़ा रहा।
इसके बाद मकान मालिक की सूचना पर पुलिस आगे आई और अपना फर्ज निभाते हुए चंदन सिंह का अंतिम संस्कार कराया। यही नहीं, गोमतीनगर थाने के स्टाफ एसआई दयाराम साहनी, अरुण यादव, राजेंद्र बाबू और प्रशांत सिंह ने पार्थिव देह को कंधा देकर बैकुंठ धाम, लखनऊ पहुंचाया। सोशल मीडिया पर पुलिस के इस कदम की लोगों ने सराहना की है और तमाम पत्रकार संगठनों को आड़े हाथ लिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चंदन कोरोना से संक्रमित थे। उन्हें लखनऊ के गोमतीनगर में अपने कमरे में मृत पाया गया, जहां वह किराए पर अकेले रहते थे। बताया गया कि चंदन सिंह के फोन से उनके परिजन से संपर्क करने की कोशिश की गई। उनके किसी रिश्तेदार से बात भी हुई, लेकिन उन्होंने लखनऊ पहुंचने में असमर्थता जताई।
चंदन प्रताप सिंह पुत्र एनपी सिंह, वरिष्ठ टीवी पत्रकार (दिवंगत) एसपी सिंह के भतीजे थे। चंदन प्रताप सिंह ने न्यूज एक्सप्रेस, टोटल टीवी और न्यूज 17 जैसे संस्थानों में काम किया था। फिलहाल, वह लखनऊ के गोमतीनगर में एक वेब पोर्टल में काम करते थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चंदन माता-पिता की मौत पर भी अपने घर नहीं गए थे। इसके अलावा कई अन्य मनभेदों के चलते परिवार ने उनके साथ अपने सारे संबंध तोड़ लिए थे।
पत्रकार की अंतिम विदाई करने घर का कोई न पहुंचा तो @Uppolice ने निभाया फर्ज,दिया कंधा, सैलूट?
— Piyush Mishra (@PMLUCKNOW) April 30, 2021
मृतक चंदन प्रताप सिंह पुत्र NP सिंह (लावारिस) की अंतिम विदाई में कंधा देते हुए SI दयाराम साहनी,अरुण यादव राजेंद्र बाबू, प्रशांत सिंह थाना गोमती नगर लखनऊ बैकुंठ धाम लखनऊ पहुंचे! pic.twitter.com/ckAEVUK3Bd
टैग्स चंदन प्रताप सिंह पत्रकार का निधन उत्तर प्रदेश पुलिस