होम / साक्षात्कार / जिस दिन इन्वेस्टर ने ये बात समझ ली, उस दिन उसे पैसा बनाना आ जाएगा: अनिल सिंघवी
जिस दिन इन्वेस्टर ने ये बात समझ ली, उस दिन उसे पैसा बनाना आ जाएगा: अनिल सिंघवी
‘जी बिजनेस’ के मैनेजिंग एडिटर अनिल सिंघवी ने समाचार4मीडिया से बातचीत में स्टॉक मार्केट, निवेश और मीडिया से जुड़े अहम मुद्दों पर बेबाकी से अपने विचार साझा किए।
pankaj sharma 7 months ago
बिजनेस न्यूज चैनल ‘जी बिजनेस’ (Zee Business) और फाइनेंशियल ऐप ‘धन’ (Dhan) द्वारा संयुक्त रूप से 5 जुलाई 2025 को दिल्ली स्थित भारत मंडपम में विशेष कार्यक्रम ‘एक कदम Dhan की ओर’ (Ek Kadam Dhan Ki Ore) का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ‘जी बिजनेस’ के मैनेजिंग एडिटर और देश के प्रमुख शेयर बाजार विश्लेषकों में से एक अनिल सिंघवी से समाचार4मीडिया ने खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने स्टॉक मार्केट, निवेश और मीडिया से जुड़े अहम मुद्दों पर बेबाकी से अपने विचार साझा किए। प्रस्तुत हैं इस बातचीत के प्रमुख अंश:
‘एक कदम Dhan की ओर’ जैसे आयोजन आज के निवेशकों के लिए कितने जरूरी हैं? आप इस मंच की सबसे अहम बात क्या मानते हैं?
निवेशकों को दो ही वक्त सलाहकार की जरूरत होती है—जब बाजार तेज होता है और जब मंदी आती है। तेजी में अक्सर लोग खुद को एक्सपर्ट समझ बैठते हैं और बिना सोचे-समझे निवेश कर बैठते हैं। वहीं मंदी में डर सताता है। ऐसे में ‘एक कदम Dhan की ओर’ जैसे कार्यक्रमों का मकसद यह है कि लोगों को सही समय, सही जगह, और सही तरीके से निवेश करने के बारे में बताया जाए। यही वजह है कि हम देशभर में ये आयोजन कर रहे हैं।
इस कार्यक्रम में देशभर से फंड CEOs और मार्केट प्रोफेशनल्स जुटे हैं। आपको क्या लगता है, ऐसे संवादों से आम निवेशकों को क्या व्यावहारिक लाभ होता है?
टीवी पर लोग हमें देखते-सुनते हैं, लेकिन आमने-सामने सवाल पूछने का मौका कम ही मिलता है। ऐसे आयोजनों में पैनल डिस्कशन के अलावा हम जनता के लिए मंच खोल देते हैं, जहां वे पोर्टफोलियो से लेकर किसी खास स्टॉक तक के सवाल पूछ सकते हैं। इससे उनका भरोसा बढ़ता है और उन्हें सही मार्गदर्शन मिलता है।
आप वर्षों से निवेशकों के व्यवहार को समझते आए हैं। क्या आपको लगता है कि आज का निवेशक पहले की तुलना में ज्यादा सजग और शिक्षित हो गया है?
बिल्कुल! आज के निवेशकों में जितनी मैच्योरिटी है, उतनी शायद पहले नहीं थी। SIP के जरिये निवेश लगातार बढ़ रहा है। यंग इन्वेस्टर्स भी अब पहले की तुलना में कहीं ज्यादा समझदार हैं। डिजिटल क्रांति, मीडिया, ऐप्स और इन्फ्लुएंसर्स ने मिलकर एक ऐसा ईकोसिस्टम बनाया है जिससे लोग अब सोच-समझकर निवेश कर रहे हैं।
छोटे निवेशकों को आज सबसे बड़ी चुनौती क्या दिखती है – जानकारी की कमी, डर, या लालच?
सबसे बड़ी चुनौती है जानकारी की कमी और गलत धारणा कि शेयर बाजार से बिना मेहनत के बहुत जल्दी पैसा बनाया जा सकता है। निवेश को एक गंभीर प्रक्रिया के रूप में समझना जरूरी है। लालच और डर तभी नियंत्रित होंगे जब सही जानकारी होगी।
आज के बाजार को आप किस स्टेज में मानते हैं – अवसर का समय है या सतर्कता का?
ये समय अवसरों से भरा हुआ है। अगर आपका नजरिया 3-5 साल का है, तो मौजूदा स्तरों पर निवेश करना बिलकुल सही है। सतर्कता जरूरी है कि पैसा कहां लगाया जा रहा है, लेकिन पैसा लगाना चाहिए या नहीं—इस पर कोई संदेह नहीं होना चाहिए।
आप अक्सर कहते हैं कि ‘धैर्य सबसे बड़ा हथियार है’। क्या नए निवेशकों को यह बात समझ आती है? कोई उदाहरण देना चाहेंगे?
निवेशक नए हों या पुराने—धैर्य उम्र और अनुभव से आता है। मैं मानता हूं कि नए निवेशकों को शुरुआत में ही बाजार का झटका लगना चाहिए ताकि उन्हें समझ आए कि पैसा कैसे बनता है और कैसे जाता है। यही समझ उन्हें सच्चा निवेशक बनाएगी। मैं तो चाहता हूं जैसे ही कोई इन्वेस्टर बाजार में आए उसको तुरंत ही झटका लग जाना चाहिए। जिस दिन किसी इन्वेस्टर ने ये समझ लिया कि पैसा कैसे जाता है उस दिन उसको पैसा बनाना आ जाएगा।
आपके अनुभव में, फाइनेंशियल लिटरेसी को बढ़ाने में मीडिया की भूमिका कितनी निर्णायक रही है, खासकर पिछले कुछ वर्षों में?
बहुत बड़ी भूमिका रही है। सिर्फ खबर देना ही नहीं, लोगों को सिखाना और समझाना भी हमारा दायित्व है। सेविंग से लेकर वेल्थ क्रिएशन तक की यात्रा को सरल भाषा में समझाना जरूरी है। अगर कोई निवेशक बिजनेस चैनल की जरूरत महसूस न करे, तो समझिए कि हमने अपना काम सही किया।
क्या आपको लगता है कि हिंदी भाषा में फाइनेंशियल कंटेंट की मांग और पहुंच दोनों तेजी से बढ़ी है?
बिलकुल! अंग्रेजी मजबूरी थी, हिंदी पसंद है। हमने साबित किया कि बिजनेस की भाषा भी हिंदी हो सकती है और हम बाजार को सरलतम भाषा में समझा सकते हैं। जितना दोस्त बनकर सिखाएंगे, लोग उतना ही सीखेंगे।
आप खुद भी एक गाइड की तरह लाखों निवेशकों से जुड़े हैं। क्या अब भी कोई बात या प्रतिक्रिया है जो आपको व्यक्तिगत रूप से छू जाती है?
ऐसे कई किस्से हैं। मुंबई की एक 85 वर्षीय नेत्रहीन महिला जो मेरी आवाज से मुझे पहचानती थीं और अपने अंतिम समय तक अपने शेयर मेरे कहे बिना नहीं बेचना चाहती थीं। ऐसे अनुभव बताते हैं कि लोग मुझ पर कितना विश्वास करते हैं। मैं खुद को केवल एक माध्यम मानता हूं, भाग्य तो सबका ऊपरवाला लिखता है।
आपने लाखों निवेशकों से संवाद किया है—ऐसी एक सलाह जो हर निवेशक को जीवन भर याद रखनी चाहिए, वो क्या होगी?
इस बारे में मैं सिर्फ एक ही बात कहूंगा। ‘देयर इज़ नो सब्स्टीट्यूट टू हार्ड वर्क।‘ यानी कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। सफलता आसान नहीं होती। जितना ऊंचा जाना चाहते हैं, उतनी ही मेहनत करनी पड़ेगी। सफलता एक स्थायी जगह नहीं है, वहां टिके रहना असली चुनौती है।
टैग्स