होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / न्यूज चैनल के पत्रकार सचिन खेड़ा की मौत, परिवार को लगा बड़ा झटका
न्यूज चैनल के पत्रकार सचिन खेड़ा की मौत, परिवार को लगा बड़ा झटका
समाचार4मीडिया ब्यूरो हरियाणा के फरीदाबाद स्थित एक निजी अस्पताल में बुखार के इलाज के लिए 3 सितंबर को भर्ती हुए टीवी न्यूज चैनल के पत्रकार सचिन खेड़ा की गुरुवार तड़के मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो
हरियाणा के फरीदाबाद स्थित एक निजी अस्पताल में बुखार के इलाज के लिए 3 सितंबर को भर्ती हुए टीवी न्यूज चैनल के पत्रकार सचिन खेड़ा की गुरुवार तड़के मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
कोतवाली थाना पुलिस ने सचिन के भाई आशीष की शिकायत पर एक नामजद सहित आइसीयू के अन्य डॉक्टरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, न्यू जनता कॉलोनी निवासी सचिन खेड़ा के परिवार में पत्नी के अलावा 11 साल का बेटा और 6 साल की बेटी है। भाई आशीष ने पुलिस को बताया कि सचिन पेटदर्द की शिकायत के चलते 29 अगस्त को अस्पताल में भर्ती कराया था। 1 सितंबर को डॉक्टरों ने उन्हें छुट्टी दे दी। घर पहुंचने पर उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें तेज बुखार आ गया। ऐसे में 2 सितंबर को उन्हें फिर से अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रवक्ता ने बताया कि 7 सितंबर को डाक्टरों ने बताया कि सचिन को सांस लेने में समस्या हो रही है। ऐसे में उन्हें आइसीयू में भर्ती किया गया और 8 सितंबर की तड़के उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने सचिन को या तो कोई गलत दवा दे दी है, या उसे किसी दवा की ओवरडोज दी गई, जिससे उनका शरीर भी नीला पड़ गया और मौत हो गई। उनका यह भी आरोप है कि डॉक्टरों ने सचिन की स्थिति को परिवार वालों से छुपाया और इलाज की सही जानकारी नहीं दी।
सचिन की मौत के बाद परिजनों और शहर के पत्रकारों ने चार घंटे तक पुलिस प्रशासन के खिलाफ धरना दिया। पत्रकारों का कहना था कि पुलिस को शिकायत दर्ज करनी चाहिए, जांच के बाद जो दोषी होगा उसे अदालत सजा देगी।
एसीपी मुजेसर राजेश चेची का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामला दर्ज कर लिया गया है। डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमॉर्टम कराया है, वहीं बिसरा जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं सीएमओ गुलशन अरोड़ा का कहना है कि पुलिस के आग्रह पर हमने बोर्ड का गठन कर पोस्टमॉर्टम करा दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के विषय में कुछ कहा जा सकता है।
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स