होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / प्रो. रेसलिंग लीग की नीलामी में फोगाट बहनों को मिली ये बड़ी रकम
प्रो. रेसलिंग लीग की नीलामी में फोगाट बहनों को मिली ये बड़ी रकम
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। प्रो रेसलिंग लीग सेशन दो (Pro Wrestling League Season 2) के लिए छह टीमों (franchises) ने नीलामी में अपने-अपने पहलवानों को खरीदकर 2017 की प्रतियोगिता के लिए अपनी टीम पूरी कर ली है। विख्यात नीलामीकर्ता बॉब
समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
प्रो रेसलिंग लीग सेशन दो (Pro Wrestling League Season 2) के लिए छह टीमों (franchises) ने नीलामी में अपने-अपने पहलवानों को खरीदकर 2017 की प्रतियोगिता के लिए अपनी टीम पूरी कर ली है। विख्यात नीलामीकर्ता बॉब हेटन की ओर से आयोजित इस प्रक्रिया में नोटबंदी के बावजूद फ्रेचाइजी मालिकों ने पसंदीदा खिलाडि़यों को खरीदने में अपनी तिजोरियों के मुंह खोल दिए। इन छह फ्रेंचाइजी में मुंबई, दिल्ली, पंजाब, जयपुर, उत्तर प्रदेश और हरियाणा शामिल हैं। लीग का आयोजन दो से 19 जनवरी 2017 के दौरान होना है।
नीलामी के नियमों के मुताबिक नौ सदस्यीय टीम तैयार करने के लिए प्रत्येक टीम के पास दो करोड़ रुपये की राशि थी। इस टीम में पांच पुरुष और दो महिलाएं होनी चाहिए और इनमें भी पांच भारतीय व चार अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल किए जाने थे। नीलामी में रियो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता जॉर्जिया के पहलवान व्लादीमिर खिनचेगशविली सबसे महंगे बिके। स्टार पहलवान योगेश्वर दत्त ने अपनी शादी के चलते आखिरी समय में नीलामी से अपना नाम वापस ले लिया है। योगेश्वर दत्त की गैरमौजूदगी में बजरंग पूनिया सबसे महंगे भारतीय पहलवान साबित हुए। उन्हें 38 लाख रुपये में दिल्ली ने खरीदा।
रूस के मागोमेद कुर्बान अलाइव दूसरे सबसे महंगे पहलवान रहे। उन्हें 47 लाख में हरियाणा ने खरीदा। रियो ओलंपिक के कांस्य विजेता अजरबैजान के जराईल हसनाव को 43 लाख में मुंबई ने खरीदा। अजरबैजान की ही तीन बार की ओलंपिक पदक विजेता मारिया स्टैडनिक को दिल्ली ने 47 लाख रुपये में खरीदा। ओलंपिक विजेता स्वीडन की सोफिया को साढ़े 41 लाख में हरियाणा ने, नाइजीरियाई पहलवान ओड्डनायो को 32 लाख में पंजाब ने और रियो ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता कनाडा की एरिका को 43 लाख रुपये में मुंबई ने खरीदा। अमित धनखड़ को 32 लाख में उत्तर प्रदेश ने खरीदा।
दिल्ली ने मारिया स्टैडनिक पर 47 लाख रुपये खर्च किये और इस तरह से वह नीलामी में सबसे महंगी महिला पहलवान बनी जबकि भारतीय स्टार साक्षी मलिक को केवल 30 लाख रुपये ही मिले।
यहां तक कि साक्षी मलिक को 2016 की राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता रितु फोगाट ने भी पीछे छोड़ दिया। उन्हें नई फ्रेंचाइजी जयपुर ने 36 लाख रुपये में खरीदा और इस तरह से वह सबसे महंगी भारतीय महिला पहलवान रहीं। फोगाट बहनों गीता, बबिता, रितु और संगीता चारों को कुल 70 लाख रुपये की राशि मिली। बबिता और गीता को उत्तर प्रदेश फ्रेंचाइजी ने खरीदा।
भारतीय कुश्ती संघ (Wrestling Federation of India) के अध्यक्ष ब्रजभूषण शरण सिंह इस पूरी प्रक्रिया से काफी प्रभावित दिखाई दिए। उन्होंने कहा, ‘सीजन दो की नीलामी काफी अच्छी रही और सभी फ्रेंचाइजी ने अपनी पसंदीदा टीम तैयार की है। मुझे पूरा विश्वास है कि टीम मालिकों ने जैसा उत्साह दिखाया है, वह पूरे सीजन में देखने को मिलेगा।’
बॉलिवुड के दिग्गज अभिनेता और पंजाब टीम के सह मालिक धर्मेंद्र भी टीम में शामिल खिलाडि़यों को लेकर काफी खुश थे। उन्होंने कहा, ‘हम अपनी टीम में ऐसे पहलवानों को पाकर काफी खुश हैं। व्लादीमिर हमारे साथ सीजन एक से हैं और हमें खुशी है कि अच्छी कीमत देकर हमने उन्हें अपने साथ बनाए रखा है। कुल मिलाकर हमारे पास काफी अच्छी टीम है और उम्मीद है कि इस सीजन के विजेता हम ही होंगे।’
उत्तर प्रदेश की टीम के मालिक सन्नी कात्याल ने कहा, ‘प्रो कुश्ती लीग का हिस्सा बनकर मैं बहुत खुश हूं। मेरा मानना है कि बबिता और गीता के रूप में हमें बहुत अच्छे पहलवान मिले हैं। मैं चाहता हूं कि यह लीग जल्द से शुरू हो क्योंकि अब इंतजार नहीं होता है।’
वहीं हरियाणा टीम के सह मालिक (Co-Owner) गोल्डी बहल ने कहा, ‘चूंकि हम इसके पहले सीजन में भी भाग ले चुके हैं, जिसका अनुभव भी हमें इस बार काफी काम आएगा। इस बार काफी खिलाड़ी नीलामी प्रक्रिया में शामिल थे, जिससे हमें उनने चुनने का मौका मिला।’
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स