होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ‘दैनिक जागरण’ का बदला कलेवर, पर मास्टहेड वही...
‘दैनिक जागरण’ का बदला कलेवर, पर मास्टहेड वही...
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। हिन्दी दैनिक समाचार पत्र ‘दैनिक जागरण’ (Dainik Jagran) ने दो जनवरी से अपने लेआउट को पूरी तरह बदल दिया है हालांकि इसको लेकर तैयारियां कई दिनों से चल रही थीं लेकिन दो जनवरी को अखबार के संस्थापक पूर्णचंद्र गु
समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
हिन्दी दैनिक समाचार पत्र ‘दैनिक जागरण’ (Dainik Jagran) ने दो जनवरी से अपने लेआउट को पूरी तरह बदल दिया है हालांकि इसको लेकर तैयारियां कई दिनों से चल रही थीं लेकिन दो जनवरी को अखबार के संस्थापक पूर्णचंद्र गुप्त की जयंती पर इसे मूर्त रूप दिया गया है।बताया जाता है कि चैनल का मास्टहेड (Mashhead) अभी नहीं बदला गया है, बताया जा रहा है कि ऐसा इसलिए नहीं हो पाया क्योंकि फिलहाल आईआरएस (IRS) का सर्वे चल रहा है। एक बार यह सर्वे पूरा होने के बाद इसे भी बदल दिया जाएगा।
फिलहाल फॉन्ट, स्टाइल, कलर व कलेवर में बदलाव किया है। इसको लेकर अखबार ने पहले पेज पर एक सूचना भी छापी है, जिसमें इन बदलावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है। अब देखना यह है कि क्या नया लेआउट भी इस अखबार के पाठकों को उसी तरह पसंद आएगा और इसको लेकर उनकी प्रतिक्रिया कैसी होगी।
जागरण ने क्या-क्या बदलाव किए हैं, इसे लेकर अखबार में उसने इसकी जानकारी दी है, जिसे आप यहां पढ़ सकते हैं :
साज-सज्जा नई पर तेवर वही
इस डिजिटल युग में दुनिया के नक्शे में कुछ ही ऐसे देश हैं जहां प्रिंट मीडिया न केवल निखर रहा है, बल्कि ग्लोबल रुझान को गलत साबित करते हुए सफलता के साथ बढ़ भी रहा है। अपने देश में हिंदी प्रिंट मीडिया इस विकास का खास तौर पर वाहक है और उसकी अगुआई कर रहा है दैनिक जागरण। पाठकों की सुविधा और उनकी रुचि को ध्यान में रखते हुए दैनिक जागरण ने अपनी मौलिकता में परिवर्तन किए बिना एक बार फिर अपनी साज-सज्जा और अहसास को बदला है।
आज से आपका प्रिय समाचार पत्र डिजाइन और समाचारों-विचारों के प्रस्तुतिकरण में कई बदलावों के साथ आ रहा है। ये बदलाव अखबार पढ़ने के अनुभव को न केवल सुविधाजनक, बल्कि उसे और अधिक रुचिकर भी बनाएंगे। हमारा उद्देश्य कंटेंट में कोई कटौती किए बिना अखबार पढ़ने को अधिक सुविधाजनक बनाना था। यह ऐसे नए फॉन्ट के साथ ही संभव था जो आंखों के लिए सहज हो और सभी आयु के लोगों की सुविधा के लिए थोड़े बड़े आकार में हो। हमने हेडिंग के लिए भी नए फांट चुने हैं ताकि बदलाव और सुखद लगे। अलग-अलग फांट के इस्तेमाल के साथ अब समाचारों का महत्व और अधिक स्पष्ट होगा। क्रासर, कथन, तथ्यों आदि के साथ नए डिजाइन के इस्तेमाल से पाठकों को किसी खबर की गहराई में जाने से पहले उसे सरसरी निगाह से देखने में सुविधा होगी। नई साज-सज्जा में आपको जागरण ब्रांड के कलर और अधिक प्रभावी तौर पर देखने को मिलेंगे। पहले पेज पर दी गई महत्वपूर्ण खबरों के साथ अंदर के पन्नों की प्रमुख खबरों तक पहुंचने के लिए आकर्षक नेविगेटर होंगे ताकि पाठक हर अहम खबर पर आसानी से निगाह डाल सके।
फीचर पन्नों और सप्लीमेंट में नए चटख रंगों के इस्तेमाल के साथ पाठक नई सामग्री नए रूप में पाएंगे। सप्तरंग में पर्सनल टेक और लाइफ स्टाइल से संबंधित नए पन्ने होंगे। इसके साथ ही सप्तरंग अब हर दिन अलग कलर थीम के साथ दिखेगा, जो अलग पहचान बनाने के लिहाज से पेज की सामग्री के अनुकूल होगा। साज-सज्जा में कुछ ऐसे ही सुरुचिपूर्ण बदलाव संगिनी, झंकार, यात्र आदि सप्लीमेंट में भी किए गए हैं। नए फांट, स्टाइल और कलर के इस्तेमाल के साथ ही हमने कंटेंट को और बेहतर बनाने की भी शुरुआत की है, जो युवाओं से लेकर उम्रदराज पाठकों तक को नएपन का अहसास कराएगा। संपादकीय पेज विजुअल एडिट, दैनिक काटरून और ज्यादा ट्वीट्स के साथ अधिक जीवंत एवं रुचिकर होगा। आने वाले दिनों में आपको न केवल रंगों और फांट में बदलाव नजर आएंगे बल्कि कंटेंट, विजुअल और खबरों के प्रस्तुतीकरण में भी नए प्रयोग देखने को मिलेंगे। इस बदलाव के बावजूद अखबार का बुनियादी स्वरूप बरकरार रहेगा, जिसके आप अभ्यस्त हैं। हमें आपके सहयोग और सुझावों का इंतजार रहेगा।
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स