होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / कोर्ट के सामने पेश नहीं होंगे स्टिंग मामले में फंसे CM, दिया ये जवाब...
कोर्ट के सामने पेश नहीं होंगे स्टिंग मामले में फंसे CM, दिया ये जवाब...
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। विधायकों की खरीद-फरोख्त को लेकर सामने आए स्टिंग में फंसे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत कोर्ट के सामने पेश नहीं होंगे। सीएम ने कोर्ट से हाजिर होने के लिए दूसरी तारीख मांगी है। उन्होंने सीबीआई की कार्
समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
विधायकों की खरीद-फरोख्त को लेकर सामने आए स्टिंग में फंसे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत कोर्ट के सामने पेश नहीं होंगे। सीएम ने कोर्ट से हाजिर होने के लिए दूसरी तारीख मांगी है।
उन्होंने सीबीआई की कार्रवाई की टाइमिंग को लेकर जांच एजेंसी पर ही सवाल उठा दिए हैं। समन को लेकर रावत ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव से ठीक पहले उन्हें सीबीआई से समन जारी करने के पीछे सरकार की साजिश है।
स्टिंग मामले में आज 26 दिसम्बर को हरीश रावत को कोर्ट में पेश होना था, लेकिन अब खबर है कि वे कोर्ट नहीं जाएंगे। दो दिन पहले उन्हें समन जारी किया गया था।
माना जा रहा है कि इस बार हरीश रावत की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। रावत ने बीजेपी पर साजिश करने का आरोप लगाया है।
रावत ने कहा कि बीजेपी को पता है कि वे उनसे चुनाव में मुकाबला नहीं कर सकती, इसलिए बीजेपी ऐसा दांव खेल रही है। यहां पुलिस लाइन के सम्मेलन कक्ष में पत्रकार वार्ता में सीएम ने फिर से स्टिंग ऑपरेशन को साजिश बताया।
गौरतलब है कि यह मामला हाईकोर्ट में भी चल रहा है। हरीश रावत के वकील का कहना था कि इस मामले में अगली सुनवाई 26 दिसंबर के पहले होनी चाहिए। सीबीआई ने कोर्ट में इसका विरोध किया। इस पर कोर्ट ने साफ कर दिया कि अगली सुनवाई 7 जनवरी को ही होगी।
कोर्ट ने सीबीआई से कहा कि अगर वह इस मामले में कोई एफआईआर करती है तो पहले वह हाईकोर्ट को सूचित करेगी। हरीश रावत के लिए यही थोड़ी राहत मानी जा सकती है।
क्या है पूरा मामला?
राज्य में सियासी संकट के बीच एक स्टिंग की सीडी सामने आई थी, जिसमें सीएम हरीश रावत पर विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया गया था। यह पूरा प्रकरण एक स्टिंग ऑपरेशन में रिकॉर्ड किया गया था। विधानसभा में बहुमत साबित करने के दो दिन पहले यानी 26 मार्च को दिल्ली में कांग्रेस के बागी विधायकों ने यह सीडी जारी की थी। बाद में स्टिंग ऑपरेशन करने का दावा करने वाले समाचार प्लस समूह के संपादक उमेश कुमार ने अपने न्यूज चैनल पर भी इस स्टिंग को ब्रॉडकास्ट किया था।
स्टिंग में मुख्यमंत्री हरीश रावत और स्टिंगकर्ता के बीच विधायकों की खरीद-फरोख्त की बात चल रही है। सीडी के जारी होने के बाद हरीश रावत ने इसे नकार दिया था और स्टिंगकर्ता की कार्यप्रणाली व संपत्ति को लेकर कई सवाल उठाए थे। बाद में हरीश रावत ने यह कहते हुए स्टिंगकर्ता से मिलने की बात स्वीकारी थी कि वे पत्रकारों से मिलते-जुलते रहते हैं, इसमें गलत क्या है।
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स