होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / राहुल गांधी संसद में मोदी की किस बात का भांडाफोड़ करेंगे, बताया डॉ. वैदिक ने...
राहुल गांधी संसद में मोदी की किस बात का भांडाफोड़ करेंगे, बताया डॉ. वैदिक ने...
डॉ. वेद प्रताप वैदिक वरिष्ठ पत्रकार ।। राहुल भूकंप क्यों नहीं ला रहे? कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी आजकल गजब की बमबारी कर रहे हैं। कभी वे कहते हैं कि मुझे संसद में अगर बोलने दें तो भूकंप आ जाएगा और कभी वे कहते हैं कि मुझे नरे
समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago
डॉ. वेद प्रताप वैदिक वरिष्ठ पत्रकार ।।
राहुल भूकंप क्यों नहीं ला रहे?
कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी आजकल गजब की बमबारी कर रहे हैं। कभी वे कहते हैं कि मुझे संसद में अगर बोलने दें तो भूकंप आ जाएगा और कभी वे कहते हैं कि मुझे नरेंद्र मोदी के ‘व्यक्तिगत भ्रष्टाचार’ की ‘विस्तृत जानकारी’ है। दिक्कत यही है कि उन्हें संसद में यह भांडाफोड़ नहीं करने दिया जा रहा है। यहां असली सवाल यह है कि वे अपने इस बम को सदन में ही क्यों फोड़ना चाहते हैं? सदन में हजार लफड़े हैं। वे एक पटाखा फोड़ेंगे तो जवाब में दर्जनों पटाखे एक साथ फूट पड़ेंगे? उनके कान फटने लगेंगे। बोफर्स से लेकर आगस्टा वेस्टलैंड तक इतनी तोपें और हेलिकॉप्टर एक साथ उड़ने लगेंगे कि उनका भागना भी मुश्किल हो जाएगा। फिर भी वे सदन में बोलना चाहें तो उन्हें कौन रोक सकता है? वे नोटबंदी या नाकेबंदी या नसबंदी को भूल जाएं। अब वे मोदीबंदी शुरू करें। शुरु करके देखें। लेकिन ऐसा करने का दम-खम उनमें नहीं है।
यदि वे नोटबंदी के इस मौसम में मोदी का तंबू उखाड़ सकें तो उनके सारे मसखरेपन को देश भूल जाएगा और वे नेता बनना शुरू कर देंगे लेकिन दिक्कत यह है कि वे जिस ‘जानकारी’ पर उछल रहे हैं, वह बासी कढ़ी के अलावा कुछ नहीं है। कई पत्रकारों द्वारा खोले गए ‘रहस्यों’ को राहुल दुबारा फेंटने का दम भर रहे हैं।
गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर मोदी द्वारा सहारा समूह और बिरला समूह से करोड़ों की रिश्वत लेने की जानकारी राहुलजी पेश करेंगे। आयकर विभाग द्वारा जब्त की गई डायरियों में कई मुख्यमंत्रियों के नाम, उन्हें दी गई रिश्वत की राशि और देनेवालों के नाम भी लिखे पाए गए हैं। इसके पहले कि राहुलजी मोदी का गुब्बारा पंचर करें, सर्वोच्च न्यायालय ने राहुल को पंचर कर दिया है। अदालत ने इसी मामले के याचिकाकर्त्ताओं को दो-टूक शब्दों में कहा है कि वे किसी की डायरी में कुछ भी लिखे को प्रमाण कैसे मान सकते हैं? इस तरह के गंभीर आरोप ऐसे लोगों पर लगाना, जो बड़े संवैधानिक पदों पर बैठे हैं, अपने आप में गलत है।
अदालत के इस रवैए का अंदाज राहुल को है। राहुल को उनके सलाहकारों ने आगाह कर दिया होगा कि ये आरोप यदि आपने संसद के बाहर मोदी पर लगा दिया तो आप फंस जाएंगे। आप पर मानहानि का मुकदमा चल जाएगा। आप यही आरोप संसद में लगा देंगे तो आपका कुछ नहीं बिगड़ेगा। राहुल इसीलिए दुम दबाए हुए हैं। वरना अपनी प्रेस कांफ्रेंस में वे भूकंप ला सकते थे। अन्य दलों के नेता भी राहुल के दब्बूपन पर हंसते रहे। इसमें शक नहीं कि कोई भी नेता दूध का धुला नहीं हो सकता लेकिन जो नेता खुद भ्रष्टाचार के पहाड़ पर बैठा हो, क्या उसमें इतना नैतिक बल हो सकता है कि वह दूसरों पर कंकड़-पत्थर उछाले?
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स