होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / वरिष्ठ पत्रकार रवीश कुमार की अपील- मेरे अजीज दर्शकों-पाठकों, अब यह खेल समझना होगा...

वरिष्ठ पत्रकार रवीश कुमार की अपील- मेरे अजीज दर्शकों-पाठकों, अब यह खेल समझना होगा...

‘आप पाठकों को यह खेल समझना होगा। हर राजनीतिक दल के भीतर राजनीति समाप्त हो गई है।  किसी दल में आंतरिक लोकतंत्र नहीं रहा। दलों के भीतर लोकतंत्र खत्म करने के बाद अब उनकी नजर देश के भीतर लोकतंत्र को समाप्त करने की है। इसीलिए राजनीति नहीं करने का लेक्चर झाड़ने वाले नेताओं की बाढ़ आ गई है।’ अपने ब्लॉग ‘कस्बा’ के जरिए ये कह

समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago

‘आप पाठकों को यह खेल समझना होगा। हर राजनीतिक दल के भीतर राजनीति समाप्त हो गई है।  किसी दल में आंतरिक लोकतंत्र नहीं रहा। दलों के भीतर लोकतंत्र खत्म करने के बाद अब उनकी नजर देश के भीतर लोकतंत्र को समाप्त करने की है। इसीलिए राजनीति नहीं करने का लेक्चर झाड़ने वाले नेताओं की बाढ़ आ गई है।’ अपने ब्लॉग ‘कस्बा’ के जरिए ये कहा वरिष्ठ टीवी पत्रकार रवीश कुमार ने। उनका पूरा आलेख आप यहां पढ़ सकते हैं:

मेरे अजीज दर्शकों-पाठकों, कुछ तो समझो इस खेल को, ये आपके खिलाफ है

आए दिन कोई न कोई नेता या संवैधानिक प्रमुख, अपने ठोंगे से मूंगफली की तरह उलट कर ये सुझाव बांटने लगता है कि ऐसे मामलों में राजनीति नहीं होनी चाहिए। हम कंफ्यूज हैं कि वो कौन से ‘ऐसे मामले’ हैं जिनपर राजनीति नहीं हो सकती है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ये बात कही है। खुद संवैधानिक पद पर रहते हुए आरोपी को क्रूर आतंकवादी बता कर ट्वीट कर रहे हैं, क्या ये राजनीति नहीं है? क्या ये उन्हीं की ‘ऐसे मामलों’ में राजनीति नहीं है, जिन पर राजनीति न करने की सलाह बाकियों को दे रहे हैं?

क्या मुख्यमंत्री को इतना तो पता होगा कि जब तक आरोप साबित नहीं होते तब तक किसी को आतंकवादी नहीं कहना चाहिए। पर वे खुलकर क्रूर आतंकवादी लिख रहे हैं। इसका मतलब यह नहीं कि मारे गए लोग निर्दोष हैं पर सजा अदालत देगी या मुख्यमंत्री ट्विटर पर देंगे। क्या इस देश में सिक्खों को, मुसलमानों को और बड़ी संख्या में हिन्दुओं को फर्जी एनकाउंटर में नहीं मारा गया है? क्या ये सही नहीं है कि सभी दलों की सरकारों ने ये काम किया है? अगर एनकाउंटर संदिग्ध नहीं होते हैं तो सुप्रीम कोर्ट ने गाइडलाइन क्यों बनाई है? क्या मुख्यमंत्री को सुप्रीम कोर्ट का आदर नहीं करना चाहिए?

एनकाउंटर अदालत की निगाह में एक संदिग्ध गतिविधि है। एक नहीं, सैंकड़ों उदाहरण दे सकता हूं। वैसे भी इस मामले किसी राज्य का मुख्यमंत्री कैसे बिना साबित हुए क्रूर आतंकवादी लिख सकता है। क्या हमारे राजनेता अपने ऊपर लगे आरोपों को बिना फैसले या जांच के स्वीकर कर लेते हैं? मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपनी पार्टी के नेताओं और सरकार के अधिकारियों पर व्यापमं घोटाले के तहत लगे आरोपों को बिना अंतिम फैसले के स्वीकार करते हैं। जब हमारे नेताओं ने अपने लिए कोई आदर्श मानदंड नहीं बनाए तो दूसरों के लिए कैसे तय कर सकते हैं।

मध्य प्रदेश के एंटी टेरर स्कॉयड का प्रमुख कह रहा है कि भागे कैदियों के पास बंदूक नहीं थी। तो फिर तस्वीर में कट्टे कहां से दिख रहे हैं। फिर आईजी पुलिस तीन दिन से किस आधार पर कह रहे हैं कि कैदियों ने जवाबी फायरिंग की। सरपंच का बयान है कि वे पत्थर चला रहे थे। दो आई.पी.एस अफसरों के बयान में इतना अंतर है। क्या इनमें से कोई एक अफसर गद्दार है? देशभक्त नहीं है? क्या इनमें से कोई एक आई.पी.एस इन कैदियों से सहानुभूति रखता है? क्या हम इस स्तर तक आने वाले हैं? रमाशंकर यादव को मारकर अमरूद की लकड़ी और तीस चादरों से सीढ़ी बना रहे थे, उस वक्त जेल प्रशासन क्या कर रहा था। क्या सिपाही लोग भी लकड़ी लाने चले गए थे? क्या ये सवाल न पूछा जाए।

यह बात सबसे खतरनाक राजनीति है कि राजनीति नहीं होनी चाहिए। दिल्ली में एक पूर्व सैनिक ने आत्महत्या की। फिर वही बात कि राजनीति नहीं होनी चाहिए। तो क्या राजनीति बंद हो जानी चाहिए। इसे लेकर आप पाठक बिल्कुल भ्रम में न रहे कि यह बात शिवराज सिंह चौहान या बीजेपी के ही नेता मंत्री कहते हैं। आप गूगल करेंगे तो आपको सरकार में रहते हुए कांग्रेस के मंत्रियों का भी यही बयान मिलेगा। मौजूदा गैर बीजेपी सरकारों के मंत्रियों का भी यही बयान मिलेगा। उनके दौर में भी ऐसे मामलों में धक्का मुक्की मिलेगी। सवाल यही है कि तब उनके और अब इनके के बीच क्या बदला? क्या बदलाव सिर्फ सत्ता पर कब्जे के लिए होता है? उस कब्जे को बनाए रखने के लिए होता है? शहीद हेमराज के घर कितना तांता लगा था। क्या वहां ये नेता तीर्थ करने गए थे? क्या वो राजनीति नहीं थी। क्या वो गलत राजनीति थी? आज भी शहीद हेमराज के परिवार की तमाम शिकायतें हैं। वहां जाने वाले नेताओं में कोई दोबारा गया? तो फिर रामकिशन ग्रेवाल के परिवारों से मिलने की बात राजनीति कैसी है? क्या ये इतना बड़ा अपराध है कि एक उपमुख्यमंत्री को आठ घंटे हिरासत में ले लिया जाए। राहुल गांधी को थाने थाने घुमाया जाए। ऊपर से ग्रेवाल के बेटों के साथ जो पुलिस ने किया वो क्या था। क्या नेताओं को बेटों से न मिलने देना, राजनीति नहीं है? ऐसे मामले तो देश के होते हैं तो सरकार के मंत्री क्यों नहीं गए रामकिशन के परिवार से मिलने। क्या इस देश के नेताओं ने सैनिकों की शहादत को दलों में बांट लिया है?

दरअसल, आप पाठकों को यह खेल समझना होगा। हर राजनीतिक दल के भीतर राजनीति समाप्त हो गई है।  किसी दल में आंतरिक लोकतंत्र नहीं रहा। दलों के भीतर लोकतंत्र खत्म करने के बाद अब उनकी नजर देश के भीतर लोकतंत्र को समाप्त करने की है। इसीलिए राजनीति नहीं करने का लेक्चर झाड़ने वाले नेताओं की बाढ़ आ गई है। उत्तर प्रदेश में आतंक के झूठे केसों में फंसाए गए नागरिकों के अधिकारों की मांग को लेकर रिहाई मंच ने प्रदर्शन किया। आप पता कीजिए कि रिहाई मंच के राजीव यादव को पुलिस ने किस कदर मारा है। वहां तो बीजेपी भी इस मसले पर चुप है और बीजेपी की सरकार पर सवाल उठाने वाले भी चुप हैं। यूपी हो या दिल्ली या मध्य प्रदेश कहीं भी सवाल करने वालों की खैर नहीं है। अलग अलग संस्थानों के पत्रकारों से मिलता रहता हूं। सभी डरे हुए लगते हैं। नहीं सर,लाइन के खिलाफ नहीं लिख सकते मगर असली कहानी ये है। सही बात है, कितने पत्रकार इस्तीफा दे सकते हैं, इस्तीफा तो अंतिम हल नहीं है। क्या हमारा लोकतंत्र इतना खोखला हो गया है कि वो दस पचास ऐसे पत्रकारों का सामना नहीं कर सकता जो सवाल करते हैं। क्यों मुझसे आधी उम्र का नौजवान पत्रकार सलाह देता है कि आपकी चिन्ता होती है। कोई नौकरी नहीं देगा। क्यों वो अपनी नौकरी की चिंता में डूबा हुआ है कि कुछ लिख देंगे तो नौकरी जाएगी। इस भ्रम में मत रहिए कि ये दिल्ली की बात है। हर राज्य के पत्रकारों से यही सुन रहा हूं।

आप पाठक और दर्शक इतना तो समझिये कि किसी भी नेता या दल को पसंद करना आपकी अपनी राजनीतिक समझ का मामला है। आप बिल्कुल पसंद कीजिए लेकिन किसी नेता का फैन मत बनियेगा। जनता और फैन में अंतर होता है। फैन अपने स्टार की बकवास फिल्म भी अपने पैसे से देखता है। जनता वो होती है जो नेताओं का बकवास नहीं झेलती। सवालों से ही आपका अपने राजनीतिक निर्णय के प्रति भरोसा बढ़ता है। यह तभी होगा जब आम पत्रकार डरा हुआ नहीं होगा। अगर नेता इस तरह सवाल करने पर हमला करेंगे तो मेरी एक बात लिखकर पर्स में रख लीजिए। यही नेता एक दिन आप पर लाठी बरसायेंगे और कहेंगे कि देखो, हमने सवाल पूछने वाले दो कौड़ी के पत्रकारों को सेट कर दिया, अब तुम ज्यादा उछलो कूदो मत।

ऐसा होगा नहीं। ऐसा कभी नहीं हो सकता। निराश होने की जरूरत भी नहीं है।फिर भी पत्रकारों के भीतर भय के इस माहौल को दूर करने की ज़िम्मेदारी जनता की भी है। जब वो सत्ता बदल सकती है तो प्रेस के भीतर घुस रही सत्ता को भी ठीक कर सकती है। इसलिए आप किसी के समर्थक हों, सवाल कीजिए कि ये क्या अखबार है, ये क्या चैनल है, इसमें खबरों की जगह गुणगाण क्यों हैं। हर खबर गुणगाण की चासनी में क्यों पेश की जा रही है। इसमें सवाल क्यों नहीं हैं। सवाल पूछना कब देश विरोधी और लोकतंत्र विरोधी हो गया।

क्यों हर दूसर आदमी मीडिया की आजादी को लेकर बात कर रहा है? आप पाठक और दर्शक जो महीने से लेकर अब तो घंटे घंटे डेटा के पैसे दे रहे हैं, पता तो कीजिए कि वास्तविकता क्या है? हमारी आजादी आपकी आजादी की पहली शर्त है। तीन दिन से इंटरनेशनल कॉल के जरिये कई लोग फोन कर भद्दी गालियां दे रहे हैं, अगर आपने अपनी राजनीतिक आस्था के चलते इनका बचाव किया तो ऐसे लोगों के पास आपका भी फोन नंबर होगा। आपकी भी बारी आएगी।

रामनाथ गोयनका पुरस्कार वितरण के समापन भाषण में ‘इंडियन एक्सप्रेस’ के संपादक राजकमल झा ने प्रधानमंत्री के सामने ही एक किस्सा सुना दिया। एक बार अखबार के संस्थापक और स्वतंत्रता सेनानी रामनाथ गोयनका जी से किसी मुख्यमंत्री ने कह दिया कि आपका रिपोर्टर अच्छा काम कर रहा है। गोयनका जी ने उसे नौकरी से निकाल दिया। आज ऐसे पत्रकारों को सरकार इनाम देती है। सुरक्षा देती है। आप पाठकों को सोचना चाहिए। कल सुबह जब अखबार देखियेगा, चैनल की हेडलाइन देखियेगा, तो सोचियेगा। और हां, कहियेगा कि ऐसे सभी मामलों में राजनीति होनी चाहिए क्योंकि राजनीति लोकतंत्र की आत्मा है। लोकतंत्र का शत्रु नहीं है। हमारी आवाज चली गई तो आपके हलक से पानी भी नहीं उतरेगा।

(साभार: ‘कस्बा’ ब्लॉग से)

समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।

 


टैग्स
सम्बंधित खबरें

जन्मदिन विशेष: मीडिया इंडस्ट्री के बदलावों के बीच मजबूत पहचान बना चुके हैं विकास खनचंदानी

मीडिया इंडस्ट्री जिस तेजी से बदल रही है, उसमें बहुत कम ऐसे लीडर हैं जिन्होंने इन बदलावों को उतनी साफ रणनीति और लचीलापन के साथ संभाला है जितना विकास खनचंदानी ने किया है।

14 hours ago

NDTV से इस्तीफे के बाद अब टाइम्स ग्रुप में बड़ी जिम्मेदारी संभाल सकते हैं गौरव देवानी

गौरव देवानी ने दिसंबर 2023 में कंटेंट बिजनेस हेड के रूप में एनडीटीवी जॉइन किया था। एनडीटीवी से पहले वह टाइम्स नेटवर्क में सीनियर वाइस प्रेजिडेंट और नेशनल हेड (ब्रैंडेड कंटेंट) के पद पर थे।

1 day ago

Hoopr में इस बड़े पद से अलग हुईं वितस्ता कौल, नई दिशा में बढ़ाएंगी कदम

यहां अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने Hoopr की मार्केटिंग स्ट्रैटेजी को आकार देने और क्रिएटर व ब्रैंड इकोसिस्टम में इसकी मजबूत पहचान बनाने में अहम भूमिका निभाई।

1 day ago

‘दि इकोनॉमिक टाइम्स’ ब्रैंड की डायरेक्टर शानू सिंह ने दिया इस्तीफा

शानू सिंह ने बेनेट कोलमैन एंड कंपनी (BCCL) में ‘दि इकोनॉमिक टाइम्स’ ब्रैंड की डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया है।

1 day ago

कॉनकोर के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर राजीव भारद्वाज बने प्रसार भारती में मेंबर

भारतीय कंटेनर निगम लिमिटेड यानी कि 'कॉनकोर' के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर (HR) राजीव भारद्वाज को अब प्रसार भारती में मेंबर (पर्सनल) नियुक्त किया गया है।

1 day ago


बड़ी खबरें

सन टीवी नेटवर्क का बड़ा फैसला, शेयरधारकों के लिए इंटरिम डिविडेंड का किया ऐलान

मीडिया कंपनी सन टीवी नेटवर्क ने अपने शेयरधारकों के लिए इंटरिम डिविडेंड (लाभांश) देने का ऐलान किया है।

23 hours ago

पीएम 9 मार्च को पोस्ट बजट वेबिनार को करेंगे संबोधित, AVGC-क्रिएटर इकोनॉमी पर होगी चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 मार्च को बजट के बाद आयोजित एक खास वेबिनार को संबोधित करेंगे।

22 hours ago

जर्मन मीडिया कंपनी Axel Springer खरीदेगी 'टेलीग्राफ मीडिया ग्रुप', £575 मिलियन में हुई डील

जर्मनी की बड़ी मीडिया कंपनी एक्सल स्प्रिंगर (Axel Springer) ने ब्रिटेन के मशहूर अखबार समूह Telegraph Media Group (TMG) को खरीदने का समझौता कर लिया है।

22 hours ago

जन्मदिन विशेष: मीडिया इंडस्ट्री के बदलावों के बीच मजबूत पहचान बना चुके हैं विकास खनचंदानी

मीडिया इंडस्ट्री जिस तेजी से बदल रही है, उसमें बहुत कम ऐसे लीडर हैं जिन्होंने इन बदलावों को उतनी साफ रणनीति और लचीलापन के साथ संभाला है जितना विकास खनचंदानी ने किया है।

14 hours ago

जन्मदिन विशेष: रणनीतिक सोच व दमदार ब्रैंडिंग है शुभ्रांशु सिंह की खास पहचान

आज जन्मदिन के मौके पर शुभ्रांशु सिंह को एक अनुभवी मार्केटिंग लीडर के रूप में याद किया जा रहा है। उन्हें ब्रैंड व मार्केटिंग इकोसिस्टम की तेज रणनीतिक सोच रखने वाली प्रमुख आवाजों में गिना जाता है।

22 hours ago