होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / आखिर क्यों, दिल्ली के मंत्री ने वरिष्ठ पत्रकार दीपक चौरसिया का मोबाइल नंबर किया सार्वजनिक
आखिर क्यों, दिल्ली के मंत्री ने वरिष्ठ पत्रकार दीपक चौरसिया का मोबाइल नंबर किया सार्वजनिक
समाचार4मीडिया ब्यूरो दिल्ली में चिकनगुनिया और डेंगू का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। हालांकि इस पर अभी तक क्या प्रशासनिक उपाय किए गए हैं मीडिया ये दिखाता रहा है। मीडिया ने ये भी दिखाया कि दिल्ली सरकार के अधिकांश मंत्री ऐसे समय अन्य राज्यों के दौरे पर हैं, जब इन बीमा
समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो
दिल्ली में चिकनगुनिया और डेंगू का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। हालांकि इस पर अभी तक क्या प्रशासनिक उपाय किए गए हैं मीडिया ये दिखाता रहा है। मीडिया ने ये भी दिखाया कि दिल्ली सरकार के अधिकांश मंत्री ऐसे समय अन्य राज्यों के दौरे पर हैं, जब इन बीमारियों का कहर अपने चरम पर है। शायद यही वजह है कि दिल्ली सरकार के मंत्री पत्रकारों के सवालों से बेहद परेशान है और पत्रकारों के साथ गैरजिम्मेदाराना तरीके से पेश आ रहे हैं।
दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने इंडिया न्यूज के एडिटर-इन-चीफ दीपक चौरसिया का नंबर ही सोशल मीडिया पर सार्वजनिक कर दिया, जिसके बाद से उनके मोबाइल फोन पर लगातार देश-विदेश से फोन और भद्दे-भद्दे मैसेज आने शुरू हो गए हैं।
दरअसल उन्होंने ऐसा तब किया जब इंडिया न्यूज पर 'टुनाइट विद दीपक चौरसिया' में अरविंद केजरीवाल सरकार के मंत्रियों के वो मोबाइल नंबर दिखाए गए जो दिल्ली सरकार की साइट पर पहले से ही सार्वजनिक हैं। इसके जवाब में गैरजिम्मेदाराना तरीका अपनाते हुए मंत्री ने दीपक चौरसिया का पर्सनल मोबाइल नंबर ट्वीट कर दिया।
दरअसल मंगलवार को ‘टुनाइट विद दीपक चौरसिया’ में दिल्ली में चिकनगुनिया के कहर पर बड़ी बहस हुई। इंडिया न्यूज पर इस बहस में आम आदमी पार्टी या दिल्ली सरकार का कोई नुमाइंदा आने के लिए तैयार नहीं हुआ। चूंकि बहस में शामिल कांग्रेस, बीजेपी और स्वराज अभियान के नेता सीधे दिल्ली सरकार और आम आदमी पार्टी को कठघरे में खड़ा कर रहे थे, इसलिए इंडिया न्यूज ने आम आदमी पार्टी के प्रवक्ताओं और दिल्ली सरकार के मंत्रियों से फोन पर उनका पक्ष जानने की कोशिश की।
इसी सिलसिले में इंडिया न्यूज ने दिल्ली के पर्यटन और जल संसाधन मंत्री कपिल मिश्रा का मोबाइल फोन भी मिलाया। कपिल मिश्रा का वही नंबर डायल किया गया, जो दिल्ली सरकार की वेबसाइट पर दर्ज है।
चूंकि ये नंबर सरकार ने ही सार्वजनिक कर रखा है और दिल्ली सरकार के मंत्री का है, इसलिए इंडिया न्यूज ने ये नंबर भी उजागर करने का फैसला किया, ताकि जनता को मालूम हो सके कि वह वास्तव में कपिल मिश्रा से बात करने की कोशिश कर रहे थे।
कपिल मिश्रा ने इंडिया न्यूज को फोन पर जवाब तो नहीं दिया, लेकिन बाद में उन्होंने इंडिया न्यूज के एडिटर-इन-चीफ दीपक चौरसिया के निजी फोन नंबर को अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया और अपने फॉलोअर्स से अपील की कि इस नंबर को ज्यादा से ज्यादा री-ट्विट करें।
दीपक चौरसिया का फोन नंबर सार्वजनिक करने के लिए कपिल मिश्रा ने दलील दी कि दीपक चौरसिया ने उनका पर्सनल नंबर अपने चैनल पर दिखाया तो इसके जवाब में वो दीपक चौरसिया के दोनों फोन नंबर शेयर करेंगे।
इन दिनों जो कोई भी आम आदमी पार्टी के नेताओं से सवाल पूछता है, उसे पार्टी के नेताओं का निशाना बनना पड़ता है। चाहे सवाल कोई पत्रकार पूछे या आम आदमी पार्टी का ही अपना कोई बड़ा नेता या विधायक।
वरिष्ठ पत्रकार शेखर गुप्ता इसकी ताजा मिसाल हैं। इंडिया न्यूज की तरह शेखर गुप्ता ने भी दिल्ली में चिकनगुनिया से मौत और आम आदमी पार्टी के नेताओं के पंजाब, गोवा और गुजरात में व्यस्त रहने पर सवाल उठाया था, जिसके जवाब में केजरीवाल ने उनको लेकर अपशब्दों का प्रयोग किया।
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स