होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी के साथ होगा गणतंत्र दिवस समारोह का भव्य समापन
बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी के साथ होगा गणतंत्र दिवस समारोह का भव्य समापन
29 जनवरी को विजय चौक पर बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी के जरिए 77वें गणतंत्र दिवस समारोह का औपचारिक समापन होगा। सेना, नौसेना, वायुसेना और केंद्रीय बलों के बैंड देशभक्ति धुनों से माहौल को खास बनाएंगे।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 month ago
देश की राजधानी दिल्ली के विजय चौक पर 29 जनवरी को आयोजित होने वाली बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी के साथ 77वें गणतंत्र दिवस समारोह का औपचारिक और भव्य समापन होगा। यह परंपरागत कार्यक्रम भारतीय सेनाओं की अनुशासन, संस्कृति और संगीत परंपरा का प्रतीक माना जाता है।
इस खास अवसर पर भारतीय सेना, भारतीय नौसेना, भारतीय वायुसेना और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के बैंड अपनी आकर्षक और देशभक्ति से भरपूर प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। समारोह की शुरुआत मास्ड बैंड की प्रसिद्ध धुन ‘कदम कदम बढ़ाए जा’ से होगी, जो पूरे वातावरण में जोश भर देगी।
कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहेंगे। यह आयोजन हर साल हजारों लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहता है। पाइप्स एंड ड्रम्स बैंड ‘अतुल्य भारत’, ‘वीर सैनिक’, ‘नृत्य सरिता’ और ‘झेलम’ जैसी धुनें प्रस्तुत करेगा। वहीं, केंद्रीय बलों का बैंड ‘विजय भारत’ और ‘जय हो’ जैसी धुनों से माहौल को ऊर्जावान बनाएगा। वायुसेना, नौसेना और थल सेना के बैंड भी अपनी विशेष प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बनाएंगे।
भारतीय थल सेना का बैंड ‘विजयी भारत’, ‘ऐ वतन, ऐ वतन’ और ‘सितारे हिंद’ जैसी प्रेरणादायी धुनें बजाएगा। समारोह का समापन लोकप्रिय देशभक्ति गीत ‘सारे जहां से अच्छा’ के साथ होगा, जिसे बगलर्स द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। इस वर्ष कार्यक्रम के मुख्य कंडक्टर स्क्वाड्रन लीडर लैमापोकपम रूपचंद्र सिंह होंगे। खास बात यह है कि दर्शकों की बैठने की जगहों को बांसुरी, तबला, सितार, वीणा और संतूर जैसे भारतीय वाद्य यंत्रों के नाम दिए गए हैं। कुल मिलाकर यह समारोह संगीत, अनुशासन और देशभक्ति का भव्य संगम होगा।
टैग्स