होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / वरिष्ठ पत्रकार जलेश्वर उपाध्याय का निधन, बनारस में ली अंतिम सांस
वरिष्ठ पत्रकार जलेश्वर उपाध्याय का निधन, बनारस में ली अंतिम सांस
करीब 74 वर्षीय जलेश्वर उपाध्याय लंका के पास महामनापुरी कॉलोनी स्थित किराए के मकान में अकेले रहते थे।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 11 hours ago
वरिष्ठ पत्रकार जलेश्वर उपाध्याय का 14 मार्च 2026 को बनारस (वाराणसी) में निधन हो गया है। करीब 74 वर्षीय जलेश्वर उपाध्याय लंका के पास महामनापुरी कॉलोनी स्थित किराए के मकान में अकेले रहते थे। जानकारी के अनुसार वह 14 मार्च की शाम घर के बाथरूम में गिर पड़े थे और लंबे समय तक किसी को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी, जिससे अधिक रक्तस्राव होने के कारण उनकी मृत्यु हो गई। जलेश्वर उपाध्याय के निधन की सूचना मिलने के बाद पत्रकारों और परिचितों में शोक की लहर फैल गई।
जलेश्वर उपाध्याय का अंतिम संस्कार वाराणसी के हरिश्चंद्र घाट पर किया गया, जहां उनके बड़े भाई महेश्वर के पुत्र निखिल ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान उनके चाहने वाले और कई परिचित लोग मौजूद रहे।
जलेश्वर उपाध्याय हिंदी पत्रकारिता के अनुभवी और अध्ययनशील पत्रकारों में गिने जाते थे। उन्होंने अपने लंबे करियर में अमर उजाला, दैनिक जागरण और दैनिक आज जैसे प्रतिष्ठित अखबारों में काम किया। इलाहाबाद, लखनऊ, पटना और बनारस जैसे शहर उनके प्रमुख कार्यक्षेत्र रहे। इलाहाबाद में दैनिक ‘आज’ अखबार के दौर में उन्होंने डेस्क की जिम्मेदारी संभाली और पत्रकारों की एक पूरी पीढ़ी को प्रशिक्षित किया।
पत्रकारिता के अलावा जलेश्वर उपाध्याय सामाजिक और वैचारिक मुद्दों पर भी सक्रिय रहते थे। उन्हें देश-दुनिया के राजनीतिक और सामाजिक विषयों पर गहरी समझ रखने वाला पत्रकार माना जाता था। वह सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रहते थे और विभिन्न राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर गंभीर टिप्पणियां साझा करते थे। हाल के समय में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और निजी जीवन के दुखों के बावजूद वे लगातार सार्वजनिक विमर्श से जुड़े रहे।
व्यक्तिगत जीवन में जलेश्वर उपाध्याय को कई दुखद परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था और कुछ वर्ष पहले उनकी इकलौती बेटी का भी असामयिक निधन हो गया था। इसके बाद वह बनारस में अकेले रह रहे थे। जलेश्वर उपाध्याय के चाहने वालों, प्रशंसकों और तमाम मीडियाकर्मियों ने उनके निधन पर गहरा शोक जताया है और श्रद्धांजलि दी है।
टैग्स