होम / विचार मंच / वरिष्ठ पत्रकार राजीव सचान ने उठाया सवाल, अब कहां हैं रोहित की मौत पर आंसू बहाने वाले

वरिष्ठ पत्रकार राजीव सचान ने उठाया सवाल, अब कहां हैं रोहित की मौत पर आंसू बहाने वाले

समाचार4मी‍डिया ब्यूरो ।। हैदराबाद के छात्र रोहित वेमुला की आत्महत्या के बाद लगातार उसके परिवार से हमदर्दी दिखाने और विपक्षी दलों को निशाने पर रखने वाले विभिन्‍न नेताओं ने अब इस मामले से दूरी बना ली है। आज की तारीख में कोई यह नहीं

समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago

समाचार4मी‍डिया ब्यूरो ।।

हैदराबाद के छात्र रोहित वेमुला की आत्महत्या के बाद लगातार उसके परिवार से हमदर्दी दिखाने और विपक्षी दलों को निशाने पर रखने वाले विभिन्‍न नेताओं ने अब इस मामले से दूरी बना ली है। आज की तारीख में कोई यह नहीं जानना चाहता कि रोहित का परिवार किन परिस्थितियों में जी रहा है और उसे किन तकलीफों का सामना करना पड़ रहा है। शायद ऐसे नेता समझ गए हैं कि अब यह मुद्दा राजनीतिक रोटियां सेंकने का नहीं रहा है।

हिंदी अखबार ‘दैनिक जागरण’ में प्रकाशित अपने आलेख के जरिए ये कहा वरिष्ठ पत्रकार व असोसिएट एडिटर राजीव सचान ने। उनका पूरा आलेख आप यहां पढ़ सकते हैं:

रोटियां सेंकने वाली राजनीति

करीब साल भर पहले जो रोहित वेमुला सुर्खियों में था, उसकी अब कोई सुध लेता नहीं दिख रहा और वह भी तब, जब बीते सप्ताह गुंटूर के जिलाधिकारी ने उसके परिवार को इस आशय का नोटिस जारी किया कि वह खुद को अनुसूचित जाति का साबित करे नहीं तो उसे हासिल इस जाति का दर्जा खत्म कर दिया जाएगा।

इस नोटिस में यह भी कहा गया है कि यदि 15 दिन के अंदर संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता तो यह माना जाएगा कि अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र गलत तरीके से हासिल किया गया। नोटिस से यह भी ध्वनित हो रहा है कि यदि रोहित वेमुला का परिवार खुद को दलित नहीं साबित कर पाता तो उसके खिलाफ कार्रवाई भी हो सकती है।

पता नहीं रोहित वेमुला का परिवार वास्तव में दलित है या नहीं, लेकिन इस पर हैरानी होती है कि एक साल पहले जो तमाम नेता रोहित वेमुला को शहीद करार देने के लिए हैदराबाद की दौड़ लगा रहे थे वे इस तरह चुप हैं मानों उन्हें सांप सूंघ गया हो। रोहित वेमुला के परिवार के पक्ष में इन नेताओं को कोई बयान खोजने से भी नहीं मिल रहा है।

हैदराबाद केंद्रीय विश्‍वविद्यालय के छात्र रोहित ने पिछले साल 17 जनवरी को विश्‍वविद्यालय के निकट आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या का कारण विश्‍वविद्यालय से उसका ‘अनुचित’ निष्कासन माना गया था। रोहित के साथियों और विपक्षी दलों का आरोप था कि उसका निष्कासन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के छात्र नेताओं के ‘दबाव’ में किया गया था। आरोपों के घेरे में केंद्रीय मंत्री बंडारु दत्तात्रेय और तत्कालीन मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी भी आई थीं।

रोहित वेमुला अंबेडकर पेरियार छात्र संगठन का सदस्य था। उसका एबीवीपी के सदस्यों से झगड़ा हुआ था। माना जाता है कि यही झगड़ा उसके निष्कासन का कारण बना। निष्कासन की अवधि में ही उसने आत्महत्या कर ली थी। उसकी आत्महत्या की खबर जंगल में आग की तरह फैली थी। चूंकि उसकी आत्महत्या के लिए केंद्र सरकार को दोषी ठहराने में आसानी हो रही थी इसलिए विपक्षी नेताओं ने हैदराबाद कूच करना शुरू किया। राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, सीताराम येचुरी, मायावती, डेरेक ओ ब्रयान समेत ढेर के ढेर नेताओं ने रोहित वेमुला के परिवार से सहानुभूति जताने में कोई कसर नहीं उठा रखी।

गैर भाजपा दलों के नेताओं और वामपंथी छात्र संगठनों ने हैदराबाद विश्‍वविद्यालय को एक तीर्थस्थल में तब्दील कर दिया था। राहुल गांधी तो दो बार हैदराबाद गए। अरविंद केजरीवाल ने उनसे आगे निकलने और खुद को ज्यादा दलित हितैषी दिखाने की होड़ में रोहित वेमुला के परिवार को दिल्ली लाकर उसकी यथासंभव नुमाइश की। केजरीवाल सरकार ने रोहित के भाई को नौकरी देने की पेशकश भी की, लेकिन किन्हीं कारणों से उसने यह पेशकश ठुकराना पसंद किया। रोहित वेमुला की आत्महत्या का मसला संसद में भी गूंजा था।

राज्यसभा में मायावती और स्मृति ईरानी के बीच तीखी झड़प हुई थी। तब मीडिया का एक हिस्सा भी खूब मुखर था। एक अंग्रेजी अखबार ने स्मृति ईरानी को ‘आंटी नेशनल’ करार देकर खुद को संतुष्ट किया था। आज स्थिति यह है कि रोहित वेमुला के परिवार को नोटिस पर कोई नेता यह तक कहने की जरूरत नहीं महसूस कर रहा कि असली मुद्दा उसकी जाति नहीं, बल्कि आत्महत्या थी। सबसे विचित्र यह है कि जिन तमाम नेताओं ने हैदराबाद जाकर रोहित वेमुला की याद में आंसू बहाए थे उनमें से किसी ने यह सवाल भी नहीं उठाया कि आखिर उस जांच का क्या हुआ जिसका मकसद यह पता लगाना था कि रोहित ने किन हालात में आत्महत्या की?

कोई नहीं जानता कि रोहित वेमुला की आत्महत्या की जांच रपट अब तक रहस्य क्यों है? हालांकि कुछ मीडिया रपटों के मुताबिक मानव संसाधन विकास मंत्रालय को सौंपी गई जांच में कहा गया है कि रोहित ने व्यक्तिगत कारणों से आत्महत्या की, लेकिन जब तक रपट सार्वजनिक नहीं होती, तब तक कहना कठिन है कि उसमें क्या कहा गया है। ऐसा नहीं है कि रोहित के परिवार को उन नेताओं ने ही छला जिन्होंने उसकी आत्महत्या पर खूब आंसू बहाए थे। वामपंथी छात्र संगठनों ने भी उसका इस्तेमाल किया। यह किसी और का नहीं, रोहित के साथियों का कहना है।

बीते माह हैदराबाद में रोहित की बरसी पर हुए एक आयोजन में मुश्किल से ही किसी वामपंथी छात्र संगठन का सदस्य दिखा। इस आयोजन में दौ सौ से ज्यादा छात्र नहीं जुट सके। रोहित के परिवार को नोटिस पर सन्नाटा तब छाया है जब उत्तर प्रदेश में चुनाव जारी हैं। आखिर हमारे नेता इतने निष्ठुर और संवेदनहीन कैसे हो सकते हैं कि एक बरस पहले वे जिस परिवार के सबसे बड़े शुभचिंतक थे उसे अब ऐसे अनदेखा कर रहे हैं मानों यह जानते ही न हों कि वह कौन था?क्या वे इस नतीजे पर पहुंच गए हैं कि रोहित वेमुला का परिवार वास्तव में दलित नहीं था या फिर यह समझ गए हैं कि अब इस मसले पर सक्रियता दिखाने से न तो सुर्खियां बनेंगी और न ही उन्हें प्रचार मिलेगा।

नेताओं का ऐसा व्यवहार नया नहीं, लेकिन इससे यही सबक नए सिरे से मिलता है कि वे किसी के प्रति सहानुभूति दिखाने के नाम पर उसके साथ छल करते हैं और उनका एकमात्र मकसद राजनीतिक लाभ बटोरना या फिर अपने राजनीतिक विरोधियों पर हमले का मंच हासिल करना होता है। वे दुखी लोगों की पीड़ा भुनाते हैं और उनकी भावनाओं से खेलते हैं। आखिर इस नतीजे पर क्यों न पहुंचा जाए कि एक साल पहले दलितों के सबसे बड़े हितैषी होने का मुखौटा लगाकर हैदराबाद की दौड़ लगाने वाले नेता रोहित वेमुला की आत्महत्या पर गमजदा नहीं, बल्कि मन ही मन खुश थे और खुशी का कारण यही था कि उन्हें राजनीतिक रोटियां सेंकने का एक अच्छा अवसर हाथ लग गया। शायद इसी कारण उन्होंने रोहित वेमुला को ‘शहीद’ और ‘क्रांतिकारी’ बताने में कोई संकोच नहीं किया जबकि उसकी एकमात्र ‘उपलब्धि’ यही थी कि उसने आतंकी याकूब मेमन की फांसी पर उसके पक्ष में नारेबाजी की थी।

शायद रोहित वेमुला का यही कृत्य उसके ‘सेक्युलर’ होने का प्रमाण था और संभवत: इसी वजह से हैदराबाद विश्वद्यिालय में ‘दुखी’ नेताओं की भीड़ बढ़ गई थी। गौर करें कि कथित तौर पर दुखी नेताओं की ऐसी ही भीड़ गुजरात के ऊना में भी देखने को मिल चुकी है। क्या इन नेताओं को सियासी गिद्ध के अलावा अन्य कोई संज्ञा दी जा सकती है?

(साभार: दैनिक जागरण)

समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।

 


टैग्स
सम्बंधित खबरें

क्या पाकिस्तान अफगानिस्तान को हरा पाएगा: रजत शर्मा

तालिबान ने कहा कि उसके हमले में 55 से ज्यादा पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, इनमें से 23 सैनिकों की लाशें भी अफगान लड़ाके अपने साथ अफगानिस्तान ले गए।

2 days ago

2028 तक AI से बाज़ार में बर्बादी? पढ़िए इस सप्ताह का 'हिसाब किताब'

अमेरिका में 100 में से 10 लोग जो white collar jobs करते हैं वो कुल खपत का 50% खर्च करते हैं। उदाहरण दिया गया है कि डेटा सेंटर में काम कर रहे एजेंट काम तो करेंगे लेकिन वो खर्च नहीं करेंगे।

3 days ago

वंदे मातरम् के खंडित स्वरूप पर सवाल : अनंत विजय

किसी कविता या गीत को खंडित करने का अधिकार रचनाकार के अलावा किसी अन्य को है? रचनात्मक संवेदना का सर्जनात्मक स्वतंत्रता की बात करनेवालों ने एक कृति को खंडित कर दिया।

3 days ago

शिक्षा के क्षेत्र में अराजकता की जिम्मेदारी किसकी: आलोक मेहता

मुख्य प्रश्न यही है, क्या इन गड़बड़ियों के लिए सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय को जिम्मेदार ठहराया जा सकता है, या फिर मंत्रालय और उसके नेतृत्व को अपनी जवाबदेही स्वीकार करनी चाहिए?

3 days ago

PM मोदी की इजराइल यात्रा से किसे मिर्ची लगी: रजत शर्मा

दोनों देशों ने 27 समझौतों पर दस्तखत किए। दोनों देश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इंटरनेट ऑफ़ थिंग्स और क्वांटम कंप्यूटिंग में नई टेक्नोलॉजी पर काम करेंगे, आपसी सहयोग बढ़ाएंगे।

5 days ago


बड़ी खबरें

BSE व NSE ने इस मामले में 'बालाजी टेलीफिल्म्स' पर लगाया जुर्माना

टीवी और फिल्म प्रोडक्शन कंपनी बालाजी टेलीफिल्म्स (Balaji Telefilms Limited) पर स्टॉक एक्सचेंज ने जुर्माना लगाया है।

2 days ago

शेयर बाजार में सूचीबद्ध हुई YAAP Digital Limited

डिजिटल मार्केटिंग कंपनी YAAP Digital Limited ने शेयर बाजार में अपना डेब्यू कर लिया है। कंपनी NSE Emerge प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हुई है और इस प्लेटफॉर्म पर सूचीबद्ध होने वाली यह 717वीं कंपनी बन गई है।

6 hours ago

न्यूज एंकर जया कौशिक ने NDTV छोड़ शुरू किया अपना डिजिटल प्लेटफॉर्म

जानी-मानी पत्रकार जया कौशिक ने पत्रकारिता के 21 साल पूरे होने पर एक बड़ा फैसला लिया है।

3 days ago

दैनिक भास्कर समूह में नौकरी का मौका, इस पद के लिए निकली वैकेंसी

यदि आप पत्रकार हैं और मीडिया के फील्ड में नई नौकरी की तलाश में हैं तो यह मौका आपके लिए है।

6 hours ago

भारत एक्सप्रेस की तीसरी वर्षगांठ पर दिल्ली में मेगा कॉन्क्लेव 9 मार्च को

‘विकसित भारत 2047: नए भारत की बात’ थीम के साथ होने वाला यह कार्यक्रम देश के भविष्य और विकास की दिशा पर केंद्रित रहेगा।

6 hours ago