होम / विचार मंच / पढ़िए, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. वैदिक ने SC के इस फैसले को क्यों बताया अधूरा...
पढ़िए, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. वैदिक ने SC के इस फैसले को क्यों बताया अधूरा...
‘अरुणाचल के फैसले हमारी न्यायपालिका की स्वतंत्रता का प्रमाण तो हैं लेकिन न्यायपालिका को थोड़ी हिम्मत और दिखानी चाहिए। उसे राष्ट्रपति और केंद्र सरकार की भूमिका पर भी सीधी टिप्पणी करनी चाहिए।’ हिंदी दैनिक अखबार नया इंडिया में छपे अपने आलेख के जरिए ये कहना है वरिष्ठ पत्रकार डॉ. वैदिक का। उनका पूरा आलेख आप यहां पढ़ सकते ह
समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago
‘अरुणाचल के फैसले हमारी न्यायपालिका की स्वतंत्रता का प्रमाण तो हैं लेकिन न्यायपालिका को थोड़ी हिम्मत और दिखानी चाहिए। उसे राष्ट्रपति और केंद्र सरकार की भूमिका पर भी सीधी टिप्पणी करनी चाहिए।’ हिंदी दैनिक अखबार नया इंडिया में छपे अपने आलेख के जरिए ये कहना है वरिष्ठ पत्रकार डॉ. वैदिक का। उनका पूरा आलेख आप यहां पढ़ सकते हैं:
अरुणाचलः अधूरा फैसला
वास्तव में यह फैसला सिर्फ राज्यपाल ज्योतिप्रसाद राजखोवा की करतूत पर है। इस फैसले में अरुणाचल के राज्यपाल के अलावा किसी पर भी कोई टिप्पणी नहीं की गई है। न केंद्र सरकार पर, न तत्कालीन मुख्यमंत्री पर, न दल-बदल करनेवाले कांग्रेसी सदस्यों पर! क्या किसी राज्यपाल में इतना दम होता है कि वह अपने भरोसे विधानसभा अध्यक्ष के फैसले को बदल दे? राजखोवा ने अरुणाचल विधानसभा का सत्र एक महिने पहले खिसका लिया तो क्या यह उन्होंने अपने दम पर खिसकाया होगा? राजखोवा पुराने आईएएस अधिकारी रहे हैं। क्या उन्हें विधानसभा अध्यक्ष की शक्तियों का पता नहीं है?
अदालत को चाहिए था कि वह राजखोवा को इस्तीफा देने के लिए मजबूर करती। यदि राजखोवा टांग नहीं अड़ाते तो हो सकता था कि दल-बदल करनेवाले 21 कांग्रेसी विधायकों को महिने भर में मुख्यमंत्री नबाम तुकी वापस ले आते। विधानसभा का सत्र किसी होटल में चला और नए मुख्यमंत्री कलिखो पुल को बहुमत मिला। दल-बदल करनेवाले विधायक अभी भी विधानसभा के सदस्य हैं अर्थात बहुमत अभी भी तुकी का नहीं, पुल का है। अब पांच माह बाद यदि तुकी दुबारा मुख्यमंत्री बनेंगे तो वे सरकार कैसे चलाएंगे?
अल्पमत की यह सरकार तो लोकतंत्र का मजाक होगा। अदालत का फैसला तब पूरा होता जब वह तुकी को विधानसभा में शक्ति-परीक्षण के लिए भी कहती। अदालत ने न तो राज्यपाल को दंडित किया और न ही पुराने मुख्यमंत्री को शक्ति-परीक्षण के लिए कहा। याने अरुणाचल को फिर अधर में लटका दिया। पहले ‘अफ्सा’ और अब अरुणाचल पर यह फैसला देकर अदालत ने केंद्र सरकार को सांसत में डाल दिया है। उत्तराखंड, अफ्सा और अरुणाचल के फैसले हमारी न्यायपालिका की स्वतंत्रता का प्रमाण तो हैं लेकिन न्यायपालिका को थोड़ी हिम्मत और दिखानी चाहिए। उसे राष्ट्रपति और केंद्र सरकार की भूमिका पर भी सीधी टिप्पणी करनी चाहिए।
(साभार: नया इंडिया)
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।टैग्स