होम / विचार मंच / योगी आदित्यनाथ से सवाल पूछते समय अजीत अंजुम को पसीना क्यों आया? खूब हो रही इस पर चर्चा...
योगी आदित्यनाथ से सवाल पूछते समय अजीत अंजुम को पसीना क्यों आया? खूब हो रही इस पर चर्चा...
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। ये सवाल योगी आदित्यनाथ के उस इंटरव्यू के बाद उठना शुरू हो गया, जिसको पिछले हफ्ते इंडिया टीवी के लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम ‘चुनावी मंच’ में इंडिया टीवी के मैनेजिंग एडिटर अजीत अंजुम ने लिया था। अजीत अंजुम भी लगातार इस पर सफाई दे रहे हैं और उन
समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
ये सवाल योगी आदित्यनाथ के उस इंटरव्यू के बाद उठना शुरू हो गया, जिसको पिछले हफ्ते इंडिया टीवी के लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम ‘चुनावी मंच’ में इंडिया टीवी के मैनेजिंग एडिटर अजीत अंजुम ने लिया था। अजीत अंजुम भी लगातार इस पर सफाई दे रहे हैं और उनके आलोचक, फैन फॉलोइंग भी सोशल मीडिया पर इसी पसीना डिबेट में उलझी हुई है और फायदा हो रहा है इंडिया टीवी, अजीत अंजुम और योगी आदित्यनाथ तीनों को ही, 3 दिन के अंदर ही इस डिबेट इंटरव्यू के विडियो को यूट्यूब पर पचास हजार से ज्यादा हिट मिल गए हैं।
दरअसल इंटरव्यू की शुरुआत में ही अजीत अंजुम ने एक सवाल पर योगी को घेरने की कोशिश की, कि आपको सीएम का उम्मीदवार क्यों नहीं बनाया बीजेपी ने? घुमाफिरा कर कई बार इस सवाल को पूछा गया लेकिन योगी ने पार्टी पर डालकर, गोलमोल उलझाकर जवाब बिना किसी विवादित बयान के टाल दिया। आठ मिनट में बारह से चौदह बार एक ही सवाल कि खुल कर बोलिए?, से आजिज आकर योगी ने चुटकी ली, कि अभी तो कुछ बोला नहीं है और आपको पसीने आ रहे हैं, बोलूंगा तो ना जाने क्या होगा? ये सुनकर अजीत भी बिना मुस्कराए नहीं रह पाए।
उसके बाद अजीत अंजुम ने योगी के एजेंडे को लेकर अपनी एंकरिंग में पांचवा गेयर डाला और योगी पर चढ़ाई जैसी कर दी कि मोदी विकास की बात करते हैं, आप लोग हिंदूवादी एंजेंडे से उसे डिरेल कर देते हैं। एक बारगी योगी ढंग से तर्क नहीं कर पाए, लेकिन फिर योगी ने स्पीड पकड़ी खासकर सरकारों के फेल होने पर जनता क्या करे। पूरा इंटरव्यू ऐसा ही गया कभी अजीत अंजुम हावी तो कभी योगी आदित्यनाथ। ऐसे में शो दोनों के फैन फॉलोअर्स को पसंद आ रहा है, शो के आखिर में फिर योगी ने पसीना पोंछने को लेकर अजीत अंजुम से चुटकी ली, तो एक दो बार वो पसीना पोंछते दिखे भी।
उसके बाद पुष्कर पुष्प ने एक दर्शक के हवाले से एक फेसबुक पोस्ट की—‘इंडिया टीवी के मैनेजिंग एडिटर अजीत अंजुम आज योगी आदित्यनाथ से सवाल पूछते हुए पसीना भी पोछ रहे थे। सवाल तो उन्होंने अपने अंदाज में सारे ही पूछ लिए। तीखे… फिर वसंत में माथे पर पसीना!! (एक दर्शक)’ । पुष्कर की पोस्ट को अजीत अंजुम ने शेयर करके जवाब देते हुए बहस को आगे बढ़ाया—‘पुष्कर, चेहरे पर दर्जनों लाइट की वजह से पसीना था... जवाब से मुझे पसीना नहीं आता दोस्त... मेरे चेहरे पर दर्जनों लाइटें थी और मैंने कोट पहन रखा था ...मुझे गर्मी थोड़ी ज़्यादा लगती भी है ...बस इतनी सी बात है। जब मैं स्टूडियो में भी होता हूं तो हर ब्रेक में रुमाल से पसीने पोछता हूं ...। ’
उसके बाद अजीत अंजुम के पोस्ट पर तमाम योगी समर्थकों और विरोधियों के पोस्ट शुरू हो गए। लोगों ने लिखा भी कि तेज लाइट थीं, तो पसीना योगी को क्यों नहीं आया?
पत्रकार शिवानंद द्विवेदी ने भी पोस्ट किया कि योगी आदित्यनाथ जी का इंटरव्यू लेते हुए संपादक अजीत अंजुम जी को पसीना आने पर सवाल उठा तो पिछले दो दिन से पसीने पर सफाई देते-देते उनके पसीने छूट रहे हैं। अब जरा सोचिए कि नेताओं पर जब दिन-रात आरोप लगते हैं तो उनका क्या होता होगा? मुझसे बातचीत में एक सांसद महोदय ने कहा कि राजनीति सबसे मुश्किल काम है। उनसे असहमत होने की कोई वजह नहीं दिखती।
वहीं वेदांत मिश्रा ने लिखा कि अजीत अंजुम जी जानबूझ कर भड़का रहे थे, ये पत्रकारिता का मूल धर्म भूल चुके हैं। इनका काम जनता के सीधे सवालों पर राजनेताओं की राय जानना है ना कि उकसा कर अपने एजेंडे के हिसाब से मसाला खोजना।
हो सकता है कि अजीत शायद खुद भी इस तरह की डिबेट चाहते थे, हिंदू विरोधी ना साबित हो जाएं इसलिए अजीत अंजुम ने ओबेसी, आजम खान और इमाम बुखारी के साथ हुए तीखे सवालों वाले इंटरव्यू भी शेयर किए। बहस अभी भी जारी है, भले ही लोग अजीत अंजुम के पसीने को लेकर चर्चा कर रहे थे, लेकिन अजीत अंजुम इससे बेपरवाह बल्कि डिबेट को उकसाते दिखे। अब उसका नतीजा आने लगा है, तीन दिन में पचास हजार से ज्यादा लोग यूट्यूब पर योगी के साथ उनका इंटरव्यू देख चुके हैं और ये पोस्ट छपने तक शायद साठ हजार हो जाए। वो सोच भी रहे होंगे, ऐसा पसीना रोज आए, जो भरपूर रेंटिग्स दिलाए।
यहां देखें विडियो :
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स