होम / विचार मंच / वरिष्ठ पत्रकार रवीश कुमार ने उठाया सवाल- क्या मीडिया में ऐसा राष्ट्रवाद दिखना चाहिए?

वरिष्ठ पत्रकार रवीश कुमार ने उठाया सवाल- क्या मीडिया में ऐसा राष्ट्रवाद दिखना चाहिए?

‘कश्मीर की हिंसा के कवरेज को राष्ट्रहित, देशहित, एकता, अखंडता के नाम से परखा जा रहा है। जेएनयू के समय भी राष्ट्रवाद उभरा था। कैराना में फर्जी खबर के दम पर इसी मीडिया ने वहां कश्मीर तक पैदा कर दिया था। वही मीडिया अब कश्मीर में राष्ट्रवाद का ढोल पीट रहा है।’ अपने ब्लॉग ‘कस्बा’ के जरिए ये कहा वरिष्ठ टीवी पत्रकार रवीश कु

समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago

‘कश्मीर की हिंसा के कवरेज को राष्ट्रहित, देशहित, एकता, अखंडता के नाम से परखा जा रहा है। जेएनयू के समय भी राष्ट्रवाद उभरा था। कैराना में फर्जी खबर के दम पर इसी मीडिया ने वहां कश्मीर तक पैदा कर दिया था। वही मीडिया अब कश्मीर में राष्ट्रवाद का ढोल पीट रहा है।’ अपने ब्लॉग ‘कस्बा’ के जरिए ये कहा वरिष्ठ टीवी पत्रकार रवीश कुमार ने। उनका पूरा आलेख आप यहां पढ़ सकते हैं:

क्या मीडिया में ऐसा राष्ट्रवाद दिखना चाहिए?

कभी आपने सोचा है कि न्यूज चैनलों पर हर हफ्ते किसी न किसी बहाने ऐसे मुद्दे क्यों लौट आते हैं, जिनके बहाने राष्ट्रवाद की चर्चा होने लगती है। क्या आपने इन्हीं चैनलों पर सस्ती शिक्षा, अच्छी शिक्षा, बेकारी, नौकरी, स्वास्थ्य और जीवन सुरक्षा, पेंशन जैसे मसलों पर राष्ट्रवादी ललकारें सुनी हैं। अचानक हमारे राष्ट्रवाद को क्या हो गया है कि कई बार लगता है कि प्राइम टाइम नहीं रहेगा तो राष्ट्रवाद भी नहीं रहेगा। आपने देखा भी होगा और गुजारिश है कि तरह-तरह के धार्मिक चैनलों को फिर से देखिए।

कई प्रकार के कथावाचक मिलेंगे। कोई शांत भाव से सुनाता है तो कोई उग्र भाव से। इन्हीं कथावाचकों के एक रूप को इवेंजलिस्ट कहते हैं। इवेंजलिस्ट सार्वजनिक मंचों पर ऐसे बोलते हैं, कोई उनके बोलने की नाटकीयता से घबराकर उन्हीं से लिपट जाए। आप इन इवेंजलिस्ट, जिन्हें टेली इवेंजलिस्ट कहा जाता है और चैनलों के कई एंकरों की बोली शैली का मिलान कीजिए। इवेंजलिस्ट ऐसे बोलते हैं कि दिमाग सुन्न कर दें… माथा झनझना जाए। टेली इवेंजलिस्ट ईश्वर का डर और कृपा दिखाकर दर्शक को अपनी बांहों में समेट लेना चाहता है, उसी तरह से न्यूज एंकर राष्ट्रवाद का बवंडर पैदा करते हैं… कभी-कभी ईश्वर का भी करते हैं। आप जब दोनों में समानता को समझ लेंगे तो जान जाएंगे कि खबरिया चैनलों पर राष्ट्रवाद के इवेंजलिस्ट आ गए हैं।

कश्मीर की हिंसा के कवरेज को राष्ट्रहित, देशहित, एकता, अखंडता के नाम से परखा जा रहा है। जेएनयू के समय भी राष्ट्रवाद उभरा था। कैराना में फर्जी खबर के दम पर इसी मीडिया ने वहां कश्मीर तक पैदा कर दिया था। वही मीडिया अब कश्मीर में राष्ट्रवाद का ढोल पीट रहा है। कश्मीर में आतंकवाद, छत्तीसगढ़, झारखंड में नक्सलवाद और पूर्वोत्तर भारत में उग्रवाद। इन तीनों जगहों के कवरेज करते समय एक पत्रकार की दुविधा क्या होती होगी। वो अपनी खबरों को किस पैमाने से देखता होगा। सुरक्षा बल के जवान भी शहीद होते हैं, आम लोग भी मारे जाते हैं और बागी उग्रवादी भी मारे जाते हैं। अब एक का कवरेज हो या तीनों का हो।

एक स्थिति है कि पत्रकार सैनिकों के साथ बंकर से रिपोर्टिंग करे, जवानों की बंदूक किस तरफ है आपको वही दिखे। जाहिर है पक्ष सुरक्षाबलों का ही ज्यादा होगा। दूसरी स्थिति है कि पत्रकार उस तरफ से कवरेज करें, जहां सुरक्षा बलों की गोली चल रही हो। लोग सुरक्षा बलों पर पत्थर मार रहे हों। ऐसे में आपको सिर्फ लोग दिखेंगे, सुरक्षा बल नहीं। तीसरी स्थिति है कि पत्रकार कहीं बीच में हो और दोनों तरफ घट रही घटनाओं की अधिक से अधिक जानकारी दे।

आप बताएं कि इनमें से कौन सी स्थिति बेहतर है? अगर दूसरी और तीसरी स्थिति बंद कर दी जाए तो क्या आप पूरी तस्वीर जान पाएंगे। आपको यह भी पूछना होगा कि आप जानना क्या चाहते हैं। हर तरह की सूचना या सिर्फ एक तरह की सूचना। एक तरह की सूचना आपको सक्षम नागरिक बनाती है या हर तरह की सूचना आपको सक्षम नागरिक बनाती है।

जैसे राज्य सभा में गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि 1,948 नागरिक घायल हुए हैं, जिनमें से 1,744 को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। 204 लोगों का ही इलाज चल रहा है। ये एक सरकारी सूचना है। इंडिया टुडे ने 13 जुलाई को खबर लिखी है कि 105 लोगों की आंखों को पैलेट गन से नुकसान पहुंचा है। इनमें से 90 का ऑपरेशन हुआ है, हो सकता है ये सभी अपनी दृष्टि खो दें। यह जानकारी और तथ्य गृहमंत्री के बयान में नहीं थे। क्या गृहमंत्री का बयान अंतिम माना जाए?

क्या आप उन 90 लोगों के बारे में जानना ही नहीं चाहेंगे, जिनकी आंखों की रोशनी जा सकती है। क्या एम्स के डॉक्‍टर ने पैलेट गन के इस्तेमाल न करने की बात कह कोई राष्ट्रविरोधी कार्य किया है। क्या मीडिया, सरकार और आपने इन सभी 90 लोगों को आतंकवादी घोषित कर दिया है, कोई प्रमाण है। अगर मीडिया कहे कि राष्ट्र का मामला है, इसलिए जो गृहमंत्री कहेंगे वही अंतिम है, तो क्या एक दर्शक के नाते आपने उन 90 लोगों के साथ न्याय होते देखा, जिन्हें आप और सरकार दोनों अपना ही नागरिक मानते हैं। आप कहेंगे कि हमलावर भीड़ ने पत्थर चलाए। जब पत्थर चलाने की रणनीति का आगाज हुआ था तब भी मीडिया के जिस हिस्से को दिखाना था उसने दिखाया ही था कि यह एक नई किस्म की खतरनाक प्रवृत्ति है।

पत्रकार क्या करें। राष्ट्रवाद की जो आपकी समझ है उसके हिसाब से रिपोर्टिंग करें या घटना के हर पक्ष की बात रखे। इस क्रम में वो ज्यादतियां भी करता है, बदमाशियां भी करता है, यह बात ध्यान में है, लेकिन राष्ट्रवाद की कौन सी बंदिश उस पर लागू हो… क्या हम और आप स्पष्ट हैं। सेना और सरकार का पक्ष अंतिम है, इसकी छूट मीडिया हर मामले में लेने लगे तो आप दर्शकों का क्या होगा… सोचा है कभी। जब ये मसला उठा तो राजदीप सरदेसाई ने फेसबुक पर एक पोस्ट लिखा।

1983 में फाकलैंड वार के दौरान मार्गरेट थैचर सरकार के सदस्य ने गुस्से में बीबीसी को स्टेटलेस पीपुल्स ब्रॉडकास्टिंग कारपोरेशन कह दिया था, क्योंकि बीबीसी ब्रिटेन की सेना को हमारी सेना नहीं, ब्रिटिश सेना लिखता था। अर्जेंटीना की सेना को उनकी सेना नहीं, अर्जेटेनियन सेना लिख रहा था। जब अर्जेंटीना का जहाज डूबा तब मार्गरेट थैचर ने कहा कि सिर्फ बीबीसी ही पूछेगा कि क्योंकि ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने दुश्मन के बेड़े के खिलाफ कार्रवाई की जो हमारे जवानों के लिए खतरा था। तब बीबीसी के महानिदेशक जॉन ब्रिट ने प्रधानमंत्री को याद दिलाया कि पत्रकारीय संगठन राजनीतिक सत्ता का एक्सटेंशन नहीं है। उनकी पहली निष्ठा सत्य के प्रति है न कि राष्ट्र राज्य के। दुर्भाग्य से भारतीय मीडिया आतंकवादी और आतंकवाद के इस्तेमाल करते वक्त यह उसूल भूल जाता है।

स्क्रोल डॉट इन में विश्लेषण है कि किस तरह कुछ चैनल मिलिटेंट लिख रहे थे। कुछ चैनल टेररिस्ट लिख रहे थे। बीबीसी हिन्दी ने बुरहान वानी को संदिग्ध चरमपंथी लिखा। हमने और बाकी चैनलों ने आतंकवादी लिखा। संदिग्ध आतंकवादी या चरमपंथी नहीं। आपको क्या लगता है, संदिग्ध चरमपंथी लिखने के पीछे पत्रकारिता के अपने कुछ उसूल होंगे या किसी राष्ट्र का विरोध करने की कोई सनक होगी। ब्रिटेन में इराक युद्ध में उसकी सेना क्यों भेजी गई, इस पर सात साल की जांच के बाद चिल्काट कमेटी ने रिपोर्ट दी। इस कमेटी ने पाया कि उस वक्त के प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर ने देश और सेना से झूठ बोला था। झूठे तथ्यों के आधार पर ब्लेयर ने ब्रिटिश सेना को युद्ध में झोंक दिया। नतीजा, इराक में लाखों बेकसूर नागरिकों की हत्या हुई। चिल्काट और लेबर पार्टी के नेता कोर्बिन ने अपनी पार्टी के पूर्व प्रधानमंत्री के झूठ के लिए इराक की जनता से माफी मांगी।

इराक में मारे गए ब्रितानी सैनिकों के परिवारवालों ने ब्लेयर को आतंकवादी कहा। सोचिए, जिस सद्दाम को आतंकवादी बताकर ब्लेयर ने ब्रिटिश सेना को युद्ध में झोंका, उसी सेना के परिवार वाले 13 साल बाद ब्लेयर को ही आतंकवादी कह रहे थे। युद्ध में देश को झोंकने का फैसला हमेशा विवादित रहता है। यह कोई अंतिम फैसला नहीं कि प्रधानमंत्री जो कहें वही सत्य है। ब्रिटिश मीडिया ने ब्लेयर का खूब साथ दिया था। अब वही मीडिया उन्हें आतंकवादी तक लिख रहा है। जैसा कि ब्रिटेन के मामले में साबित हुआ। क्या इसी वजह से बीबीसी हिन्दी का संदिग्ध चरमपंथी लिखना सही नहीं है या आपको लगता है कि सीधे-सीधे आतंकवादी ही लिखा जाना चाहिए। ज्यादातर भारतीय मीडिया आतंकवादी लिख देता है।

संदिग्ध लगाए, फैसले से पहले सीधे आतंकवादी लिखने का खतरा देखिए। निसार 23 साल तक इस आरोप में जेल में बंद रहे कि आतंकवादी हैं। 23 साल बाद 31 मई 2016 को अदालत ने कहा कि इनके खिलाफ कोई सबूत नहीं है। पूरी जिंदगी तबाह हो गई। जेल से आने के बाद निसार ने यही कहा कि मैं सिर्फ एक जिंदा लाश हूं। निसार राष्ट्रवादी नहीं होता तो अपनी जवानी के 23 साल जेल में चुपचाप क्यों गुजारता। उसे आतंकवादी कहने वाले राष्ट्रवादी पत्रकार कहां हैं। क्या आप किसी पत्रकार को बिना संदिग्ध बताए आतंकवादी कहने की छूट देना चाहेंगे।

पूर्वोत्तर के राज्यों में उग्रवाद है। जिस दिन बुरहान मारा गया, उसी दिन सुप्रीम कोर्ट का एक फैसला आया। कोर्ट पिछले 20 साल के दौरान 1,500 कथित रूप से फर्जी एनकाउंटर के मामले की जांच की सुनवाई कर रहा है। अब आप देखिए अगर सुरक्षा बलों का सत्य ही सत्य होता तो फिर 20 साल बाद किसी और सत्य की संभावना कैसे पैदा हो जाती है। अदालत ने जो कहा उस पर भी गौर कीजिए।

अगर हमारी सेनाओं को सिर्फ इस अंदेशे पर देश के नागरिकों की हत्या करने के लिए तैनात किया जाएगा कि वो दुश्मन हैं तो न केवल कानून का शासन बल्कि हमारा लोकतंत्र भी गंभीर खतरे में पड़ जाएगा। इस बात से फर्क नहीं पड़ता कि मारा गया आदमी आम नागरिक है या अतिवादी या आतंकवादी। न ही इस बात से फर्क पड़ता है कि हमलावर एक आम आदमी है या राज्य… कानून दोनों के लिए एक बराबर है और दोनों पर एक समान लागू होता है।

(साभार: ‘कस्बा’ ब्लॉग से)   समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।


टैग्स
सम्बंधित खबरें

'जब स्कोरबोर्ड से आगे निकलकर खेल सिखाता है जिंदगी की बड़ी सीख'

जब भारत एक और शानदार टी20 वर्ल्ड कप जीत का जश्न मना रहा है, तो स्वाभाविक है कि सबसे ज्यादा चर्चा मैच, ट्रॉफी और खिलाड़ियों की हो रही है।

12 hours ago

क्या दुनिया वैसी नहीं रहेगी जैसी हम जानते हैं?

मैं जब विज्ञापन इंडस्ट्री में चल रहे बड़े बदलावों की खबरें देख रहा था, तो मेरे मन में एक सवाल आया कि इन बदलावों से क्लाइंट्स को आखिर क्या फायदा होगा।

1 day ago

खुद को नया रूप देकर आगे बढ़ेगा इंडियन न्यूज इकोसिस्टम, भविष्य रहेगा मजबूत: हर्ष भंडारी

भारतीय न्यूज इकोसिस्टम में इस हफ्ते चार हफ्तों के लिए TRP को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। इसके बाद कई मीडिया वॉचर्स ने सवाल उठाया कि आखिर ऐसा क्यों हुआ।

1 day ago

ChatGPT को टक्कर देने वाला Claude क्या है? पढ़िए इस सप्ताह का 'हिसाब किताब'

Anthropic कंपनी ने Claude AI बनाया है। उसका दावा है कि अमेरिकी सरकार AI का ‘दुरुपयोग’ करना चाहती थी। सरकार Claude का इस्तेमाल दो कामों के लिए करना चाहती थी।

1 day ago

राहुल गांधी की सिनेमा की बचकानी समझ: अनंत विजय

लेकिन सवाल यह उठता है कि क्या वास्तव में यह कोई नई प्रवृत्ति है? क्या भारतीय सिनेमा और वेब सीरीज में राजनीतिक विचारों और वैचारिक संदेशों का इस्तेमाल पहले नहीं होता था?

1 day ago


बड़ी खबरें

सरकार की फैक्ट चेक यूनिट पर रोक, AIM ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का किया स्वागत

AIM भी उन याचिकाकर्ताओं में शामिल था, जिन्होंने इस फैक्ट चेक यूनिट की संवैधानिक वैधता को अदालत में चुनौती दी थी।

4 hours ago

एक बार फिर धूम मचाने आया Laqshya Pitch Best CMO अवॉर्ड्स, 12 मार्च को होगा इवेंट

एक्सचेंज4मीडिया ग्रुप Laqshya Pitch Best CMO Awards एक बार फिर आयोजित करने जा रहा हैं।

12 hours ago

सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया में देविका प्रभु की एंट्री, बनीं हिंदी मूवीज की बिजनेस हेड

इस नई जिम्मेदारी की जानकारी देविका प्रभु ने खुद लिंक्डइन पर एक पोस्ट के जरिये साझा की।

1 hour ago

ESOP स्कीम के तहत 'बालाजी टेलीफिल्म्स' ने एम्प्लॉयीज को यूं बनाया अपना हिस्सेदार

बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड ने अपने एम्प्लॉयीज को ESOP (एम्प्लॉयी स्टॉक ऑप्शन प्लान) के तहत 51,997 इक्विटी शेयर आवंटित किए हैं।

13 hours ago

‘Times’ समूह ने इस बड़े पद पर शमशेर सिंह को किया नियुक्त

शमशेर सिंह इससे पहले सितंबर 2024 से ‘नेटवर्क18’ (Network18) समूह में ग्रुप कंसल्टिंग एडिटर के पद पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे, जहां से उन्होंने बाय बोल दिया है।

2 hours ago