होम / विचार मंच / मिस्टर मीडिया: उफ़! यह एक ऐसी चेतावनी है, जिसकी उपेक्षा बहुत भारी पड़ेगी...

मिस्टर मीडिया: उफ़! यह एक ऐसी चेतावनी है, जिसकी उपेक्षा बहुत भारी पड़ेगी...

क्या होता जा रहा है हमें? कुंद और संवेदनहीन होने की अवस्था की...

राजेश बादल 7 years ago

राजेश बादल

वरिष्ठ पत्रकार।।

क्या होता जा रहा है हमें? कुंद और संवेदनहीन होने की अवस्था की ओर। न हमें अपनी त्रासदियां याद आती हैं और न उपलब्धियों के भरे ख़ज़ाने नज़र आते हैं। सामाजिक विघटन का क्रूर दौर भी हमें नहीं डराता। कम से कम बीते दो-चार दिन ऐसे ही थे। छुटपुट अपवाद छोड़ दें तो मीडिया के हर प्लेटफॉर्म से अहसास के ये बिंदु ग़ायब थे। कौन सी अंधी सुरंग में समाते जा रहे हैं हम लोग?

दो-तीन दिसंबर, चौरासी की दरम्यानी रात हिन्दुस्तान ही नहीं, समूचे संसार के लिए भयावह थी। अमेरिकी कंपनी यूनियन कारबाइड के भोपाल में खाद कारख़ाने से ज़हरीली मिथाइल आइसोसाइनेट गैस रिसी। हज़ारों लोग मौत के कुएं में पटक दिए गए। उसके बाद मुआवज़े की नपुंसक लड़ाई लड़ी गई, अपराधी सज़ा पाए बग़ैर इस लोक से चला गया और हमने हज़ारों मासूम लोगों को उनके हाल पर तिल-तिलकर मरने के लिए छोड़ दिया। आज भी गैस के शिकार और उनकी दूसरी-तीसरी पीढ़ी उस विषाक्त गैस का दंश भुगत रहे हैं। ज़िंदा लाशों की तरह ज़िंदगी का बोझ ढो रहे हैं। किसी चैनल या समाचार पत्र में न विशेष रिपोर्ट नज़र आई, न आमुख कथा। हम अपने न्यूज़रूम के पत्रकारों को सामाजिक सरोकारों के लिए किस तरह ज़िम्मेदार बनाएंगे-बड़ा सवाल है। इस हादसे पर हिन्दुस्तान से अधिक पश्चिम और यूरोप के देशों में वैज्ञानिक विश्लेषण मीडिया में स्थान पाते हैं और हमारे हक़ों की बात उठाते हैं। हम भोपाल के पीड़ितों के लिए बनाए गए अस्पताल की विकलांगता की चर्चा भी नहीं करते। यह हमारे लिए शर्म की बात नहीं तो और क्या है?

इन दिनों चुनाव प्रचार के कवरेज में आए दिन सर्जिकल स्ट्राइक का ज़िक्र होता है। किसी ने याद किया कि सैंतालीस बरस पहले तीन दिसंबर को पाकिस्तान ने हिन्दुस्तान पर ऐसा आक्रमण किया था, जिसमें भारत की ऐसी जीत हुई थी, जो समूची दुनिया की जंगों में मिसाल बन गई। ऐसी जीत आज तक किसी देश को नहीं मिली। हमारे लिए गर्व का यह पल था। पाकिस्तान के लिए चुल्लू भर पानी में डूब मरने वाली स्थिति। क़रीब-क़रीब एक लाख अफसरों और सैनिकों की फौज का आत्मसमर्पण। वीरता की एक विलक्षण गाथा। एक नए देश का जन्म। कहीं कोई दूसरा उदाहरण नहीं। मैं नहीं कहता कि हम पुरानी कहानियों के गीत गाते रहें, लेकिन अगली नस्लों को पुराने इतिहास की जानकारी देना भी हमारा कर्तव्य है। ख़ास तौर पर जब हम विध्वंस और बरबादी की वारदातों की बरसी भी धार्मिक भाव से मनाते हों। जो क़ौम अपने शहीदों की क़ुर्बानियों को भूल जाने का अपराध करती है, वह किसके सहारे अपने नसीब को संवारने का दावा करेगी? एक मीडियाकर्मी  के नाते अपने बच्चों को भी यह जानकारी देना क्या हमारा फ़र्ज़ नहीं बनता?

उत्तर प्रदेश कौन से आदम युग में जा रहा है? एक पुलिस इंस्पेक्टर की हत्या सरेआम हो जाती है। मीडिया ने अपनी राय किस तरह रखी? दिन भर चैनल ‘खेलते’ रहे। कितने अखबारों में इस पर संपादकीय लिखे गए? संपादकीय पन्ने पर कितने समाचार पत्रों ने आलेख प्रकाशित किए? और तो और वर्दी में तड़पते इंस्पेक्टर की तस्वीरें दिखाते हुए हमें संकोच भी नहीं हुआ। किसी उन्मादी भीड़ या सिरफिरे की गोली का निशाना हमारे पुलिस बल बनते हैं। हमारा समाज एक बर्बर और हिंसक मनोवृति के सामने घुटने टेक रहा है और चौथे स्तंभ के ख़ून में हरारत नहीं होती। यह एक ऐसी चेतावनी है, जिसकी उपेक्षा हमें बहुत भारी पड़ सकती है। अपराध रिपोर्टिंग में इस कोण की चूक के लिए क्या कोई संपादक माफी मांगेगा?

आग बरसाती है मित्रो! जो क्षितिज के छोर से/कितनी उम्मीदें जुड़ी थीं 

उस सुहानी भोर से/यूं तो संयम के मुखौटे में सभी लगते हैं सभ्य/

भीड़ के सन्दर्भ में देखो तो आदमखोर से/शहर में आए थे पशुता के विसर्जन के लिए/नग्न होने के लिए या जंगलों की ओर से।  

अदम गोंडवी को कम से कम सलाम तो करिए मिस्टर मीडिया।


टैग्स पत्रकार राजेश बादल मिस्टर मीडिया
सम्बंधित खबरें

भविष्य को आकार देने की कोशिश कर रहा है भारत: राहुल कंवल

यदि कुछ समय के लिए राजनीति को अलग रख दें, तो एक बात स्पष्ट है। भारत की एआई रणनीति (AI strategy) की सफलता में हमारे सामूहिक भविष्य का एक महत्वपूर्ण हिस्सा निहित है।

8 hours ago

मधुसूदन आनंद हमेशा यादों में बने रहेंगे : अनिल जैन

आनंद जी ने जर्मनी में 'डायचे वेले' (द वाॅयस ऑफ जर्मनी) में कुछ सालों तक काम किया और वे 'वाॅयस ऑफ अमेरिका' के नई दिल्ली स्थित संवाददाता भी रहे।

1 day ago

प्रवक्ता, अहंकार और संवाद की संवेदनहीनता का सबक: नीरज बधवार

चूंकि समाज के अवचेतन में अंग्रेज़ी को लेकर एक हीन भावना मौजूद है, इसलिए जो व्यक्ति अंग्रेज़ी में प्रभावशाली ढंग से बोल लेता है, वह अक्सर खुद को विद्वान भी मान बैठता है।

1 day ago

समस्य़ाओं को हल करने के लिए हो एआई का इस्तेमाल: रजत शर्मा

मेरा यह मानना है कि सबसे ज़रूरी है, AI का इस्तेमाल रोज़मर्रा की जिंदगी में आने वाली समस्य़ाओं को हल करने के लिए हो। भारी भरकम शब्दों से इसे परिभाषित करके उससे डराया न जाए।

2 days ago

मैट शूमर के लेख का मतलब क्या है? पढ़िए इस सप्ताह का 'हिसाब किताब'

मैट ने सबको सलाह दी है कि हर रोज AI का इस्तेमाल गंभीरता से शुरू करें। ChatGPT , Gemini जैसे टूल को गूगल सर्च की तरह इस्तेमाल नहीं करें। उससे अपने रोजमर्रा के काम करवाए।

4 days ago


बड़ी खबरें

सिर्फ सत्ता नहीं, बदलाव की कहानी है ‘Revolutionary Raj’: आलोक मेहता

वरिष्ठ संपादक (पद्मश्री) और जाने-माने लेखक आलोक मेहता ने अपनी कॉफी टेबल बुक “Revolutionary Raj: Narendra Modi’s 25 Years” से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर समाचार4मीडिया से खास बातचीत की है।

22 hours ago

ENIL के प्रमोटर ढांचे में जल्द होगा बड़ा बदलाव, NCLT के बाद अब CCI की भी मंजूरी

एफएम चैनल ‘रेडियो मिर्ची’ का संचालन करने वाली कंपनी एंटरटेनमेंट नेटवर्क (इंडिया) लिमिटेड (ENIL) के कॉर्पोरेट ढांचे में बड़ा बदलाव अब लगभग अंतिम चरण में पहुंच गया है।

7 hours ago

Decode ने पूरे किए 200 एपिसोड: यूट्यूब व्यूज़ और सब्सक्राइबर में बना नंबर 1

डीडी न्यूज के प्राइम टाइम शो डिकोड विद सुधीर चौधरी ने 200 एपिसोड पूरे कर लिए हैं। यूट्यूब पर मिले कुल व्यूज़ में इसका योगदान 74 प्रतिशत और नए सब्सक्राइबर में 75 प्रतिशत रहा।

4 hours ago

AI में 10 लाख करोड़ का निवेश करेगी रिलायंस: मुकेश अंबानी

मुकेश अंबानी ने AI क्षेत्र में 10 लाख करोड़ रुपये निवेश का ऐलान किया। जियो सस्ता और सुलभ इंटेलिजेंस इंफ्रास्ट्रक्चर बनाएगा, जिससे भारत को इंटेलिजेंस के नए युग से जोड़ने की तैयारी है।

8 hours ago

विशाखापट्टनम बनेगा गूगल का बड़ा AI हब, सुंदर पिचाई ने जताया भरोसा

गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने कहा है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि विशाखापट्टनम एक दिन ग्लोबल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) हब बन जाएगा।

5 hours ago