होम / रेडियो / ENIL के प्रमोटर ढांचे में जल्द होगा बड़ा बदलाव, NCLT के बाद अब CCI की भी मंजूरी
ENIL के प्रमोटर ढांचे में जल्द होगा बड़ा बदलाव, NCLT के बाद अब CCI की भी मंजूरी
एफएम चैनल ‘रेडियो मिर्ची’ का संचालन करने वाली कंपनी एंटरटेनमेंट नेटवर्क (इंडिया) लिमिटेड (ENIL) के कॉर्पोरेट ढांचे में बड़ा बदलाव अब लगभग अंतिम चरण में पहुंच गया है।
Vikas Saxena 2 days ago
एफएम चैनल ‘रेडियो मिर्ची’ का संचालन करने वाली कंपनी एंटरटेनमेंट नेटवर्क (इंडिया) लिमिटेड (ENIL) के कॉर्पोरेट ढांचे में बड़ा बदलाव अब लगभग अंतिम चरण में पहुंच गया है।
टाइम्स ग्रुप की मुख्य कंपनी Bennett, Coleman and Company Limited (BCCL) और उसकी पूरी तरह स्वामित्व वाली सहायक कंपनी Times Horizon Private Limited (THPL) के बीच प्रस्तावित पुनर्गठन (reorganisation) योजना को पहले नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT), मुंबई बेंच ने 4 फरवरी 2026 को मंजूरी दी थी। अब इस योजना को भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग यानी Competition Commission of India (CCI) ने भी 17 फरवरी 2026 को हरी झंडी दे दी है।
इसका मतलब है कि अब यह स्कीम दो बड़े नियामकीय संस्थानों से मंजूर हो चुकी है और इसके लागू होने का रास्ता और साफ हो गया है।
क्या है पूरा मामला?
इस स्कीम के तहत BCCL अपने नॉन-पब्लिशिंग बिज़नेस को THPL में डिमर्ज करेगा। यानी शिक्षा, निवेश, ब्रॉडकास्टिंग, मीडिया और एंटरटेनमेंट से जुड़े कारोबार एक अलग कंपनी यानी THPL के तहत आ जाएंगे।
डिमर्जर पूरा होने के बाद THPL, ENIL की नई प्रमोटर कंपनी बन जाएगी। यानी अभी तक जहां ENIL की प्रमोटर BCCL थी, वहीं आगे चलकर यह भूमिका THPL निभाएगी।
यह पूरी प्रक्रिया कंपनी एक्ट 2013 की धारा 230-232 के तहत लाई गई कॉम्पोजिट स्कीम ऑफ अरेंजमेंट का हिस्सा है। पहले इसे शेयरधारकों और लेनदारों की मंजूरी मिली, उसके बाद NCLT की स्वीकृति आई और अब CCI ने भी प्रतिस्पर्धा अधिनियम 2002 के तहत इसे मंजूरी दे दी है।
इस प्रस्तावित पुनर्गठन की जानकारी ENIL ने 25-26 सितंबर 2025 को शेयर बाजार को दी थी। इसके बाद 5 फरवरी 2026 और अब 19 फरवरी 2026 को भी कंपनी ने ताज़ा अपडेट साझा किया है।
हालांकि NCLT और CCI दोनों से मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन स्कीम तब प्रभावी मानी जाएगी जब सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी हो जाएंगी और आदेश औपचारिक रूप से लागू होंगे।
कुल मिलाकर, रेडियो मिर्ची की पैरेंट कंपनी के स्तर पर यह एक बड़ा कॉर्पोरेट पुनर्गठन है, जिससे टाइम्स ग्रुप अपने अलग-अलग कारोबार को और ज्यादा व्यवस्थित और फोकस्ड तरीके से संचालित करना चाहता है।
टैग्स